Woolen Clothes Care: सर्दियों में सबसे बड़ा काम होता है ऊनी कपड़ों का रखरखाव और देखभाल। ऊनी कपड़े सूती कपड़ों की अपेक्षाकृत महंगे और अधिक संवेदनशील होते हैं। कई बार गर्म पानी से धोने और सही ढंग से धुलाई न होने के कारण कपड़े सिकुड़े और बदबूदार हो जाते हैं। वहीं लिंट भी कपड़ों की चमक को फीका कर देता है। ऐसे में ऊनी कपड़ों को विशेष केयर की आवश्यकता होती ताकि आने वाले वर्षों में भी वह आपका साथ बखूभी निभा पाएं। ऊनी कपड़ों की नाजुकता के कारण इन्हें धोना मुश्किल होता है। इसलिए अधिकांश लोग वूलन कपड़ों को घर पर धोने की बजाय इन्हें ड्राई क्लीन कराना बेहतर मानते हैं। हालांकि ऊनी कपड़ों को ड्राई क्लीन कराना काफी महंगा हो सकता है। तो क्यों न घर पर ही इनकी केयर की जाए जिसमें ये स्टेप बाई स्टेप गाइड आपकी मदद कर सकती हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
सबसे पहला स्टेप: धुलाई

कपड़ों को सालों साल नया और चमकदार बनाए रखने के लिए जरूरी है उनकी सही ढंग से धुलाई। कपड़े यदि सही ढंग से धोए जाएं तो उनकी उम्र बढ़ाई जा सकती है। ऊनी कपड़ों को धोने के लिए ठंडे या गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। अधिक गर्म पानी से धोने से कपड़ा सिकुड़ सकता है। साथ ही कपड़े का रंग भी फीका पड़ सकता है। ऊनी कपड़ों को माइल्ड डिटर्जेंट से धोना अधिक सुरक्षित माना जाता है। मार्केट में कई तरह के वूलन डिटर्जेंट उपलब्ध है आप अपनी सुविधानुसार उनका चुनाव कर सकते हैं। ऊनी कपड़ों को लगभग 30 मिनट तक गुनगुने पानी में भिगो कर रखें फिर हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें।
दूसरा स्टेप: सुखाना
ऊनी कपड़ों को सुखाने की भी टेकनीक होती है। इसे सही ढंग से सुखाना महत्वपूर्ण होता है ताकि सिकुड़न और बदबू से बचाया जा सके। ऊनी कपड़ों को सीधे धूप में न सुखाएं। कपड़ों को अच्छी तरह से निचोड़कर सपाट सतह पर रखें। ऊनी कपड़े धोने के बाद भारी हो जाते हैं इसलिए उन्हें लटका कर न सुखाएं। इससे उसका आकार बदल सकता है। ऊनी कपड़ों को कमरे के तापमान पर सुखाएं ताकि उनकी चमक बनाए रखने में मदद मिल सके।
तीसरा स्टेप: आयरन
ऊनी कपड़ों को आयरन करने का पहला नियम है कि उन्हें हैवी लोहे की प्रेस से आयरन कभी न करें। ऊन एक प्रोटीन फाइबर है जो अधिक गर्मी के कारण जल और पिघल सकता है। ऊनी कपड़ों को आयरन करने के लिए स्टीम आयरन का प्रयोग करें। स्टीम आयरन करने से कपड़ों को सीधे गर्मी से बचाया जा सकता है और कपड़ा जलने की संभावना भी कम हो जाएगी। कपड़े को हमेशा उल्टी तरफ से आयरन करें। हो सके तो कपड़े को हीट से बचाने के लिए उसपर सूती कपड़ा बिछाएं फिर आयरन करें।
चौथा स्टेप: स्टोर करना

ऊनी कपड़ों को सावधानी से स्टोर किया जाना चाहिए ताकि नुकसान से बचाया जा सके। कपड़ों को यदि सही ढंग से न रखा जाए तो उनमें कीड़े लग सकते हैं या बदबू आ सकती है। इसलिए ऊनी कपड़ों को हमेशा साफ, सूखी, ठंडी और अंधेरी जगह पर रखें। कपड़ों को सुरक्षित रखने के लिए मोथबॉल या नीम की पत्तियां रखें। इन्हें आप कंटेनर या गारमेंट बैग में भी रख सकते हैं। ऊनी कपड़ों को लटका कर न रखें ताकि उनका शेप खराब न हो जाए।
इन बातों का भी रखें ध्यान
– ऊनी कपड़ों की जेब में अधिक सामान न रखें इससे उसका शेप खराब हो सकता है।
– कपड़ों को पहनने के बाद हमेशा खुली हवा में टांग दें।
– कपड़े के ऊपर जमी गंदगी को साफ कपड़े या ब्रश की सहायता से साफ करें।
– साल में एक बार कपड़ों को ड्राई क्लीन जरूर कराएं।
