तुम मुझे बिलकुल समय नहीं देते , तुम्हारे पास तो सिर्फ ऑफिस का काम ही होता है , यही करना था तो शादी क्यों की , जब देखो सिर्फ काम ही काम, कुछ ऐसे ही सवाल कई बार आपके मन में भी जरूर आए होंगे। ये सच भी है की आजकल सबसे आगे बढ़ने की होड़ हो या फिर ऑफिस में अप्रेज़ल के लिए जी जान से काम करना हो पति पत्नी को अक्सर पर्सनल लाइफ के लिए समय ही नहीं मिल पाता है। सारे दिन एक दूसरे को टाइम देना तो दूर वो सुकून से बातें भी नहीं कर पाते हैं यहां तक कि कई बार तो वो बहुत जरूरी बातें भी फ़ोन पर या व्हॉट्सऐप  मैसेज के द्वारा करते हैं। ऐसे में जब देश कोरोना की वजह से लॉक डाउन की स्थिति में है और आप वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं तो आप दोनों को अपने रिश्ते को बेहतर बनाने का इससे अच्छा समय भला कहां मिलेगा। आइए आपको बताते हैं कुछ ऐसे टिप्स जिन्हें आजमाकर आप पार्टनर के साथ रिश्ते में एक नया मोड़ ला सकती हैं –

बातें शेयर करें 

आपको जब भी ऑफिस के काम से फुर्सत मिले एक दूसरे से बातें करें। हो सकता है आपके पास बहुत सारी ऐसी बातें हों जो आप एक दूसरे से करना चाहते हैं लेकिन टाइम न मिलने की वजह से नहीं कर पाते हैं। तो देर किस बात की जब आप दोनों साथ हैं तो पार्टनर से अपने दिल की बातें शेयर करें। 

फोटो कोलाज बनाएं 

आपकी मैरिड लाइफ की बहुत सारी ऐसी यादें होंगी जो आपने अपने लैपटॉप में फोटो के रूप में सहेज के रखी होंगी। जैसे हनीमून की फोटोज ,शादी की फोटोज़ या फिर किसी ट्रिप की फोटोज़। इस समय जब आप पूरे समय एक साथ हैं ऐसे में साथ बैठकर अपनी पुरानी फोटोज कलेक्ट करें और उन फोटोज़ का एक कोलाज बनाएं। 

मिलकर करें घर के काम 

आमतौर पर पत्नी ही घर केअधिकतर काम करती है लेकिन जब आप दोनों ही घर पर हैं और आपकी मेड भी नहीं आ रही है ऐसे में घर की जिम्मेदारियों का जिम्मा यदि दोनों मिलकर उठाएंगे मतलब घर के कामों में बराबर की हिस्सेदारी निभाएंगे तो ये आपके रिश्ते को बेहद खूबसूरत बना देगा। 

साथ में कुकिंग करें 

कहा जाता है कि पति को खुश करने का सबसे अच्छा तरीका है उनका पसंदीदा खाना बनाना लेकिन जब पति वर्क फ्रॉम होम कर रहा हो और पत्नी भी ऑफिस का काम घर पर कर रही हो या फिर होम मेकर हो तब भी यदि आप दोनों साथ में मिलकर कुकिंग करेंगे तो आप दोनों को ही बहुत अच्छा लगेगा। 

साथ में मूवी देखें 

जब आप वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं तब आपके पास पहले की तुलना में ज्यादा समय है क्योंकि रोज़ ऑफिस आने जाने में रास्ते में जो समय बर्बाद हो जाता है वो नहीं हो रहा है।  इसलिए ऑफिस का काम ख़त्म करके कोई पसंदीदा मूवी या वेब सीरीज़ साथ में देखें साथ में आपका पसंदीदा पॉपकॉर्न और कॉफ़ी हो तो बात ही बन जाएगी। 
तो भला अब देर किस बात की लॉकडाउन के इस समय में परेशान होने के बजाय पार्टनर के साथ ज्यादा समय बिताएं और अपने रिश्तों में एक नया मोड़ लाएं।