किचन में अपने और घर-परिवार के लिए टेस्टी डिशेज बनाना महिलाओं को काफी संतुष्टि देता है, लेकिन इस काम करने में काफी ज्यादा एनर्जी लगती है। चाहें स्पेशल रेसिपीज बनानी हों या फिर बच्चों के लिए मनपसंद रेसिपीज, महिलाएं कई बार तो पूरा-पूरा दिन किचन में बिता देती हैं। लेकिन अगर आपको ऐसा लगता है कि किचन में काम करते हुए आप बहुत थक जाती हैं और कामों को झटपट करना चाहती हैं तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ ऐसे कुकरी टिप्स, जिनके जरिए आपका काम हो जाएगा बेहद आसान।
1. अगर आपके पास ओवन या माइक्रोवेव है, तो करी बनाने से पहले टमाटर और प्याज को उसमें नरम कर लें। इस तरह करी बनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा और गैस बचेगी।
2. खाना बनाते समय खाना ढंक कर पकाएं। खाना पकाने वाला बर्तन चौड़े मुंह का हो और उसकी तली गोलाई लिए ना हो, तो ईंधन की बचत ज्यादा होती है।
3. जितना हो सके खाना भाप में पकाएं, यानी प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें और अगर कड़ाही में खाना पका रही हैं, तो उसमें थोड़ा सा पानी डाल कर ढंककर पकाएं, ताकि खाना पकने में ज्यादा तेल और ईंधन ना लगे।
4. अगर पास्ता बनाना हो तो उसकी पिछली रात आप इसे पानी में भिगो दें। अगर आप ऐसा करती हैं तो आप बहुत जल्दी पास्ता बना सकती हैं।
5. प्याज को फ्राई करते समय इसमें आधा चम्मच या एक चम्मच बेकिंग सोडा मिला दें। इससे प्याज़ जल्दी फ्राई हो जाएगा।
6. परमेसन या किसी और तरह का चीज सॉफ्ट बनाने के लिए उसे फ्रिज से निकालकर थोड़ी देर रख दें। इससे पनीर को आसानी से कद्दूकस किया जा सकता है और वह सॉफ्ट भी बना रहता है।
7. ज्यादा दिन पनीर रखने से वह चिपकने लगता है। पनीर को चिपकने से रोकने के लिए इसमें थोड़ा-सा तेल लगाकर रख दें, इससे पनीर का चिपकना कम हो जाएगा।
8. भिंडी की चिपचिपाहट दूर करने के लिए उसे धोकर कपड़े के ऊपर डालकर थोड़ी देर के लिए सूखने के लिए रख दें।
9. लहसुन को पानी में 15 मिनट के लिए भिगोकर रख दे तो लहसुन को छिलते समय इसका छिलका आसानी से उतर जाता है।
10. बैंगन को भुनने के लिए रखने से पहले इसपर थोड़ा तेल लगा दें। इसका छिलका जल्दी उतर जाता है।
11. प्याज काटते वक्त आंखों से आंसू आते हैं, तो प्याज काटने से 10 मिनट पहले इसे पानी में भिगोकर रख दें।
12. खीर या कुल्फी बनाने के लिए ड्राईफ्रूट्स को काटकर इस्तेमाल करना है तो इसे एक घंटे पहले फ्रीज में रख दें। फ्रीज से निकालकर इन्हें आसानी से काट सकती है।
