अगर आपके दिन की शुरूआत भी अगर चाय से या कॉफी के साथ होती है तो आपको कप या प्याले की जरूरत भी होती है। प्याले एक नहीं अनेक तरह के होते हैं। सबकी अपनी-अपनी पंसद होती है और यही पसंद आपके हाव-भाव और मनोवृत्ति को कुछ इस प्रकार जाहिर करती है-

मिट्टी का कुल्हड़ पसंद करने वाले

अगर आप चाय पीने के लिए मिट्टी के कुल्हड़ को पंसद करते हैं तो आप बहुत सरल इंसान हैं जिसको अपनी सभ्यता-संस्कृति से बहुत ज्यादा लगाव है जो शहरीकरण होने के बाद भी गांवों की शुद्ध पारम्परिक जीवन शैली को ही पंसद करता है। ऐसे लोग छोटे-छोटे सपने लेकर आगे चलते हैं और उनको धीरे-धीरे पूरी ईमानदारी के साथ पूरा करने में यकीन करते हैं। इनके विचारो में शुद्धता होती है। ये खानदानी होते हैं और उनके पूर्वजों का समाज में एक सम्माननीय रुतबा होता है जिसको ये अपने व्यवहार से निरंतर आगे बढ़ाते हैं।

सफेद प्याले पंसद करने वाले

ये लोग स्वभाव से सरल होते हैं। यानि सादा जीवन उच्च विचार इनका मूलमंत्र होता है। ये शुद्ध मन व सात्विक विचारों के होते हैं और महत्वाकांक्षी होते हैं। परंतु सही रास्ते से ही लक्ष्य प्राप्त करते हैं इनका जीवन पवित्र होता है ये छल कपट से दूर रहते हैं। किसी को दुख देने की सोचते भी नहीं। इनका जीवन अद्भुत शांति लिए होता है। ये हर कार्य को योजना बनाकर करते हैं और अपना काम अधिकतर समय पर पूरा करते हैं। इनका अपने मन पर काबू होता है। ये नियमानुसार चलते हैं और सबका मन जीत लेते हैं। 

रंगीन प्याले पंसद करने वाले

रंगीन प्याले में चाय पीने वाले लोग जो लाल-पीले-नीले-हरे रंग के प्यालों में चाय पीना पंसद करते हैं उनमें आत्मविश्वास बहुत ज्यादा होता है, स्वभाव बहुत रंगीला- रोमांटिक होता है इनकी सोच काफी सकारात्मक होती है। ये कल की चिन्ता नहीं करते बल्कि आज में जीते हैं। इनको अपने पर बहुत ज्यादा यकीन होता है, ये समाज में सदैव ऊंचा स्थान पाते हैं और समाज के लिए कुछ ऐसा करते हैं कि अमर हो जाते हैं। दिखावा न करना इनकी आदत होती है। ये किसी के लिए कुछ करने के बाद उसको ये एहसास तक नहीं कराते की इन्होंने उसके लिए कुछ किया है, तभी इनको प्रसिद्धि के साथ लोगों की दुआएं भी मिलती है।

गहरे रंग के प्याले को पंसद करने वाले

गहरे रंग के प्यालों में चाय पीना पंसद करने वाले लोग खुले विचारों के होते हैं। अपने जीवन को अपनी शर्त पर अपने हिसाब से जीते हैं। ये अपने जीवन साथी के प्रति वफादार नहीं होते हैं। इनका चरित्र कई बार काफी निम्न स्तर का भी होता है। इनके पास धन बहुत ज्यादा होता है साथ ही वे इसे नैतिक व अनैतिक दोनो रूपों से बढ़ाना भी जानते हैं।

लकीरों या चैक के डिजाइन के प्याले को पंसद करने वाले

जो लोग ऐसे प्यालों में चाय पीते हैं वे साहसी और भाग्यशाली होते हैं। अपने बलबूते पर हर कार्य पूरा करते हैं ऐसे लोग समाज में एक विशिष्ट स्थान पाते हैं। खुद तो हमेशा खुश रहते ही हैं साथ ही दूसरों को भी खुश रखते हैं।

कार्टून प्रिन्ट वाले प्याले पंसद करने वाले

जो लोग ऐसे मगों में चाय पीना पंसद करते हैं वे बहुत ही हंसमुख स्वभाव के, भोले भोले और लगभग बच्चों जैसे प्यारे होते हैं। परिवार के प्रति पूर्ण ईमानदार, खुशमिजाज होते हैं। ये अपने बच्चों पर तन-मन से धन लगाते हैं। ये हर वक्त बच्चों के साथ घिरे रहना पंसद करते हैं, उनके साथ खेलना-कूदना पंसद करते हैं।

स्टील के प्याले को पसंद करने वाले

जो लोग चाय पीने के लिए स्टील के प्याले पसंद करते हैं वे दिल से तो मजबूत होते हैं, इनके इरादे भी मजबूत होते हैं परंतु धन के मामले में भाग्यहीन होते हैं। पैसा या तो इनके पास होता ही नहीं या फिर बहुत कम होता है। साथ ही इनकी बचत न के बराबर होती है। कई बार ऐसे लोगों का व्यक्तित्व पूरी तरह प्रभावहीन होता है। जीवन संघर्ष से भरा होता है, इनका आत्मविश्वास कम-ज्यादा होता रहता है। कई बार ये वहमी भी हो जाते हैं।

स्लोगन वाले प्याले पंसद करने वाले

जो लोग ऐसे प्यालों में चाय पीते हैं वे सिद्धांतवादी होते हैं। इनमें अकड़ भी बहुत ज्यादा पायी जाती है। ये अपनी अकड़ व सिद्धांतों के बल पर ही हर काम करना व उसमें सफल होना चाहते हैं जिसमें कई बार ये सफल होते हैं तो कई बार असफल भी हो जाते हैं।

कांच के प्याले पंसद करने वाले

ये लोग स्वभाव से पारदर्शी होते हैं और सबके प्रिय होते हैं। ऐसे लोग जो कहते हैं वही करते भी हैं। हर कार्य को बहुत ही सफाई के साथ पूरा करते हैं। लड़ाई-झगड़ों से खुद को अलग रखते हैं। सुख हो या दु:ख हर परिस्थिति में खुद को प्रसन्न व संतुष्ट’ रखते हैं। मन से बहुत शान्त होते हैं।

अलग-अलग आकार के प्याले पसंद करने वाले

ये लोग स्वभाव से मनमौजी, अल्हड़, और बचकानी हरकतें करने वाले होते हैं। ये अपने जीवन को कभी एक सा नहीं रखते इनका मन चंचल होता है इसलिए इनके विचार हर पल बदलते रहते हैं। इसलिए इनको कई बार जीवन में अपने स्वभाव के कारण असफलता का सामना करना पड़ता है।

फूल पत्ती वाले डिजाइन के प्याले पंसद करने वाले

इस तरह के प्यालों को पसंद करने वाले लोग नेतृत्व करने की क्षमता जन्म से लेकर आते हैं। इसलिए ऐसे लोग उच्च शिक्षित व ऊंचे पदों पर पाए जाते हैं। ये खुशनुमा स्वभाव के होते हैं धन प्रचुर मात्रा में होता है, इन पर लक्ष्मी के साथ सरस्वती की भी असीम कृपा होती है और भाग्यशाली होते हैं। परिवार के साथ खुद को अधिक प्रसन्न रहते हैं। ईमानदारी, रचनात्मकता, भावुकता के साथ समझदारी, दृढ़ता जैसे गुण इनमें होते हैं।   हर कार्य समय पर पूरा करते हैं।

तो देखा आपने कि एक चाय का प्याला किसी इंसान के बारे में कितना कुछ बता सकता है, इसीलिए अगली बार आप किसी को भी जानना या समझना चाहते हों तो उसके प्याले पर गौर जरूर करें।

यह भी पढ़ें –क्या है पारिजात के पौधे का इतिहास, क्यों है ये इतना खास