Relationship Advice: कहा जाता है कि प्यार अंधा होता है वह रीति-रिवाज और उम्र को पाबंदियों को नहीं मानता। यही वजह है कि आजकल लड़कियां हम उम्र के अलावा छोटे उम्र के लड़कों को भी शादी के लिए बेझिझक पसंद कर रही हैं। कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां भी कम उम्र के लड़कों से शादी कर खुशहाल जीवन बिता रही हैं। लेकिन कई बार सोच और एक्सपीरियंस के चलते महिलाओं को छोटे उम्र के पार्टनर के साथ तालमेल बैठाने में परेशानी आ सकती है। ऐसे में रिश्ते में खटास आने की संभावना बढ़ जाती है। यदि आप भी कम उम्र के पति के साथ बराबरी का रिश्ता कायम करना चाहते हैं तो आपको इन बातों का ध्यान रखना होगा।
उम्र के अंतर को भूल जाएं

अपने से छोटे उम्र के लड़के को लाइफपार्टनर बनाना आसान काम नहीं है। कई महिलाएं छोटे उम्र के लड़कों से शादी तो कर लेती हैं लेकिन रिश्ते को लेकर असुरक्षा की भावना से ग्रसित रहती हैं। ऐसे करने से न केवल उनका रिश्ता प्रभावित होता है बल्कि दूरियां भी आ सकती हैं। इसलिए उम्र के अंतर को भूलकर पार्टनर की खूबियों और उसके व्यक्तित्व को स्वीकारें। उम्र केवल नंबर होते हैं जो आपके रिश्ते को प्रभावित नहीं कर सकते।
मां नहीं बीवी बनें
माना कि अनुभवी पार्टनर के रूप में महिलाएं अधिक धैर्यवान हो सकती हैं वहीं इसके विपरीत पार्टनर अधिक गलतियां कर सकता है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप पार्टनर की देखभाल उसकी मां की तरह करें। यदि पार्टनर गलती करता है तो उसे एक पत्नी की तरह समझाएं। इसके अलावा उसकी गलतियों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ने की कोशिश करें। उम्र के साथ पार्टनर अपनी जिम्मेदारियों को जरूर समझने लगेगा।
बॉस बनने की न करें भूल
आपका पति भले ही उम्र में आपसे छोटा है लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि आप उन्हें आदेश दें, उन्हें नीचा दिखाएं और उसपर नियंत्रण रखें। पति की गलतियां को नजरअंदाज कर गले लगाएं या विनम्रता से बात करें। घर पर पति का बॉस बनने की कोशिश न करें। पति के कामों में रुकावट न डालें बल्कि समर्थन करें। इससे आपका रिश्ता मजबूत होगा और लंबे समय तक टिका रहेगा।
पति की आदतों से सीखें

हो सकता है कि आप की आदतें आपके पार्टनर से अलग हों लेकिन यदि आप अपने रिश्ते को खुशहाल बनाना चाहते हैं तो उसकी छोटी-छोटी आदतों को अपनाने की कोशिश करें। पार्टनर भले ही उम्र में छोटा है लेकिन उसकी अच्छी आदतों की सराहना कर उसे अपनाया जा सकता है। साथ ही पति को याद दिलाएं कि आप उनसे क्या सीख रहे हैं और रिश्ते को निभाने के लिए क्या-क्या बदलाव कर रहे हैं।
हर बात करें शेयर
रिश्तों में दरार तब आती है जब पार्टनर्स एक-दूसरे से चीजें छुपाने लगते हैं। कई महिलाएं पति से बातें छुपाने लगती हैं। इससे न केवल आपके रिश्ते में खटास आने लगती है बल्कि दूरियां और शक भी पनपने लगता है। पति भले ही उम्र में छोटा हो लेकिन वह आपको सही एडवाइज दे सकता है। इसलिए पति से हर बार शेयर करें। कम्यूनिकेशन से चीजों को सुलझाने में मदद मिल सकती है।
