Smart Banking Option: घरेलू हो या नौकरीपेशा आज महिलाएं बैंकिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले खुद ले रही हैं। स्मार्ट टेक्नोलॉजी ने हमारी जिंदगी को मोबाइल से लेकर फाइनेंस तक स्मार्ट बना दिया है। अब हर छोटे-छोटे बैंकिंग से जुड़े मुद्दे को हल करने के लिए महिलाओं को पुरुषों पर डिपेंड नहीं होना पड़ता। ग्राहकों और उपभोक्ताओं की जिंदगी को आसान और बेहतर बनाने के लिए अधिकतर बैंक लेटेस्ट व स्मार्ट ऑप्शंस लेकर आए हैं, जिनके द्वारा बैंकिंग को और अधिक स्मार्ट व ईजी बनाया जा सकता है। चलिए जानते हैं कुछ ऐसे बैंकिंग ऑप्शंस के बारे में जिसकी जानकारी हर महिला को होनी चाहिए।
मल्टीसिटी चेक

महिलाओं को स्मार्ट बैंकिंग की जानकारी होना बेहद जरूरी है। महिलाओं को पता होना चाहिए कि मल्टीसिटी चेक क्या होता और वह किस काम आता है। मल्टीसिटी चेक छोटे-मोटे व्यापारियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होता है। वर्तमान में सभी बैंक ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा दे रहे हैं। ऑनलाइन होने के कारण बैंक की सभी शाखाएं आपस में जुड़ी होती हैं, जिससे ग्राहक अपने शहर के अलावा किसी अन्य शहर की ब्रांच से मल्टीसिटी चेक द्वारा लेन-देन कर सकते हैं।
इंटरनेट बैंकिंग

इंटरनेट बैंकिंग एक आसान और सुरक्षित तरीका है, जिसकी मदद से घर में बैठकर कभी भी बैंक से जुड़े सभी काम आसानी से किए जा सकते हैं। इसमें मोबाइल से आप किसी भी तरह की बैंकिंग सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से आप अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करना, चेकबुक मंगवाना, शॉपिंग, बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज, टैक्स पेमेंट, इंवेस्टमेंट और अकाउंट बैलेंस चेक करने जैसे तमाम काम कर सकते हैं। इंटरनेट बैंकिंग महिलाओं के लिए भी काफी ईजी है, वह घर से ही अपने अकाउंट से जुड़ी सभी जानकारी हासिल कर सकती हैं।
यह भी देखे-अगर आप भी ढूंढ रहे हैं ऑनलाइन जॉब, तो हो जाएं सावधान
ओवरड्राफ्ट की सुविधा

ओवरड्राफ्ट एक फाइनेंशियल सुविधा है, जिसके द्वारा आप अपने बैंक अकाउंट से तब भी पैसा निकाल सकते हैं जब उसमें पैसा न भी हो। प्रत्येक ग्राहक के लिए एक ओवरड्राफ्ट लिमिट तय की जाती है, जो कि उसके और बैंक के संबंधों पर निर्भर करती है। लेकिन ग्राहक एक निर्धारित सीमा में ही पैसा निकाल सकता है। ओवरड्राफ्ट की मदद से नकदी की समस्या को तुरंत दूर किया जा सकता है। हालांकि ज्यादातर बैंकों में यह रकम एक महीने के भीतर जमा करनी होती है। आपको बता दें कि कॉरपोरेट अकाउंट होल्डर्स और खास अकाउंट होल्डर्स को यह सुविधा दी जाती है।
जीरो बैलेंस सैलेरी अकाउंट

कंपनी की ओर से खोला गया अकाउंट जिसमें हर महीने आपकी सैलरी क्रेडिट होती है, उसे सैलरी अकाउंट कहा जाता है। इस अकाउंट का सबसे पहला फायदा ये होता है कि सैलरी अकाउंट पर आपको जीरो बैलेंस की सुविधा मिलती है। जीरो बैलेंस सैलेरी अकाउंट में ग्राहकों को कई सुविधाएं दी जाती हैं। यदि तीन महीने तक आपके अकाउंट में जीरो बैलेंस है तो बैंक किसी भी तरह का जुर्माना आपसे नहीं लेगा। जबकि नॉर्मल अकाउंट में मिनिमम बैलेंस मेंटेन करना बहुत जरूरी होता है अन्यथा पेनाल्टी भरनी पड़ती है। इसपर आपको सामान्य से अधिक ब्याज, क्रेडिट कार्ड, ओवरड्राफ्ट जैसी कुछ एक्स्ट्रा सुविधाएं भी मिल जाती हैं।
इंटरनेशनल डेबिट कार्ड युक्त एटीएम कार्ड्स

महिलाओं को पता होना चाहिए कि ज्यादातर बैंक अकाउंट खोलते ही एटीएम कार्ड मुफ्त में देते हैं। अधिकतर एटीएम कार्ड डेबिट कार्ड की सुविधा सहित आते हैं, जिनके माध्यम से पैसे निकालना, बिल का भुगतान करना, शॉपिंग, मोबाइल रिचार्ज और टैक्स पेमेंट जैसे काम किए जा सकते हैं। इसके अलावा आपके द्वारा किए जाने वाले ट्रांजेक्शन की डिटेल प्राप्त करने के लिए मिनी स्टेटमेंट्स भी निकाला जा सकता है। आजकल ये सुविधा ई-मेल के द्वारा भी प्राप्त की जा सकती है।
एसएमएस की सुविधा

मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट के माध्यम से अकाउंट से जुड़ी सभी जानकारी प्राप्त की जा सकती हैं। इसके लिए आपको अपने बैंक में अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराना जरूरी है। अकाउंट से होने वाले किसी भी तरह के ट्रांजेक्शन की जानकारी आपको तुरंत मिल सकती है। इससे आप अपने अकाउंट में होने वाला गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं।
