Homemade Chocolate Spread: घर पर बना चॉकलेट स्प्रेड स्वाद में तो बेहतरीन होता ही है, साथ ही यह केमिकल-फ्री और सेहत के लिए बेहतर भी रहता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, ब्रेड, टोस्ट, रोटी, पैनकेक या क्रेप- हर चीज के साथ इसका मजा दोगुना हो जाता है। आइए जानें 5 अलग-अलग तरह के चॉकलेट स्प्रेड, जिन्हें आप बहुत आसानी से घर पर बना सकती हैं।
पीनट बटर चॉकलेट स्प्रेड
सामग्री: पीनट बटर ½ कप, कोको पाउडर 1½ टेबलस्पून, शहद या पिसी चीनी 2 टेबलस्पून, दूध 2-3 टेबलस्पून।
विधि: एक बाउल में पीनट बटर डालें और उसमें कोको पाउडर मिलाएं। अब शहद या चीनी डालकर चम्मच या हैंड व्हिस्क से अच्छी तरह फेंटें। धीरे-धीरे दूध डालते जाएं और तब तक मिलाएं जब तक
स्प्रेड स्मूद और फैलाने लायक न हो जाए। इसे तुरंत इस्तेमाल कर सकती हैं या फ्रिज में 4-5 दिन तक स्टोर कर सकती हैं।
क्लासिक डार्क चॉकलेट स्प्रेड

सामग्री: डार्क चॉकलेट 1 कप (छोटे टुकड़ों में कटी), फ्रेश क्रीम ½ कप, बटर 1 छोटा चम्मच, पिसी चीनी स्वादानुसार।
विधि: सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें और उस पर एक हीटप्रूफ बाउल रखें। बाउल में डार्क चॉकलेट डालें और धीमी आंच पर पिघलने दें। बीच-बीच में चम्मच से चलाती रहें ताकि चॉकलेट जले नहीं। अब इसमें बटर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद फ्रेश क्रीम धीरेधीरे डालें और लगातार चलाते रहें, जब तक मिश्रण स्मूद और चमकदार न हो जाए। स्वाद के अनुसार पिसी
चीनी डालें। गैस बंद करें और मिश्रण को ठंडा होने दें। ठंडा होने पर इसे एयरटाइट जार में भरकर रखें।
मिल्क चॉकलेट क्रीम स्प्रेड

सामग्री: मिल्क चॉकलेट 1 कप, दूध द कप, कॉर्नफ्लोर 1 छोटा चम्मच, चीनी 1 टेबलस्पून।
विधि: एक कटोरी में दूध और कॉर्नफ्लोर को अच्छी तरह घोल लें ताकि गुठलियां न रहें। अब पैन में मिल्क चॉकलेट डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं। जब चॉकलेट पूरी तरह पिघल जाए, तब इसमें दूध-कॉर्नफ्लोर का मिश्रण डालें। लगातार चलाते हुए इसे हल्का गाढ़ा होने दें। अंत में चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं। गैस बंद कर दें और ठंडा होने पर स्प्रेड जार में भर लें।
डेट्स चॉकलेट हेल्दी स्प्रेड

सामग्री: खजूर 1 कप (बीज निकाले हुए), कोको पाउडर 2 टेबलस्पून, नारियल तेल 1 टेबलस्पून, गर्म दूध द कप।
विधि: खजूर को छोटे टुकड़ों में काट लें और गर्म दूध में 10-15 मिनट के लिए भिगो दें ताकि वे नरम हो जाएं। अब भीगे हुए खजूर, कोको पाउडर और नारियल तेल को मिक्सर में डालें। सभी
चीजों को तब तक ब्लेंड करें जब तक स्मूद और क्रीमी पेस्ट न बन जाए। यह स्प्रेड बिना रिफाइंड शुगर के हेल्दी विकल्प है, जिसे बच्चों के टिफिन में भी दे सकती हैं।
हेजलनट चॉकलेट स्प्रेड

सामग्री: हेजलनट 1 कप (हल्के भुने हुए), कोको पाउडर 2 टेबलस्पून, कंडेन्स्ड मिल्क ½ कप, वनीला एसेंस ½ छोटा चम्मच।
विधि: हेजलनट को हल्का भूनकर उनका छिलका निकाल लें। अब इन्हें मिक्सर में डालकर तब तक पीसें, जब तक ये बारीक और ऑयली पेस्ट न बन जाए। अब इस पेस्ट में कोको पाउडर, कंडेन्स्ड मिल्क और वनीला एसेंस डालें। सभी चीजों को दोबारा अच्छे से ब्लेंड करें। अगर स्प्रेड बहुत गाढ़ा लगे तो 1-2 चम्मच गर्म दूध मिला सकती हैं। तैयार स्प्रेड को कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें।
