जानिए सुबह के समय गर्भवती महिला को क्या खाना चाहिए
प्रेग्नेंसी में महिलाओं को अपने खानपान पर ध्यान देने की जरूरत है। खासतौर अपने ब्रेकफास्ट पर विशेष ध्यान दें। आइए जानते हैं प्रेग्नेंसी में कैसा होना चाहिए आपका ब्रेकफास्ट?
Breakfast During pregnancy: गर्भावस्था में महिलाओं को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है, क्योंकि इस अवस्था में उनके शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिसका असर उनकी शारीरिक और मानसिक क्षमताओं पर पड़ता है। साथ ही आप इस समय जो भी खाते हैं, वे आपके भ्रूण में पल रहे बच्चे पर भी असर डालता है। ऐसे में इस दौरान आपको हेल्दी आहार को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। खासतौर पर प्रेग्नेंसी में ब्रेकफास्ट में हेल्दी चीजों को शामिल करें, क्योंकि सुबह का पहला आहार आपके समग्र स्वास्थ्य पर असर डालता है। आइए जानते हैं प्रेग्नेंसी में महिलाओं का कैसा होना चाहिए सुबह का नाश्ता?
प्रोटीन से भरपूर होना चाहिए ब्रेकफास्ट
प्रेग्नेंसी में महिलाओं का सुबह का नाश्ता प्रोटीन से भरपूर होना चाहिए। प्रोटीन भ्रूण में पल रहे बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी होता है। इससे बच्चों की हड्डियों और मसल्स का विकास अच्छे से हो सकता है। वहीं, महिलाओं के लिए भी प्रोटीन जरूरी होता है। ऐसे में सुबह ब्रेकफास्ट में आप प्रोटीन से भरपूर उबले अंडे, पनीर, पीनट बटर, ग्रीक योगर्ट और हेल्दी स्मूदीज़ को शामिल कर सकते हैं।

ब्रेकफास्ट में शामिल करें आयरनयुक्त आहार
प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं के शरीर को भरपूर रूप से आयरन की जरूरत होती है। ऐसे में आपको अपने ब्रेकफास्ट में आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करने की जरूरत होती है। आयरन से भरपूर ब्रेकफास्ट के रूप में आप दलिया, ओट्स, फ्रूट्स सलाद, सूखे मेवे, पालक स्मूदी इत्यादि को शामिल कर सकते हैं।

साबुत अनाज है जरूरी
गर्भावस्था में ब्रेकफास्ट में आपको साबुत अनाजों को शामिल करने की जरूरत होती है। साबुत अनाज कई तरह के पोषक तत्वों जैसे- फाइबर, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, कार्बोहाइड्रेट, आयरन और सेलेनियम जैसे खनिज से भरपूर होता है। यह सभी पोषक तत्व न सिर्फ प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए फायदेमंद है, बल्कि इससे यह बच्चों के विकास के लिए भी जरूरी होता है।

फल और सब्जियां है जरूरी
ब्रेकफास्ट में आपको अपने आहार में ताजे फल और सब्जियों को शामिल करने की जरूरत होती है। ताजी फल और सब्जियां आयरन, फाइबर, कैल्शियम और कई तरह के विटामिन्स से भरपूर होती हैं, जो गर्भावस्था में बेहद जरूरी पोषक तत्व होते हैं। ब्रेकफास्ट में आप बेरीज, सेब, टमाटर, केले, मशरूम जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं।

कैल्शियम युक्त ब्रेकफास्ट करें शामिल
गर्भावस्था में महिलाओं को अपने आहार में कैल्शियम से भरपूर आहार को शामिल करना चाहिए। कैल्शियम मां और भ्रूण में पल रहे बच्चे के लिए काफी जरूरी होता है। कैल्शियम युक्त आहार के रूप में आप अपने आहार में सोया मिल्क, दूध, पनीर, टोफू जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं।

शामिल करें हेल्दी फैट
मां और बच्चे के बेहतर विकास के लिए प्रेग्नेंसी में आपको हेल्दी फैट को शामिल करना चाहिए। यह शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है। इसके लिए आप अपने नाश्ते में एवोकाडो, देसी घी, ऑलिव ऑयल, मक्खन, नट्स, कोल्ड-प्रेस्ड नारियल तेल इत्यादि को शामिल कर सकते हैं।

प्रेग्नेंसी में अगर आप अपने शरीर को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो ब्रेकफास्ट में संतुलित आहार को जरूर शामिल करें। यह मां और बच्चे दोनों के लिए जरूरी होता है। वहीं, इस बात का ध्यान रखें कि गर्भवास्था के दौरान आहार में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।
