Overview: नॉर्मल पानी पीने से अच्छा है इन्फ्यूज्ड वॉटर पीएं
अक्षय कुमार की सेब, खीरा और पुदीने से बनी इन्फ्यूज्ड वॉटर रेसिपी सेहत के लिए फायदेमंद है। यह ड्रिंक पाचन और स्किन हेल्थ को बढ़ावा देती है।
Infused Water Recipe: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी को अपनी सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। जिम, एक्सरसाइज और डाइट करना न केवल आपके शरीर को फिट और हेल्दी बनाती है बल्कि बीमारियों से भी दूर रखती है। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार, जो अपनी फिटनेस के लिए मशहूर हैं, वह न केवल जिम में मेहनत करते हैं बल्कि अपनी डाइट पर भी खास ध्यान देते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय को इन्फ्यूज्ड वॉटर पीते देखा गया। जब उनसे इस ड्रिंक के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया, “यह इन्फ्यूज्ड वॉटर है जो शरीर को हल्का और हाइड्रेटेड रखता है। आखिर इन्फ्यूज्ड वॉटर क्या होता है और इसका सेवन कैसे करना चाहिए चलिए जानते हैं।
क्या है इन्फ्यूज्ड वॉटर

इन्फ्यूज्ड वॉटर, जिसे डिटॉक्स वॉटर भी कहते हैं, इसे सामान्य पानी में फल, सब्जियां या जड़ी-बूटियां डालकर बनाया जाता है। यह न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर होता है। अक्षय कुमार की रेसिपी के अनुसार इसमें सेब, खीरा और पुदीना शामिल होता है, जो सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद है। यह ड्रिंक शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ पाचन, त्वचा और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है।
इन्फ्यूज्ड वॉटर के फायदे
– इन्फ्यूज्ड वॉटर में एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लामेट्री प्रॉपर्टी होती हैं जो वजन घटाने में मदद करती हैं।
– नियमित रूप से इन्फ्यूज्ड वॉटर पीने से कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम किया जा सकता है।
– इसके अलावा ये पानी कार्डियोवस्कुलर बीमारियों के खतरे को भी कम करता है।
– यह ड्रिंक विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है, पाचन को बेहतर बनाता है और भोजन के बाद होने वाली ब्लोटिंग या असुविधा को कम करता है।
पुदीने के फायदे
पुदीना पाचन तंत्र को शांत करने में मदद करता है। इसमें मौजूद मेंथॉल पाचन तंत्र की मांसपेशियों को आराम देता है, जिससे पेट में ऐंठन और असुविधा कम होती है। इसके अलावा, पुदीने में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो हानिकारक आंत बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं। यह पानी को ताज़ा स्वाद देता है और पीने में आनंद बढ़ाता है।
खीरे के फायदे

खीरा इन्फ्यूज्ड वॉटर एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है। खीरे में विटामिन सी, विटामिन के और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं। यह पाचन को बेहतर बनाता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और त्वचा को स्वस्थ रखता है। खीरा पानी को हल्का और ताज़ा बनाता है, जो गर्मियों में खासतौर पर फायदेमंद है।
सेब के फायदे
सेब इन्फ्यूज्ड वॉटर मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है और वजन कम करने में मदद करता है। सेब में कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है, जो भूख को नियंत्रित करता है। इसके प्राकृतिक फाइबर और एंजाइम्स पाचन को सुचारू बनाते हैं और ब्लोटिंग को रोकते हैं। सेब पानी को स्वादिष्ट बनाता है, जिससे इसे पीना आसान और सुखद हो जाता है।
कैसे बनाएं इन्फ्यूज्ड वॉटर
इन्फ्यूज्ड वॉटर बनाना बेहद आसान है। ताज़े सेब के टुकड़े, खीरे की स्लाइस और पुदीने की पत्तियां लें। इन्हें एक जग में पानी के साथ मिलाएं और फ्रिज में कुछ घंटों के लिए छोड़ दें ताकि स्वाद अच्छी तरह मिल जाए। हैवी मील के बाद इस ताज़ा पेय का एक गिलास पीने से पाचन संबंधी असुविधा कम होती है। इसे दिनभर में 3-4 लीटर तक पिया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
डिटॉक्स का मुख्य काम लिवर और किडनी करते हैं, इसलिए केवल इन्फ्यूज्ड वॉटर पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। संतुलित आहार और पर्याप्त पानी पीना डिटॉक्स के लिए जरूरी है। इन्फ्यूज्ड वॉटर बिना अतिरिक्त कैलोरी के पोषक तत्व और स्वाद जोड़ता है, जिससे रोजाना की पानी की मात्रा को पूरा करना आसान हो जाता है।
