One Pot Meal Ideas: छुट्टी का दिन हो तो कुकिंग करने का मन ही नहीं करता। इस दिन रोटी-सब्जी, दाल-चावल बनाना काफी बोरियतभरा हो सकता है। ऐसे में हम किसी वन पॉट मील को बनाना व खाना पसंद करते हैं। एक ऐसी डिश है, जो बहुत कम मेहनत में भी बन जाए और यह खाने में भी काफी टेस्टी हो। अक्सर यह देखने में आता है कि जब भी वन पॉट मील की बात होती है तो हम सभी के दिमाग में सबसे पहले पुलाव बनाने का ख्याल ही आता है।
यकीनन छुट्टी के दिन पुलाव बनाना एक अच्छा आइडिया है। लेकिन अगर आप चाहें तो इसके अलावा भी कई बेहतरीन डिशेज को ट्राई कर सकते हैं। जी हां, आप चाहे वेजिटेरियन हों या फिर नॉन-वेजिटेरियन, ये वन पॉट मील आपके रिलैक्सिंग डे को और भी ज्यादा कंफर्टेबल बनाती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही वन पॉट मील के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप भी छुट्टी के दिन अपने घर पर आसानी से बनाकर एन्जॉय कर सकते हैं-
Also read: वेजिटेरियन डाइट लेते हुए भूल से भी ना करें ये 7 गलतियां: Vegetarian Diet Tips
मसाला खिचड़ी

खिचड़ी खाना अक्सर लोगों को काफी बोरिंग लगता है। लेकिन अगर आप खिचड़ी को एक टेस्टी तरीके से एन्जॉय करना चाहते हैं तो मसाला खिचड़ी बनाकर खा सकते हैं। इसमें कई तरह की सब्जियों व मसालों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे इसका स्वाद बेमिसाल आता है।
आवश्यक सामग्री-
1 कप चावल
1/2 कप मूंग दाल (पीली दाल)
1 कप मिक्स सब्जियां (गाजर, मटर, बीन्स)
1 प्याज, कटा हुआ
1 टमाटर, कटा हुआ
1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 चम्मच जीरा
1/2 चम्मच सरसों के बीज
1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच तेल या घी
4 कप पानी
मसाला खिचड़ी बनाने का तरीका-
चावल और दाल को धोकर अलग रख दें।
प्रेशर कुकर में तेल या घी गरम करें। जीरा और सरसों के बीज डालें और उन्हें चटकने दें।
प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें, फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और 1-2 मिनट तक पकाएं।
टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं।
अब इसमें हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें।
मिक्स सब्जियां, चावल, दाल, नमक और पानी डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिला लें।
ढककर मध्यम आंच पर 3-4 सीटी आने तक पकाएं। भाप को अपने आप निकलने दें।
गरमागरम परोसें, ऊपर से ताजा धनिया डालें।
आप इसे दही या अचार के साथ खा सकते हैं।
सांबर चावल

छुट्टी के दिन अगर आपने एक रिलैक्सिंग वन पॉट मील बनाने के बारे में सोचा हैं तो सांबर चावल से बेस्ट ही आपको कोई ऑप्शन मिले। यह एक साउथ इंडियन डिश है, जिसमें चावल, दाल, सब्ज़ियां और मसाले मिलकर एक स्वादिष्ट, चटपटा सांबर बनता है।
आवश्यक सामग्री-
1 कप चावल
1/2 कप तूर दाल
1/2 कप मिक्स सब्ज़ियां (गाजर, सहजन, बीन्स और बैंगन)
1 छोटा टमाटर, कटा हुआ
1 चम्मच इमली का पेस्ट
1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
2 चम्मच सांबर पाउडर
स्वादानुसार नमक
1 चम्मच तेल
1/2 चम्मच सरसों के दाने
एक चुटकी हींग
करी पत्ता
आवश्यकतानुसार पानी
सांबर चावल बनाने का तरीका-
चावल और तूर दाल को धो लें और एक तरफ रख दें।
अब एक प्रेशर कुकर में चावल, दाल, हल्दी, कटी हुई सब्ज़ियां, टमाटर और लगभग पांच कप पानी डालें।
इसे 4-5 सीटी आने तक पकाएं।
एक छोटे पैन में तेल गरम करें। सरसों के दाने, हींग और करी पत्ता डालें।
पके हुए चावल और दाल के मिश्रण में सांबर पाउडर और इमली का पेस्ट डालें। स्वादानुसार नमक डालें।
तड़का सांबर चावल पर डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
कटा हुआ हरा धनिया डालकर गार्निश करें और अचार और पापड़ के साथ परोसें।
यकीन मानिए, यह डिश आपके छुट्टी के दिन को और भी बेहतर बना देगी।
दही चावल
यह भी एक साउथ इंडियन डिश है, जिसका स्वाद लाजवाब होता है। इसे दही, चावल व तड़के की मदद से तैयार किया जाता है।
आवश्यक सामग्री-
1 कप चावल
1 1/2 कप सादा दही
स्वादानुसार नमक
1 छोटा चम्मच तेल
1/2 छोटा चम्मच सरसों के बीज
1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
करी पत्ता
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ धनिया पत्ता
गार्निश के लिए 1/2 कद्दूकस की हुई गाजर और अनार के बीज
दही चावल बनाने का तरीका-
सबसे पहले चावल को नरम होने तक पकाएं।
अब आप इसे कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें।
अब एक बाउल में ठंडे चावल को दही और नमक के साथ मिक्स करें।
अब आप एक छोटे पैन में तेल गरम करें और उसमें सरसों के बीज, करी पत्ता और हरी मिर्च डालकर उन्हें चटकने दें।
दही चावल पर तड़का डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
अंत में आप इसे कद्दूकस की हुई गाजर और अनार के बीज से गार्निश करें। ठंडा या कमरे के तापमान पर परोसें।
पालक खिचड़ी

पालक खिचड़ी खाने में जितनी टेस्टी होती है, उतनी ही पौष्टिक भी होती है। अगर आप छुट्टी के दिन अपने स्वाद से किसी तरह का समझौता किए बिना कुछ हेल्दी खाने का मन बना रहे हैं तो ऐसे में पालक खिचड़ी बनाकर खाएं।
आवश्यक सामग्री-
1 कप चावल
1/2 कप मूंग दाल
1 कप पालक, बारीक कटा हुआ या प्यूरी किया हुआ
1 प्याज, कटा हुआ
1 चम्मच जीरा
1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
स्वादानुसार नमक
4 कप पानी
1 बड़ा चम्मच घी या तेल
हरी मिर्च,
अदरक-लहसुन का पेस्ट
एक चुटकी हींग
पालक खिचड़ी बनाने का तरीका-
चावल और दाल को धोकर अलग रख दें।
प्रेशर कुकर में घी गर्म करें और जीरा डालें। उन्हें चटकने दें।
कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। प्याज के सुनहरा होने तक भूनें।
पालक, हल्दी पाउडर और नमक डालकर कुछ मिनट तक भूनें।
चावल, दाल और पानी डालकर सभी चीजों को एक साथ मिलाएं।
ढककर मध्यम आंच पर 3-4 सीटी आने तक पकाएं। प्रेशर को अपने आप निकलने दें।
इसे दही या थोड़े से घी के साथ गरमागरम परोसें।
