मुझे चिपचिपे डैंड्रफ की समस्या है। मैंने कई एंटी डैंड्रफ शैंपू इस्तेमाल किए परंतु सब बेकार। कई लोगों ने कपूर और बादाम के तेल की मालिश को अच्छा बतलाया परंतु समस्या जस की तस बनी हुई है। डैंड्रफ के साथ इचिंग भी होती है। कृपया समाधान बताएं?
नीरू, पीतमपुरा (नई दिल्ली)
डैंड्रफ की समस्या ड्राई और ऑयली दोनों किस्म के बालों में होती है। इसको यदि समय रहते कंट्रोल न किया जाए तो इसके झडऩे से त्वचा में इंफेक्श्न फैलने का डर रहता है। साथ ही बालों की जड़ें भी कमजोर हो जाती हैं, जिसकी वजह से हेयर फॉल की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसलिए इसे समय रहते रोकना बेहद आवश्यक है। इसके लिए सप्ताह में कम से कम तीन बार बालों में शैंपू करें। बाल धोने के लिए बहुत ज्यादा गर्म पानी की बजाय गुनगुने पानी का प्रयोग करें। इसके इंफेक्शन से बचने के लिए आप अपनी कंघी, तौलिया व तकिये को अलग रखें और इनकी सफाई का भी खासतौर पर ख्याल रखें। जब भी बाल धोएं, तो ये तीनों चीजें किसी अच्छे एंटीसेप्टिक के घोल में आधा घंटा डुबोकर रखें और धूप में सुखा कर ही दोबारा इस्तेमाल करें। रूसी ऑयली बाल होने के कारण है तो एक चम्मच त्रिफला पाउडर को एक गिलास पानी में डालकर कुछ देर के लिए उबाल लें। ठंडा हो जाने पर इसे छान लें और फिर दो बड़े चम्मच सिरके में मिक्स कर लें और रात में इस टॉनिक से सिर की मसाज कर लें। सुबह किसी अच्छे शैंपू से बाल धो लें। इन सब विधियों के बावजूद यदि आपकी समस्या का हल न हो तो किसी अच्छे कॉस्मेटिक क्लीनिक में जाकर ओजोन ट्रीटमेंट या बायोप्ट्रोन की सिटिंग ले सकतीं हैं। इससे डैंड्रफ तो कंट्रोल होगा ही, साथ ही डैंड्रफ की वजह से हो रहे हेयर फॉल पर भी नियंत्रण होगा।
वैक्सिंग कराने के बाद मेरे हाथ-पैरों पर बहुत जल्दी बाल आ जाते हैं। वैक्सिंग के बाद दाने भी हो जाते हैं। ब्यूटीशियन ने मुझे कटोरी वैक्सिंग कराने की सलाह दी है। क्या मुझे कटोरी वैक्सिंग करानी चाहिए, क्या इसके रिजल्ट वाकई अच्छे होंगे? कृपया कटोरी वैक्सिंग के बारे में सही जानकारी व उचित सलाह दें?
अमिता गुप्ता, भोपाल (म.प्र.)
इस बार आप जब भी वैक्सिंग करवाएं, इस बात का ख्याल रखें कि पार्लर में साफ-सफाई का ख्याल रखा जाता हो और डिस्पोजेबल स्ट्रिप्स का इस्तेमाल हो। इसके साथ ही स्किन को क्लीन करके व प्री-वैक्सिंग जैल लगाकर वैक्सिंग की जाए। वैक्सिंग के बाद ऑफ्टर वैक्सिंग जैल लगाया जाए। कई बार लोग वैक्सिंग से एलर्जिक भी होते हैं। इस समस्या से बचने के लिए आप पर्मानेंट हेयर रिमूवल भी करवा सकती हैं। ये सबसे सुरक्षित और आसान विधि है। इसमें निशान रहने का डर भी नहीं रहता और न ही कोई तकलीफ होती है।
मेरे बाल दोमुंहे हो गए हैं। कंघी करने पर बहुत टूटते हैं। कृपया मेरी समस्या को हल करें। मुझे अपने बालों को घना व शाइनी बनाने के लिए क्या करना चाहिए?मेरे सिर में चिपचिपी डैंड्रफ भी है। कृपया इसका भी इलाज बताएं?
अंशुला अग्रवाल, (हरियाणा)
आपके बालों को उचित पोषण की जरूरत है। बालों को ज्यादा स्ट्रांग केमिकल युक्त शैंपू से न धोएं। हर बार बाल धोने के बाद कंडीशनर जरूर लगाएं। अपने बालों के लिए क्रीम युक्त शैम्पू का प्रयोग कीजिए। शैम्पू हमेशा पानी में घोलकर लगाना चाहिए क्योंकि शैम्पू सीधे बालों में लगाने से बाल कमजोर हो जाते हैं। शैंपू के बाद क्रीमी कंडीशनर लगाने से बाल रेशमी और चमकदार बनेंगे। इसके अलावा ऑलिव ऑयल व ऑलमण्ड ऑयल को मिक्स करके बालों की मालिश कीजिए। खाने में प्रोटीन, विटामिन ए, ई, सी की मात्रा बढ़ाएं। रूसी की समस्या से बचने के लिए कद्दूकस करके सेब का रस निकाल लें। रूई के फाहे से उसे बालों की जड़ों में लगाएं, सूख जाने पर बालों को धो दें।
मैं नौकरीपेशा महिला हूं। काम के सिलसिले में मुझे धूप में भी बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में मेरी पीठ पर चकत्ते पड़ जाते हैं और बाहें काली हो जाती हैं। मैं समय-समय पर ब्लीच भी कराती रहती हूं परंतु कुछ फर्क नहीं पड़ता। क्या करूं?
रुचिका जैन, इलाहाबाद (उ.प्र.)
चिलचिलाती धूप और पसीने की चिपचिप हम सभी के रंग को प्रभावित कर देती है। आप जब भी धूप में बाहर निकलें अपनी बॉडी के खुले भागों पर एसपीएफ और पी.ए युक्त सनस्क्रीन लगाएं। इसके अलावा आप किसी कॉस्मेटिक क्लीनिक से एंटी-टैन या फिर स्किन पॉलिशिंग ट्रीटमेंट ले सकती हैं। ये टैनिंग को रिमूव करके स्किन पर पॉलिश यानि चमक लाता है। घरेलू उपाय के तौर पर संतरे के सूखे छिलके, सूखी गुलाब व नीम की पत्तियां सभी समान मात्रा में लें और सबको दरदरा पीस लें। अब इस एक चम्मच पाउडर में एक चम्मच कैलेमाइन पाउडर, आधा चम्मच चंदन पाउडर और खीरे का रस मिलाकर कर पेस्ट बना लें और रोजाना अपनी बांहों व पीठ पर इससे स्क्रब करें।
