Summary: उदित नारायण पर पहली पत्नी का गंभीर आरोप, 1996 में बिना सहमति सर्जरी कराने की शिकायत
उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना झा ने सुपौल महिला थाने में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि 1996 में उनकी जानकारी के बिना उनका गर्भाशय निकलवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि गायक की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Udit Narayan and Ranjana Jha: मशहूर प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला बेहद गंभीर आरोपों से जुड़ा है। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने बिहार के सुपौल जिले में महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि साल 1996 में उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय (Uterus) निकलवा दिया गया। रंजना का कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।
क्या हैं रंजना के आरोप?
रंजना झा ने अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि उदित नारायण और उनके दो भाइयो, संजय कुमार झा और ललित नारायण झा ने उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक निजी अस्पताल ले जाया था। वहां उनका ऑपरेशन कराया गया, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि गर्भाशय निकाला जा रहा है।
रंजना का दावा है कि उन्हें हाल ही में अपनी बीमारी के इलाज के दौरान इस बात की जानकारी मिली। उनका कहना है कि ऑपरेशन के समय उदित नारायण की दूसरी पत्नी दीप नारायण भी अस्पताल में मौजूद थीं और सभी ने मिलकर यह सर्जरी करवाई।
शादी और रिश्ते की पृष्ठभूमि
रंजना के अनुसार, उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाजों से उदित नारायण के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद उदित मुंबई चले गए, जहां उन्होंने हिंदी फिल्मों में गायकी के जरिए करियर बनाया। रंजना का कहना है कि बाद में उन्हें पता चला कि उदित ने दीप नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली है। जब उन्होंने इस बारे में सवाल किया तो उदित ने इनकार कर दिया।
घर से निकाले जाने का आरोप
रंजना ने यह भी बताया कि 2006 में वे मुंबई पहुंचीं, लेकिन उन्हें उदित और दीप ने घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद वे नेपाल के सप्तरी जिले में स्थित अपने ससुराल गईं, जहां उन्हें अपमानित कर वापस भेज दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही हैं। उनका कहना है कि इस दौरान उन्हें पत्नी का सम्मान या आर्थिक सहयोग नहीं मिला।
पहले भी चल रहा है कानूनी मामला
रंजना द्वारा उदित की दूसरी शादी को लेकर सुपौल की फैमिली कोर्ट में पहले से एक मामला चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य महिला आयोग में भी उन्होंने शिकायत की थी। वहां उदित नारायण ने एक लिखित समझौता पत्र दिया था, जिसमें उन्होंने रंजना को अपनी पत्नी स्वीकार किया था और साथ रखने की बात कही थी।
हालांकि, रंजना का आरोप है कि यह वादा कभी निभाया नहीं गया। उनका कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति अब खराब हो चुकी है, खासकर हाल की बीमारी के कारण।
पुलिस क्या कह रही है?
सुपौल महिला थाने की प्रभारी अनु तिवारी ने बताया कि मामला करीब 30 साल पुराना है। पुलिस शिकायत को स्वीकार कर चुकी है और जांच शुरू की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
न्याय की मांग
मीडिया से बात करते हुए रंजना ने कहा कि वह न्याय के लिए लड़ाई जारी रखेंगी। उनका आरोप है कि उदित नारायण ने कई वादे किए, लेकिन उन्हें कभी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब वह पुलिस के सहारे न्याय चाहती हैं। यह मामला सामने आने के बाद चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उदित नारायण की ओर से अब तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
