अब अमिताभ हफ्ते में सलमान से एक करोड़ ज्यादा कमा रहे
अमिताभ बच्चन की साप्ताहिक कमाई अब पच्चीस करोड़ रुपए पहुंच चुकी है, सलमान फिलहाल 24 करोड़ पर हैं...
KBC 17 New Format: अमिताभ बच्चन जल्द ही अपने हिट क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 17वें सीजन के साथ वापस आ रहे हैं। बॉलीवुड के मेगास्टार ने 2000 में इस शो की शुरुआत की। वे तब से ही इसके होस्ट रहे हैं, सिर्फ तीसरे सीजन में शाहरुख खान ने इसे होस्ट किया था। अब इस 17वें सीजन में बिग बी भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले टीवी शो होस्ट भी बन गए हैं। जबरदस्त चर्चा है कि अमिताभ बच्चन, केबीसी 17 के लिए प्रति एपिसोड 5 करोड़ रुपए चार्ज कर रहे हैं। चूंकि यह शो हफ्ते में पांच दिन प्रसारित होता है, इसका मतलब है कि उनकी साप्ताहिक कमाई 25 करोड़ रुपए तक पहुंच जाती है।
इसके साथ ही अमिताभ बच्चन ने सलमान खान को पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले टीवी होस्ट का खिताब अपने नाम कर लिया है। सलमान खान के बारे में कहा जाता है कि वो बिग बॉस ओटीटी 2 के वीकेंड का वार एपिसोड के लिए प्रति एपिसोड 12 करोड़ रुपए लेते थे, जिससे उनकी हफ्ते की कमाई लगभग 24 करोड़ रुपए होती थी। हालांकि, यह ध्यान देने योग्य है कि सलमान खान, बिग बॉस के लिए हफ्ते में केवल दो दिन शूट करते हैं।
सोनी टीवी ने 4 अप्रैल को अमिताभ बच्चन के साथ एक प्रोमो वीडियो के जरिए कौन बनेगा करोड़पति 17 की घोषणा की थी। इस प्रोमो में अमिताभ बच्चन पेट दर्द वाले मरीज का किरदार निभाते नजर आए, जिसमें शो की वापसी की ओर इशारा किया गया। उन्होंने बताया कि केबीसी 17 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं और फैंस को सोनी लिव ऐप, एसएमएस या आईवीआर कॉल के जरिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सलमान के आने की अफवाह
इस साल मई में बॉलीवुड हंगामा ने रिपोर्ट किया था कि अमिताभ बच्चन “पर्सनल कारणों” से केबीसी छोड़ रहे हैं। उस पोर्टल ने दावा किया था कि सलमान खान शो के मेकर्स के साथ एडवांस बातचीत कर रहे हैं और सीजन 17 से बिग बी की जगह होस्ट बनेंगे। खबर में कहा गया था कि “सोनी पर ट्यून करने के लिए तैयार हो जाइए क्योंकि सलमान खान भारत के सबसे बड़े और लोकप्रिय क्विज शो को होस्ट कर सकते हैं क्योंकि अमिताभ बच्चन पर्सनल कारणों से केबीसी से पीछे हट रहे हैं”। एंटरटेनमेंट पोर्टल ने अपने सूत्र के हवाले से कहा था। हालांकि, यह रिपोर्ट गलत साबित हुई। अब यह तय है कि ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ का प्रीमियर 11 अगस्त 2025 को होगा।
लगातार बदला है शो का फॉर्मेट
बीते 16 सीजन में केबीसी का फॉर्मेट कई दफा बदल चुका है। सवाल-जवाब का सिलसिला और चार ऑप्शन तो हमेशा रहते हैं लेकिन नियम बदल जाते हैं, प्रेजेंटेशन बदल जाता है और केवल एक दफा होस्ट बदला। पिछले कुछ सीजन से देखा जा रहा है कि शो में हिस्सा लेने वालों की कहानी पर निर्माताओं का जोर कम हो गया है। गेम पर अधिक फोकस होता था। अब देखना है कि इस नए सीजन में क्या यही पैटर्न बना रहता है या मानवीय भावनाओं को जगाने के लिए पार्टिसिपेंट की कहानी को गहराई से फिर लाया जाता है!
