Overview: बारिश में महाराष्ट्र के ये 6 डेस्टिनेशन पर जरूर जाएं
महाराष्ट्र में कई ऐसी खूबसूरत जगह हैं जो अपनी हरियाली, झरनों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध हैं, जो मानसून में स्वर्ग सा नजारा पेश करती हैं।
Maharashtra Hidden Destination: मानसून की पहली बूंदों के साथ ही महाराष्ट्र एक हरे-भरे स्वर्ग में बदल जाता है, जहां प्रकृति अपना जादू बिखेरती है। झरनों की गूंज, कोहरे से ढके पहाड़ और हरियाली से भरे दृश्य इस मौसम में महाराष्ट्र को और भी आकर्षक बनाते हैं। महाष्ट्र में ऐसे कई हिडन डेस्टिनेशन हैं जो बारिश के मौसम में बेहद खास और खूबसूरत लगते हैं जिसके बारे में कम ही लोग जानते होंगे। यदि आप भी मानसून में हिमाचल और उत्तराखंड नहीं जाना चाहते तो महाराष्ट्र की इन जगहों का प्लान बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं महाराष्ट्र के खूबसूरत नजारों के बारे में।
माथेरान

रायगढ़ जिले में स्थित माथेरान एक छोटा सा हिल स्टेशन है, जो मानसून में पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। इको पॉइंट, लौसा पॉइंट और शार्लोट झील यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। इको पॉइंट पर खड़े होकर आप अपने साथी का नाम पुकार सकते हैं। ये पहाड़ आपकी आवाज को इको के साथ पेश करते हैं। माथेरान की खूबसूरत हरियाली और शांत वातावरण आपको तनावमुक्त करने में मदद कर सकती हैं।
मालशेज घाट
पश्चिमी घाटी में बसा मालशेज घाट प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर लवर्स के लिए एक आदर्श स्थान है। मानसून में यहां की हरियाली, झरने और कोहरे से ढकी घाटियां इसे स्वर्ग सा बनाती हैं। घुमावदार पहाड़ी रास्तों पर ड्राइव करें और रास्ते में रुककर मनोरम दृश्यों का आनंद लिया जा सकता है। हरीशचंद्रगढ़ किला और पिंपलगांव जोगा बांध यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।
महाबलेश्वर
सह्याद्री पर्वत श्रृंखला में बसा महाबलेश्वर मानसून में अपनी खूबसूरती के चरम पर होता है। स्ट्रॉबेरी के बागानों, शांत वेणा झील और कोहरे से ढके पहाड़ों के बीच यह हिल स्टेशन सुकून देता है। आर्थर सीट, विल्सन पॉइंट और लिंगमाला झरना यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। यहां की ठंडी हवा और हरियाली आपको शहर की भागदौड़ से दूर ले जाएगी, और आप प्रकृति की गोद में खो जाएंगे।
भंडारदरा

पश्चिमी घाटों के बीहड़ इलाकों में छिपा भंडारदरा मानसून में एक अनमोल रत्न की तरह चमकता है। रंधा झरना, शांत आर्थर झील और रतनगढ़ किला यहां की खासियत हैं। यदि आप प्रकृति प्रेमी हो, फोटोग्राफी के शौकीन हो या शांति की तलाश में हो, भंडारदरा हर किसी का दिल जीत लेता है। मानसून में यहां की हरियाली और झरनों की गूंज आपको एक अलग ही दुनिया में ले जाएगी।
लोनावाला और खंडाला
महाराष्ट्र की यात्रा लोनावाला और खंडाला के बिना अधूरी है। मुंबई और पुणे से कुछ ही दूरी पर बसे ये हिल स्टेशन अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध हैं। मानसून में यहां के झरने, घने जंगल और कोहरे से ढकी घाटियां जादुई माहौल बनाती हैं। टाइगर पॉइंट, भुशी बांध और राजमाची किला यहां घूमने के प्रमुख स्थल हैं। चाहे आप रोमांटिक छुट्टियां बिताना चाहें या परिवार के साथ आनंद, ये जगहें हर किसी के लिए खास हैं।
लवासा
सह्याद्री पर्वतों में बसा लवासा एक आधुनिक हिल स्टेशन है, जो प्राकृतिक सौंदर्य और शहरी सुविधाओं का अनोखा मिश्रण है। मानसून में दासवे झील के आसपास की हरियाली और झरने इसे और भी खूबसूरत बनाते हैं। यहां की सैर, बोटिंग और आउटडोर गतिविधियां आपको रोमांचित करेंगी। कैफे, दुकानें और आर्ट गैलरी से सजी गलियां इस जगह को और आकर्षक बनाती हैं।
