Overview: धुरंधर 2 ने पहले ही दिन तोड़ दिए रिकॉर्ड, जवान को दिखाया ठेंगा
फिल्म 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में दस्तक देते ही एक महागाथा बन चुकी है। फिल्म ने पहले ही दिन कमाई के सारे रिकॉर्ड ब्रेक कर दिए हैं।
Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 1: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2‘ सिनेमाघरों में दस्तक देते ही एक महागाथा बन चुकी है। यह फिल्म न केवल अपने पहले भाग की कहानी को आगे बढ़ाती है, बल्कि उसे और अधिक धारदार और इमोशनली गहरा बनाती है। करीब 3 घंटे 43 मिनट और 6 सेकंड की यह लंबी फिल्म दर्शकों को एक पल के लिए भी अपनी सीट से हिलने का मौका नहीं देती।
हालांकि, कहानी की शुरुआत धीमी लग सकती है, लेकिन सेकंड हाफ में फिल्म अपने असली मिजाज में आती है और दर्शकों को रोमांच के चरम पर ले जाती है। फिल्म ने पहले ही दिन कमाई के सारे रिकॉर्ड ब्रेक कर दिए हैं। आइए देखें, धुरंधर 2 का पहले दिन का कलेक्शन कितना है?
बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का ऐतिहासिक धमाका
फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपने पेड प्रिव्यू के जरिए बॉक्स ऑफिस पर हलचल पैदा कर दी थी। ओपनिंग डे यानी गुरुवार को फिल्म की कमाई में 138.5% का जबरदस्त उछाल देखा गया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, जहां पेड प्रिव्यू के 12,292 शोज थे, वहीं ओपनिंग डे पर शोज की संख्या बढ़कर 21,728 हो गई। इस फिल्म ने अपने पहले दिन भारत में ₹102.55 करोड़ का नेट कलेक्शन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दो दिनों की कुल कमाई अब ₹145.55 करोड़ (नेट) तक पहुंच गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म ₹172.63 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।
ग्लोबल मार्केट में भी लहराया परचम
‘धुरंधर 2’ का जादू सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो विदेशों में फिल्म ने लगभग ₹64 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली है। इसके साथ ही दुनिया भर में फिल्म का कुल कलेक्शन ₹236 करोड़ के आसपास पहुंच गया है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
हालांकि यह ‘बाहुबली 2’, ‘RRR’ और ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ के ओपनिंग रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे रही, लेकिन इसने शाहरुख खान की ‘जवान’ (₹75 करोड़) और ‘पठान’ (₹57 करोड़) जैसी सुपरहिट फिल्मों को पहले ही दिन धूल चटा दी है। साथ ही इसने प्रभास की ‘सालार’ (₹90.70 करोड़) को भी पछाड़ दिया है।
एडवांस बुकिंग में रचे नए इतिहास
फिल्म की सफलता का अंदाजा इसकी ऐतिहासिक एडवांस बुकिंग से लगाया जा सकता है। पहले वीकेंड के लिए दुनिया भर में प्री-सेल्स का आंकड़ा ₹300 करोड़ के करीब पहुंच गया है। भारत में ओपनिंग वीकेंड की प्री-सेल्स से ₹160 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन हुआ है। वहीं नॉर्थ अमेरिका जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी मांग के चलते इंटरनैशनल प्री-सेल्स ₹100 करोड़ को पार कर गई है। कुल मिलाकर ₹260 करोड़ से अधिक की ग्लोबल प्री-सेल्स किसी भी भारतीय फिल्म के लिए एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड है।
रोंगटे खड़े कर देने वाले सीक्वेंस
एक्टिंग के मोर्चे पर रणवीर सिंह एक ‘घायल शेर’ की तरह नजर आए हैं, जो अपने शिकार पर घात लगाकर हमला करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उनके साथ राकेश बेदी और सारा अर्जुन ने भी एक्टिंग की वह महारत दिखाई है कि दर्शक दंग रह गए हैं।
फिल्म में हाई-ऑक्टेन एक्शन, हिंसा और दिमाग घुमा देने वाले ट्विस्ट का ऐसा तालमेल है कि आपकी कल्पनाएं भी छोटी पड़ जाएंगी। फिल्म की कहानी में पाकिस्तान के गैंगवॉर से लेकर भारत के भीतर नोटबंदी और विवादित ढांचे जैसे संवेदनशील विषयों को बड़ी ही चतुराई से बुना गया है।

