Leather Purse Market: शॉपिंग की और खासकर सस्ती शॉपिंग की जब भी बात आती है तो हमें सबसे पहले याद आते हैं दिल्ली के बाजार। शादी के कपड़ों की शॉपिंग हो या फिर लेदर बैग्स की दिल्ली को ही परफेक्ट शॉपिंग डेस्टिनेशन माना जाता है। लेकिन दिल्ली के अलावा भी देश में ऐसे कई शहर हैं जो शॉपिंग के लिए जाने जाते हैं, खासकर के लेदर के पर्स, जैकेट, शूज की शॉपिंग के लिए। भारत में हैंडबैग सेगमेंट का राजस्व साल 2022-2023 में 4.19 बिलियन डॉलर हो गया है। इतना ही नहीं बाजार में सालाना 6.10% CAGR (Compound annual growth rate) बढ़ने की संभावना है। ऐसे में ये एक बड़ा बाजार है। तो चलिए आज हम आपको बताने जा रहे हैं देश के ऐसे बाजारों के बारे जहां से आप लेदर बैग्स की शॉपिंग कम दामों में कर सकती हैं—
Leather Purse Market: न्यू मार्केट, कोलकाता

सस्ती और अच्छी शॉपिंग करनी है तो कोलकाता आपके लिए बेस्ट है। यहां के न्यू मार्केट में हजारों छोटी-बड़ी दुकानें हैं, जहां आपको कपड़े, जूतों से लेकर लेदर का शानदार सामान मिल जाएगा। इस बाजार की खासियत ये है कि यहां हर सामान आपको बाजार भाव से काफी कम कीमत पर मिल जाएगा। इसे एक तरीके से थोक बाजार भी कहा जा सकता है। मार्केट में आया कोई भी नया ट्रेंड कोलकाता के न्यू मार्केट में आपको सबसे पहले मिल जाएगा।
धारावी चमड़ा मार्केट, मुंबई

बेहतरीन शॉपिंग के लिए मुंबई भी अच्छा विकल्प है। यहां के धारावी चमड़ा मार्केट में सही रेंज में आपको लेदर का सामान मिल जाएगा। यहां लेदर की बेल्ट, हैंडबैग, पर्स से लेकर लेदर शूज, जूतियां, जैकेट्स, लगेज बैग की पूरी रेंज मिल जाएगी। इस बाजार में 200 से ज्यादा दुकानें हैं, जिस पर आपको लेदर का सामान मिलेगा। यहां थोक विक्रेताओं के साथ ही आपको खुदरा विक्रेता भी मिलेंगे, जिनके पास जाकर आप शॉपिंग कर सकती हैं। यहां का लेदर सामान देशभर में सप्लाई किया जाता है।
लेदर सिटी है कानपुर

कानपुर को भारत का लेदर सिटी कहा जाता है। ऐसे में साफ है कि यहां लेदर का शानदार सामान मिलता है। अपनी इस खासियत के कारण यह शहर देश ही नहीं दुनियाभर में मशहूर है। इस शहर का लेदर बिजनेस ईस्ट इंडिया कंपनी के समय से चला आ रहा है। कानपुर दक्षिण में केशव नगर में स्थित लेदर बाजार लेदर शॉपिंग के लिए बेस्ट प्लेस है। यहां लेदर शूज से लेकर लेदर बैग्स की शानदार रेंज आपको मिल जाएगी। सालों पुराना यह बाजार आज भी लेदर के सामान का सबसे ट्रेंडिंग मार्केट माना जाता है। यहां रोजाना सैकड़ों लोग शॉपिंग करते हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा में भी आपको लेदर का अच्छा सामान मिलेगा।
नबी करीम मार्केट, नई दिल्ली

दिल्ली में शॉपिंग की बात जब भी आती है तो हमें सबसे पहले चांदनी चौक, सदर बाजार और सरोजिनी नगर मार्केट ही याद आता है। इन बाजारों में ट्रेंडी और फैशनेबल कपड़ों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। लेकिन अगर आप लेदर के बैग और अन्य सामानों की शानदार शॉपिंग करना चाहती हैं तो नबी करीम मार्केट आपके लिए बेस्ट है। यह एशिया के सबसे बड़े होलसेल मार्केट में से एक है। यहां आपको कम रेंज में हैंडबैग्स, बैकपैक से लेकर ट्रॉली बैग्स मिल जाएंगे।
चेन्नई की वेपेरी हाई रोड
तमिलनाडु के चेन्नई, अंबुर, वेल्लोर, पेरनामबुट, रानीपेट, वनियामबाड़ी, त्रिची, डिंडीगुल और इरोड में लेदर का बड़े स्तर पर बिजनेस होता है। लेकिन इनमें से सबसे खास है चेन्नई का वेपेरी हाई रोड मार्केट। मूर मार्केट और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के पास यह हाई रोड स्थित है। इसे एक्सपोर्ट सरप्लस हब के रूप में विकसित किया गया है। यही कारण है कि यहां आपको लेदर का शानदार सामान मिलेगा। यहीं से राज्य के अन्य शहरों में सामान सप्लाई किया जाता है।
