आंखें हमें ईश्वर से मिला बहुमूल्य उपहार है। हम अपनी आंखों की मदद से न केवल इस खूबसूरत दुनिया को देख सकते हैं, बल्कि यह हमारी सुंदरता भी बढ़ाती हैं। ऐसे में हमारे लिए अपनी आंखों का खयाल रखना और भी जरूरी हो जाता है। अंडर आईबैग आमतौर पर अत्यधिक थकान और सुस्ती के कारण हो जाते है। इसके अलावा, मानसिक तनाव, अत्यधिक काम, अनुवांशिक कारण, पोषण की कमी, पानी की मात्रा का कम होना, उम्र का बढऩा, एलर्जी, धूम्रपान या फिर नींद का पूरा ना होना भी इसके प्रमुख कारण होते हैं। हम यहां आपको इस समस्या से बचने के लिए कुछ घरेलू उपचार बता रहे हैं।
1. दूध
आंखों के नीचे की सूजन को कम करने के लिए दूध को सबसे बेहतर उपाय माना जाता है। इसके लिए बर्फ जमाने वाली ट्रे में दूध डालकर उसे छोटे-छोटे क्यूब्स में जमा लें और फिर उस क्यूब्स को किसी कपड़े में लपेटकर उनसे आंखों को सेकें। इससे न केवल आंखों के नीचे की सूजन कम होगी, बल्कि आंखों की थकान भी दूर होगी। इसके अलावा, आप एक चम्मच कॉफी पाउडर में दो चम्मच कच्चा दूध मिलाकर पेस्ट बना लें और इस लेप को आंखों के नीचे लगाकर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर धो लें। आपको खुद फर्क महसूस होगा और आंखों के नीचे की सूजन कम होने लगेगी। आप चाहें तो, रुई के फाहे को ठंडे दूध में डुबोकर उसे भी आंखों पर लगा सकते हैं। इससे आपको बहुत आराम मिलेगा।
2. विटामिन-ई
विटामिन-ई युक्त तेल लगाएं। ठंडे पानी में विटामिन-ई युक्त तेल की कुछ बूंदें डालें और इस तेल में भीगी हुई रुई को करीब 20 मिनट तक अपनी बंद आंखों के ऊपर रखें। सूजन में आराम मिलेगा।
3. खीरा
खीरा आंखों के लिए बहुत अच्छा होता है। एक खीरा लें और उसके पतले टुकड़े बना लें। अब इन्हें 25 मिनट तक अपनी आंखों के ऊपर रखें। यह आंखों को ठंडक पहुंचाने का सबसे कारगर उपाय है। यह आंखों के नीचे की सूजन ही नहीं, बल्कि काले घेरों को भी दूर कर देगा।

4. ठंडी चम्मच का जादू
आइस क्यूब में ठंडी की गई चम्मच को आंखों पर रखें जिससे आंख पूरी ढक जाये। इस प्रक्रिया को दोनों आंखों पर चम्मच की ठंडक खत्म होने और सूजन समाप्त होने तक दोहरायें। चम्मच को फ्रीजर में करीब एक घंटे तक रखकर भी प्रयोग किया जा सकता है।
5. अंडे की सफेदी
अंडे के सफेद भाग को एक ब्रश की सहायता से अपनी आंखों के आस-पास लगाएं। करीब 20 मिनट बाद साफ पानी से धो लें। यह नुस्खा अंडर आई बैग्स को कम करके त्वचा में कसाव लाने में बहुत कारगर है।
6. ठंडे टी बैग
दो टी-बैग्स को पानी में भिगोकर फ्रिज में रख दें। दो या तीन मिनट बाद उसे फ्रिज से निकालकर 20-25 मिनट तक आंखों पर रखें और इसके बाद चेहरे को पानी से धो लें।
इनके अलावा, संतुलित भोजन, खूब सारा पानी पीना व पर्याप्त नींद लेना भी इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकता है। और यदि समस्या बहुत बढ़ जाए तो किसी अच्छे त्वचा विशेषज्ञ को दिखाने में संकोच न करें।
ये भी पढ़ें-
