कहते हैं इस धरती पर जो आया है उसका अंत भी तय है। लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी हैं जो सदियों से इस धरती पर अस्तित्व में हैं और युगों युगों से परिवर्तन के गवाह बनी हुई हैं। इन्हीं में से है दक्षिण अमेरिकी देश चिली में शान से खड़ा प्राचीन पेड़। यह दुनिया का सबसे पुराना पेड़ माना जा रहा है। इसकी उम्र 5400 साल से भी ज्यादा है। इस खास पेड़ का नाम है अबुएलो।
वैज्ञानिकों ने नाम दिया ‘ग्रेट ग्रैंड फादर’

हैरानी की बात यह है कि इस पेड़ को सालों से लोग देख रहे थे, लेकिन किसी को भी इसके सबसे प्राचीन पेड़ होने की जानकारी नहीं थी। जब इसकी उम्र का खुलासा हुआ तब लोगों को इसका महत्व सामने आया। इससे पहले लोग इसे कोई आम पेड़ ही मान रहे थे। हालांकि इसकी बनावट उन्हें आकर्षित करती थी। जिसके बाद लोग इसे ग्रेट ग्रैंडफादर भी कहने लगे हैं। यह पेड़ दक्षिणी चिली के अलर्स कोस्तेरो नेशनल पार्क में स्थित है और अब इसे पर्यटक देखने आते हैं। यह साइप्रस ट्री है, जिसकी विशालता देखते ही बनती है।
इस तकनीक से लगाया पता

क्लाइमेट एंड एनवायरमेंटल साइंसेस लेबोरेटरी, पेरिस के इकोलॉजिस्ट जोनाथन बारिचविच का कहना है कि इस विशाल पेड़ के नमूने डेटिंग पद्धति से लेने बाद पता चला है कि इसकी उम्र करीब 5484 साल है। पेड़ की उम्र का सटीक पता लगाने के लिए इसके आकार, फैलाव आदि की कंप्यूटर माॅडल से जांच की गई है। खास बात यह है कि यह एक विलुप्त होती प्रजाति का पेड़ है। जोनाथन का दावा है कि पेड़ की उम्र 80 प्रतिशत सही आंकी गई है। मात्र 20 प्रतिशत संभावना है कि यह उम्र गलत हो।
इसलिए भी खास है यह पेड़
यह पेड़ कई मायनों में अनोखा है। इस पेड़ का तना 4 मीटर व्यास का है और इसकी उंचाई लगभग 60 मीटर है। इससे पहले इस पेड़ की उम्र करीब 3500 वर्ष बताई जा रही थी। लेकिन साल 2020 में जोनाथन बारिचविच और उनकी टीम ने इस पेड़ के छल्ले 2465 वर्ष पुराने बताए, लेकिन बाद में कंप्यूटर मॉडल के शोध में इस पेड़ की सही उम्र 5484 साल बताई गई। इस पेड़ को देखने का अनुभव भी अनोखा है। इसका तना अन्य पेड़ों से काफी अलग और विशाल है। इसकी जड़े मानों इसके इतिहास की कहानी खुद ही बयां करती है। वैज्ञानिकों के अनुसार यह पेड़ इतना पुराना है कि इसने वर्षों तक हर तूफान, हर प्रलह का सामना किया होगा। ऐसे में इसका महत्व बहुत ज्यादा है।
कभी कैलिफोर्निया के पेड़ को मिली उपाधी

ग्रेट ग्रैंडफादर पेड़ से पहले कैलिफोर्निया के व्हाइट माउटेंस में स्थित ब्रिस्टलकोन पाइन को सबसे पुराना पेड़ होने की उपलब्धि हासिल थी। इस पेड़ का नाम मेथुसेलाह रखा गया है। दावा था कि इसकी उम्र 4853 साल पुरानी है। हालांकि अब इससे भी पुराना पेड़ दुनिया को मिल गया है।
