Amitabh Bachchan gave Aditya Kumar a hug after he won ₹1 crore
Amitabh Bachchan gave Aditya Kumar a hug after he won ₹1 crore

Summary: केबीसी के पहले करोड़पति आदित्य कुमार के संघर्ष का सफर

‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ ने अपना पहला करोड़पति पा लिया है। उत्तराखंड के आदित्य कुमार ने ₹1 करोड़ जीतकर इतिहास रच दिया। CISF में डिप्टी कमांडेंट पद पर कार्यरत आदित्य ने अपने कठिन संघर्ष और शिक्षा के महत्व को शो पर शेयर किया।

KBC Season 17 First Crorepati: टीवी का सबसे चर्चित क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति(KBC) हर सीजन में लाखों दर्शकों को न केवल ज्ञान और मनोरंजन प्रदान करता है, बल्कि यह मंच कई ऐसे प्रतिभागियों की कहानियां भी सामने लाता है, जो संघर्ष और मेहनत की मिसाल बन जाते हैं। इस बार, KBC सीजन 17 ने अपना पहला करोड़पति पा लिया है। और इनका नाम आदित्य कुमार है, जो उत्तराखंड के रहने वाले हैं। 

आदित्य कुमार का सफर आसान नहीं रहा। मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी आदित्य वर्तमान में गुजरात के एक थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत हैं। वह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डिप्टी कमांडेंट हैं और अपने अनुशासन, समर्पण और मेहनत से आज यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने नेशनल सिक्योरिटी एग्जाम में पूरे भारत में छठवां स्थान हासिल किया था, जो अपने आप में उनकी लगन और प्रतिभा का परिचायक है।

आदित्य ने शो के दौरान अपनी तैयारी के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा को वह अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। इसी वजह से उन्होंने एक साल तक खुद को दोस्तों से दूर रखते हुए, एक छोटे से कमरे में रहकर केवल पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा – अगर मैंने उस समय त्याग और धैर्य नहीं दिखाया होता, तो शायद आज मैं इस मंच तक नहीं पहुंच पाता।” 

जब महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने अंदाज में यह घोषणा की कि आदित्य ने 1 करोड़ रुपये का सवाल सही दिया है, तो पूरा मंच तालियों से गूंज उठा। खुशी के इस पल में उन्होंने अमिताभ को गले लगाया और बार-बार यही कहा कि यह उनके लिए अविश्वसनीय है। शो के दौरान आदित्य के माता-पिता भी मौजूद थे। बेटे की इस कामयाबी को देख उनकी आंखों में गर्व और खुशी छलक पड़ी। उन्होंने मंच पर आकर आदित्य को गले लगाया और जोरदार उत्साह से तालियां बजाईं। अमिताभ बच्चन भी आदित्य की मेहनत और समर्पण से प्रभावित हुए। 

प्रोमो में यह भी दिखाया गया कि आदित्य ने करोड़पति बनने के बाद हॉट सीट पर वापसी की और 7 करोड़ रुपये के सवाल की ओर बढ़े। भले ही अभी यह खुलासा नहीं हुआ है कि उन्होंने इस सवाल का जवाब दिया या नहीं, लेकिन दर्शकों के बीच उत्सुकता चरम पर है। सोशल मीडिया पर भी आदित्य कुमार की मेहनत और उपलब्धि को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

‘कौन बनेगा करोड़पति’ सिर्फ एक गेम शो नहीं है, बल्कि यह मंच उन लोगों के लिए एक उम्मीद है, जो शिक्षा और ज्ञान के दम पर अपनी जिंदगी बदलने का सपना देखते हैं। आदित्य कुमार की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां भी हमें रोक नहीं सकतीं, अगर हमारे भीतर आगे बढ़ने का जुनून और निरंतरता हो।

KBC सीजन 17 की शुरुआत 11 अगस्त को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और SonyLiv पर हुई थी। यह शो हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होता है। इस बार भी अमिताभ बच्चन अपने करिश्माई अंदाज और दिलचस्प बातचीत से दर्शकों के बीच शो को खास बना रहे हैं।

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...