Dhurandhar 2 breaks records in paid previews beats Border 2
Dhurandhar 2 breaks records in paid previews beats Border 2

Overview: धुरंधर 2 ने पेड प्रिव्यू में तोड़े रिकॉर्ड, बॉर्डर 2 की भी बजा दी बैंड

'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने रिलीज के पहले ही दिन यानी 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। इसकी कमाई ने रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं.

Dhurandhar 2 Breaks Records in Paid Previews: रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर वो कर दिखाया है जिसकी उम्मीद ट्रेड एनालिस्ट्स को भी नहीं थी। ‘धुरंधर 2: द रिवेंज‘ ने रिलीज के पहले ही दिन यानी 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। बुधवार शाम 5 बजे से रखे गए पेड प्रिव्यू शोज के कलेक्शन ने पूरी इंडस्ट्री को चौंका दिया है।

इस सीक्वल ने अपने पहले भाग ‘धुरंधर’ की ओपनिंग डे की कमाई (28 करोड़ रुपये) को महज कुछ ही घंटों के प्रिव्यू शोज में नेस्तनाबूद कर दिया है। यह फिल्म आधुनिक सिनेमाई इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्मों में शुमार होने की राह पर है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का जलवा

आदित्य धर की इस फिल्म को भारतीय सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर माना जा रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने प्रीमियर शोज के जरिए ही करीब 44 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। इसमें एडवांस बुकिंग और ब्लॉक सीटें भी शामिल हैं। अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें, तो यह आंकड़ा 52.71 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है। विशेष रूप से हिंदी बेल्ट में फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला, जहां अकेले हिंदी वर्जन से 40.42 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई है।

बदले और देशभक्ति का संगम

फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है जहां पहला भाग खत्म हुआ था। रहमान डकैत को ठिकाने लगाने के बाद हमजा अब लयारी की सत्ता पर काबिज हो चुका है। हालांकि, इस बार कहानी सिर्फ वर्तमान की नहीं है। फिल्म दर्शकों को जसकीरत सिंह रांगी के अतीत में ले जाती है, जिससे यह साफ होता है कि पाकिस्तान आने से पहले उसने क्या दर्द सहा था। इस बार हमजा के निशाने पर मेजर इकबाल के साथ-साथ जाली नोटों के सौदागर ‘खनानी ब्रदर्स’ और एक रहस्यमयी किरदार ‘बड़े साहब’ भी हैं। ‘रॉ’ और ‘आईबी’ के इस मिशन में देशभक्ति, सस्पेंस और एक्शन का ऐसा तड़का लगाया गया है कि दर्शक अपनी सीटों से चिपकने को मजबूर हैं।

टूटे कई बड़े रिकॉर्ड्स

‘धुरंधर 2’ ने अपनी रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस फिल्म के पेड प्रिव्यू ने इस साल की ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर 2’ के ओपनिंग डे कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, इसने साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ के 21 करोड़ रुपये के पेड प्रिव्यू रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है। फिल्म को पूरे भारत में 5 भाषाओं में रिलीज किया गया है। बुधवार शाम को जहां 12,292 प्रीमियर शोज रखे गए थे, वहीं गुरुवार से यह फिल्म देश भर में 20 हजार से अधिक शोज के साथ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है।

ओपनिंग डे और त्योहारों का फायदा

ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि ‘धुरंधर 2’ अपने पहले दिन भारत में 60 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन कर सकती है। वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के पार जाने की संभावना है। फिल्म को त्योहारों की छुट्टियों का भी जबरदस्त फायदा मिलने वाला है। 19 मार्च को महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा की छुट्टी थी और अगले दो दिनों में ईद का मौका है। ऐसे में माना जा रहा है कि थिएटरों में दर्शकों का हुजूम उमड़ेगा और यह फिल्म कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Subscribe GL

मेरा नाम निक्की कुमारी है। मैं पिछले 2 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मैंने अब तक कई बड़े मीडिया हाउस के साथ फ्रीलांसर के तौर पर काम किया है। मैंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। मुझे...