Overview: होली की शाम घर आएगी सकारात्मकता, इस स्थानों पर जलाएं दीपक
होली पर मुख्य द्वार, मंदिर, तुलसी और रसोई में दीपक जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है।
Holi 2026 Upay: रंगों का पावन पर्व होली सिर्फ, रंग, उत्साह और उमंग का त्योहार ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस साल देशभर में बुधवार 4 मार्च 2026 को होली या धुलंडी मनाई जाएगी। होली के दिन लोग पूजा-पाठ आदि करते हैं। लेकिन इस दिन संध्याकाल में कुछ स्थानों पर दीपक जलाना अत्यंत शुभ और सकारात्मक माना जाता है।
ज्योतिष और धर्म में दीपक का महत्व

ज्योतिष मान्यता के अनुसार, दीपक अग्नि तत्व का प्रतीक है और अग्नि तत्व नकारात्मक ऊर्जा को नष्ट करता है। होली का पर्व भी अग्नि और रंगों का उत्सव है। इस दिन दीप प्रज्वलित करने से सूर्य और मंगल जैसे अग्नि तत्व के ग्रह मजबूत होते हैं। इससे साहस, आत्मविश्वास और ऊर्जा में वृद्धि होती है। हिंदू परंपरा में दीपक जलाना शुभता, प्रकाश और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। मान्यता है कि होली के दिन विशेष स्थानों पर दीप प्रज्वलित करने से घर में सुख-समृद्धि आती है, नकारात्मकता दूर होती है।
होली की शाम यहां जलाएं दीपक

मुख्य द्वार पर- होली की शाम में घर के मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाएं। वास्तु मान्यता है कि इससे नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं करती और माता लक्ष्मी का आगमन होता है। दीपक को दाईं ओर रखें और प्रार्थना करें कि घर में सुख-शांति बनी रहे।
पूजा घर में- पूजाघर के मंदिर में शुद्ध घी का दीपक जलाना अत्यंत शुभ माना गया है। भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी या अपने इष्ट देव के सामने दीप प्रज्वलित करें। इससे घर में आध्यात्मिक वातावरण बनता है और परिवार में प्रेम व सौहार्द बढ़ता है।
तुलसी के पास- होली की शाम घर में स्थित तुलसी पौधे के पास घी का दीपक अवश्य जलाएं। तुलसी को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। मान्यता है कि होली के दिन तुलसी के पास दीप जलाने से आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
रसोईघर में- रसोई को घर का अन्नपूर्णा स्थान कहा जाता है। होली के दिन रसोईघर में एक छोटा सा दीपक जलाने से अन्न-धन की कभी कमी नहीं होती। यह उपाय विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी माना जाता है जो आर्थिक स्थिरता चाहते हैं।
पीपल वृक्ष या मंदिर में दीपदान- संभव हो तो होली के दिन किसी मंदिर या पीपल के वृक्ष के नीचे दीपदान करें। शास्त्रों के अनुसार इससे पितृ दोष शांत होता है और जीवन की बाधाएं कम होती हैं। दीपदान से पुण्य की प्राप्ति होती है और ग्रहों की अशुभता में कमी आती है।
घर के आंगन या बालकनी में- होली की रात घर के आंगन या बालकनी में दीपक जलाना सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करता है। यह उपाय घर के वातावरण को शुद्ध और शांत बनाता है। विशेषकर यदि पिछले कुछ समय से घर में तनाव या कलह का माहौल हो, तो यह उपाय लाभकारी माना गया है।
इन बातों का ध्यान
- दीपक जलाने से पहले स्थान की सफाई अवश्य करें।
- दीपक में रूई की बाती का उपयोग करें।
- दीपक जलाते समय सकारात्मक सोच और प्रार्थना रखें।
- दीप बुझने न बुझे, इसलिए इसे सुरक्षित स्थान पर ही रखें।

