आज के इस डिजिटल युग में सबकुछ ऑनलाइन अवेलेबल है। आज के समय में बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर हैं। जहां पर वो अपनी डेली अपडेट्स से लेकर रिलेशनशिप अपडेट्स शेयर करते रहते हैं। अधिकतर कपल्स ऑनलाइन खुश ही दिखते हैं। उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि मानो वे दोनों एक-दूसरे के लिए ही बने हों। लेकिन सोशल मीडिया की दुनिया एक दिखावे की दुनिया है और यहां पर दिखाई देने वाली हर चीज सच नहीं होती है, फिर चाहे वह रिश्ते ही क्यों ना हो।
अमूमन यह देखने में आता है कि सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के प्यार में पागल नजर आने वाले अधिकतर कपल्स के बीच काफी दूरियां आ चुकी होती हैं और इसके पीछे एक मुख्य वजह सोशल मीडिया ही होता है। जी हां, सोशल मीडिया आज के समय में अधिक कपल्स के बीच दूरियों की वजह बन रहा है। तो चलिए आज इस लेख में हम इसके कारणों व उपायों के बारे में बात कर रहे हैं-
बढ़ती है इनसिक्योरिटी

सोशल मीडिया अधिकतर कपल्स को उनके रिलेशनशिप में इनसिक्योरिटी का अहसास करवाता है। दरअसल, हर कोई आज के समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवेलेबल है। इतना ही नहीं, लोग सोशल मीडिया पर एक-दूसरे से कनेक्टेड हैं। ऐसे में जब कोई व्यक्ति किसी की पोस्ट पर लाइक या कमेंट करता है तो इससे उसके पार्टनर के मन में अक्सर एक इनसिक्योरिटी आ जाती है। जिसकी वजह से कहीं ना कहीं रिश्ते खराब होते हैं।
क्या करें- अगर आपके रिलेशन में भी ऐसी ही कोई सिचुएशन क्रिएट हो रही है तो ऐसे में खुद परेशान होने की जगह अपने पार्टनर से बात करें और उनके साथ अपने विचार साझा करें। साथ ही साथ, उनका प्वॉइंट ऑफ व्यू भी समझने की कोशिश करें। ओपन कम्युनिकेशन के जरिए इस तरह की समस्या से निपटा जा सकता है।
समय ना दे पाना
सोशल मीडिया आज के समय में लोगों का बहुत अधिक टाइम लेने लगा है। जब लोग एक बार सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करना शुरू करते हैं तो कब घंटों निकल जाते हैं, उन्हें भी इसका पता नहीं चलता। यहां तक कि अधिकतर कपल्स बेडरूम में भी अपने-अपने फोन में बिजी होते हैं, जिससे कहीं ना कहीं उनका रिश्ता कमजोर होने लगता है। इतना ही नहीं, कपल्स के मन में एक असंतोष की भावना भी पैदा होती है, जिससे आपसी झगड़े व तनाव भी बढ़ने लगता है।
पार्टनर को मदहोश करने के लिए 5 टिप्स: Partner Seduce Tips
क्या करें- इस स्थिति से निपटने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप अपने रिलेशन में नो सोशल मीडिया रूल अपनाएं। मसलन, आप कुछ वक्त ऐसा रखें, जब आप दोनों ही अपने फोन व सोशल मीडिया से दूरी बनाएं। यह वक्त सिर्फ और सिर्फ आप दोनों के लिए ही होना चाहिए। इससे आप कम वक्त में भी एक-दूसरे को पूरा समय दे पाएंगे और आपके बीच की दूरियां नजदीकियों में बदल जाएंगी।
प्राइवेसी में खलल

आज के समय में सोशल मीडिया ने लोगों की प्राइवेसी में भी दखल देना शुरू कर दिया है। दरअसल, लोग लाइक्स व कमेंट के लिए अपनी जिंदगी व रिलेशन के बारे में ज़रूरत से ज़्यादा ही शेयर करने लग जाते हैं। लेकिन अपनी सबसे अंतरंग जानकारी से लेकर पर्सनल चीजों पर बात करने से रिश्ते में तनाव काफी बढ़ सकता है। यहां तक कि इससे आपकी सोशल लाइफ पर भी बुरा असर पड़ता है।
क्या करें- सोशल मीडिया के लिए कुछ सीमाएं तय करें। आप दोनों को ही यह पता होना चाहिए कि सोशल मीडिया पर आपको अपनी लाइफ के बारे में क्या और कितना शेयर करना है। साथ ही साथ, पर्सनल लाइफ से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से पहले एक बार अपने पार्टनर से बात अवश्य करें, जिससे बाद में किसी तरह का तनाव पैदा ना हो।
इमोशनली डिस्कनेक्ट होना
जो कपल्स अपना अधिकतर समय फोन या सोशल मीडिया पर बिताते हैं, वे जल्द ही अपने पार्टनर से इमोशनली डिस्कनेक्ट होने लगते हैं। इसकी सबसे मुख्य वजह यह होती है कि वे अपने पार्टनर से कम्युनिकेशन करना या फिर उसके साथ समय बिताना लगभग बंद कर देते हैं। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया की आभासी दुनिया आपके सामने एक अलग तरह की चकाचौंध लेकर आती है कि उसकी वजह से रिश्ते कहीं ना कहीं धूमिल होते दिखाई देते हैं।
क्या करें- अपने पार्टनर से इमोशनल कनेक्शन बनाए रखने के लिए थोड़े अतिरिक्त प्रयास करें। मसलन, आप अपने पार्टनर के साथ डेट नाइट्स प्लान करें या फिर उनके साथ किसी तरह की एडवेंचर्स व रोमाटिंक एक्टिविटी प्लान करें। इस तरह छोटी-छोटी एक्टिविटी कपल्स को इमोशनल कनेक्टेड रखने में मदद करती हैं।
अपने रिश्ते की तुलना करना

सोशल मीडिया की वजह से रिश्तों में दूरी आने की यह एक मुख्य वजह है। अमूमन जब लोग सोशल मीडिया पर वक्त बिताते हैं तो वे दूसरे कपल्स को भी देखते हैं। कई कपल्स सोशल मीडिया पर बहुत अधिक रोमांटिक नजर आते हैं या फिर वे एक लग्जरिश लाइफ जीते हुए फोटोज पोस्ट करते हैं। ऐसे में व्यक्ति को लगने लगता है कि वे अपने पार्टनर के साथ इस तरह की लाइफ नहीं जी सकते। जब लोग अपने रिश्ते की तुलना दूसरों के साथ करने लगते हैं, तो इससे उनके मन में एक नाराजगी व असंतोष पैदा होता है।
क्या करें- सबसे पहले तो आपको यह समझने की जरूरत है कि हर व्यक्ति अलग होता है, इसलिए उसका रिश्ता भी अलग होता है। साथ ही साथ, सोशल मीडिया एक आभासी दुनिया है। यहां पर लोग खुद को व अपने रिश्ते को जैसा दिखाने की कोशिश करते हैं, वे वास्तव में वैसे नहीं होते। इसलिए, अगर आपको अपने पार्टनर से किसी तरह की नाराजगी व शिकायत है तो ऐसे में उसे मन में दबाए रखने और गुस्सा करने की जगह प्यार से बैठकर बात करें। इससे आप कोई बीच का रास्ता निकाल पाएंगे।
