Editorial Review: चैत्र मास के आगमन के साथ ही भारतीय जीवन में आस्था और साधना का एक विशेष काल आरंभ होता है। इसी समय मनाए जाने वाले चैत्र नवरात्र देवी शक्ति की उपासना के साथ आत्मअनुशासन और नये संकल्पों का पर्व हैं। इन दिनों में साधक उपवास, पूजा और ध्यान के माध्यम से अपने भीतर की शक्ति को जागृत करने का प्रयास करता है। चैत्र नवरात्र की विशेषता यह भी है कि यह नववर्ष के आरंभ का संकेत देता है, इसलिए इसे नई शुरुआत और सकारात्मक परिवर्तन का समय माना जाता है। प्रकृति के साथ-साथ मनुष्य के जीवन में भी यह काल नई ऊर्जा और आशा का संदेश लेकर आता है।
इसी भाव को ध्यान में रखते हुए इस बार पाठकों के लिए तीर्थ और धाम से जुड़ी अनेक रोचक तथा ज्ञानवर्धक सामग्री प्रस्तुत की गई है। भारत की पवित्र स्थली केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं है, बल्कि
हमारी संस्कृति, इतिहास और जीवन मूल्यों की अमूल्य धरोहर भी हैं। इसके साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, त्रेता युग की मर्यादाओं और राम राज्य की परिकल्पना को समझने के लिए विशेष
लेख दिए गए हैं। इन लेखों के माध्यम से पाठक यह जान सकेंगे कि राम राज्य केवल एक आदर्श कल्पना नहीं, बल्कि समाज में न्याय, संतुलन और नैतिकता की स्थापना का मार्ग भी है। राम कथा और राम नवमी से जुड़े प्रसंग हमें कर्तव्य, धैर्य और मर्यादा का महत्व सिखाते हैं।
अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है और इसके साथ स्वास्थ्य से जुड़ी कई चुनौतियाँ सामने आती हैं। शरीर में थकान, जल की कमी और दिनचर्या में असंतुलन जैसी समस्याएँ अक्सर देखने को मिलती हैं। ऐसे समय में योग और संतुलित जीवनशैली अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रखा जा सकता है। इसी विषय पर भी उपयोगी लेख प्रस्तुत किए गए हैं, जिनके माध्यम से पाठक गर्मी के मौसम में आने वाली कठिनाइयों से बचने के सरल उपाय जान सकेंगे। आस्था, ज्ञान और स्वास्थ्य से जुड़े विविध विषयों से सुसज्जित यह सामग्री पाठकों को प्रेरणा और नई दृष्टि देने का एक प्रयास है। आशा है, यह प्रस्तुति आपके चिंतन को समृद्ध करेगी और जीवन में साधना तथा संतुलन का भाव जागृत करेगी।
धन्यवाद।
आपका…
नरेन्द्र कुमार वर्मा
nk@dpb.in
