‘मेरी और मेरे पति की तो नौकरी जितनी छोटी है, कमाई उससे भी छोटी है। क्या खर्चें, क्या जोड़ें…’ प्रिया पैसे जोड़ने के सुझाव पर कुछ ऐसी ही बात कह देती हैं। उनकी बातों में कम कमाई और छोटी नौकरी का अफसोस साफ दिखता है। लेकिन उनका अफसोस बेकार है क्योंकि छोटी नौकरी में भी निवेश का पूरा स्कोप होता है। अगर ऐसा न होता तो लोग कभी अपनी आर्थिक स्थिति ठीक कर ही ना पाते। ना जाने कितने उदाहरण हैं, जो फर्श से अर्श तक पहुंचें। उनकी आर्थिक स्थिति समय के साथ अच्छी हुई तो कैसे…बस मेहनत और छोटे-छोटे निवेश के साथ। आप भी ऐसा ही कर सकती हैं। कम कमाई के साथ बड़े निवेश की ओर बढ़ना इतना भी कठिन नहीं है। इसके लिए कुछ छोटे टिप्स आजमा कर बेहतर आर्थिक स्थिति पाने की कोशिश की जा सकती है। कौन से हैं ये टिप्स, आइए जानें-
100-100 रुपए-
गुल्लक वाला फंडा बचत के मामले में काफी काम आता है। इसमें नियम से पैसे डाल कर एक समय एक बाद बड़ी रकम तैयार की जा सकती है। आप गुल्लक न सही तो अलमारी के लॉकर में ही रोजाना नियम से पैसे डालना शुरू कीजिए। याद रखिए, ये नियम टूटे न। रोज या हफ्ते में एक बार 100 रुपए ही सही लेकिन कहीं ना कहीं बिना नागा जमा करते रहने का फायदा आपको जरूर मिलेगा। पर ये जगह कोई ऐसी जगह होनी चाहिएम जहां आप पैसे निकालें न। इसको आप बच्चे की गुल्लक में डालेंगी तो शायद आप ये पैसे कभी नहीं निकालेंगी। तब तक तो बिलकुल नहीं जब तक इनकी बहुत जरूरत न हो। आप 100 रुपए नहीं तो बहुत छोटी रकम 10 रुपए से भी शुरू कर सकती हैं। कुछ न कुछ जुड़ेगा जरूर। 
स्टॉक मार्केट है विकल्प-
स्टॉक मार्केट को रिस्क वाला विकल्प मानते हुए अक्सर लोग इसमें निवेश करने से बचते हैं। जबकि स्टॉक मार्केट हमेशा घाटे का सौदा बिलकुल नहीं होता। आप चाहें तो बहुत कम कीमत वाले शेयर खरीदें। अब ये संभव है। कम कीमत स्टॉक मार्केट में निवेश करें और सही समय पर फायदा उठाएं। 
म्यूचुअल फंड भी हैं-
म्यूचुअल फंड एक ऐसा निवेश का विकल्प बना है, जो हर महीने के सीमित निवेश के साथ आपको बड़ी रकम दे सकता है। इसमें हर महीने 500 रुपए निवेश कीजिए या 5000। इसमें भी बाजार के उतार-चढ़ाव के हिसाब से फायदा या नुकसान होता है। 
सोना कितना सोना है-
हां, सोना खरीदना आसान नहीं है लेकिन थोड़े-थोड़े पैसे जोड़ कर कुछ भी थोड़ा सा खरीद लेना आपके निवेश का मकसद जरूर पूरा करेगा। इसके लिए हर महीने ख़रीदारी नहीं करनी है लेकिन हर साल कम से कम 10000 रुपए अलग से जोड़ने होंगे। ताकि छोटी सी ही कोई ज्वेलरी हो लेकिन खरीदी जा सके। 
डाक घर-
डाक घर में भी निवेश की कई स्कीमें चलती हैं लेकिन बैंकों के आधुनिकिकरण के बाद इस ओर लोगों का ध्यान कम ही जाता है। मगर थोड़ा ध्यान दें तो समझ आएगा कि डाक घर में भी निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं, वो भी मामूली रकम के साथ।