Pulao Recipes: चावल खाना अधिकतर लोगों को पसंद होता है। जब प्रॉपर तरीके से मील बनाने का मन नहीं करता है तो अधिकतर लोग अपने घर में पुलाव बनाते हैं। यह एक वन पॉट मील है, जिसमें आप कई तरह के ट्विस्ट करके हर बार अपने टेस्ट बड को एक ट्रीट दे सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कई अलग-अलग तरह के पुलाव खाने के तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
बनाएं पाइनएप्पल पुलाव

अगर आप अपनी पुलाव रेसिपी को एक इंटरेस्टिंग ट्विस्ट देना चाहते हैं तो ऐसे में पाइनएप्पल पुलाव बनाएं। इसमें अनानास के टुकड़े आपके पुलाव को एक टैंगी फ्लेवर देंगे।
आवश्यक सामग्री-
- 1 प्याज कटा हुआ
- अनानास के छोटे छोटे टुकड़े
- 1 बड़ा चम्मच सोया सॉस
- 2 लहसुन की कली
- एक कप उबले चावल
- 2 बड़े चम्मच अनानास का रस
- 1/2 चम्मच करी पाउडर
- 1 साबुत लाल मिर्च
पाइनएप्पल पुलाव बनाने का तरीका-
- सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गर्म करें और फिर उसमें लहसुन, लाल मिर्च और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें।
- अब इसमें उबले हुए चावल, करी पाउडर और सोया सॉस डालें और फिर उसे मिक्स करें।
- चूंकि सोया सॉस में सॉल्ट होता है, इसलिए आपको अलग से नमक मिलाने की जरूरत नहीं होगी। लेकिन फिर भी एक बार टेस्ट कर लें। अगर जरूरत हो तभी नमक मिलाएं।
- जब यह गर्म हो जाए तो ऐसे में अनानास का रस और टुकड़े डालें।
- आप इसे धीमी आंच पर करीबन 5 मिनट या रस के सोखने तक पकने दें।
- अंत में आप इसे प्लेट में निकालें और फिर धनिया से सजाकर गरमा-गरम सर्व करें।
बनाएं मेथी पुलाव

अगर आप विंटर के सीजन में पुलाव बनाना चाहते हैं तो ऐसे में आप मेथी पुलाव भी बना सकते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 2 कप चावल
- आधा चम्मच जीरा
- एक चौथाई कप टमाटर प्यूरी
- 1 मुट्ठी कटे हुए पुदीने के पत्ते
- लहसुन की कली
- 1 बड़ा चम्मच जीरा पाउडर
- 2 बड़े चम्मच घी
- 2 बड़े चम्मच कटी हुई हरी मिर्च
- तीन चौथाई कप मेथी
- 1 मुट्ठी कटी हुई धनिया पत्ती
- एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी
- स्वादानुसार नमक
मेथी पुलाव बनाने का तरीका-
- मेथी पुलाव बनाने के लिए सबसे पहले चावलों को पानी की मदद से अच्छी तरह धो दें। इसके बाद आप चावल को पानी में भिगोकर रख दें।
- अब एक गहरे पैन या कुकर में घी या तेल गरम करें। आप उसमें लहसुन की कलियां डालकर थोड़ा सा भूनें।
- अब आप इसमें मेथी, धनिया और पुदीने के पत्ते डालें और पानी सूखने तक 5 मिनट के लिए भूनें।
- अब आप इसमें टमाटर डालकर मध्यम आंच पर दो मिनट तक भूनें।
- इसके बाद आप मध्यम आंच पर चावल डालकर दो मिनट तक भूनें।
- अब आप इसमें आवश्यकतानुसार पानी, नमक और सारे मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं और कुकर पर ढक्कन लगाकर एक सीटी आने तक पकाएं। फिर गैस धीमी करें और कुछ देर तक इसे पकने दें।
- अब गैस बंद करें और प्रेशर निकलने दें।
- अब आप इसे प्लेट में निकालकर गरमा-गरम सर्व करें।
बनाएं मटर पुदीना पुलाव

मटर के पुलाव तो अक्सर घरों में बनते ही हैं। लेकिन अगर आप विंटर में इसे एक ट्विस्ट के साथ बनाना चाहते हैं तो ऐसे में इसमें पुदीना भी शामिल करें।
आवश्यक सामग्री-
- 1 गुच्छा पुदीने के पत्ते
- 2 चम्मच नींबू का रस
- 1 बड़ा चम्मच लहसुन का पेस्ट
- 2 प्याज
- 2 तेज पत्ता
- 2-3 बड़े चम्मच घी
- 2 कप चावल
- कुछ मटर केे दाने
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच अदरक का पेस्ट
- दालचीनी
- 5-7 काजू
- 3 हरी मिर्च
मटर पुदीना पुलाव बनाने का तरीका-
- पुलाव बनाने के लिए सबसे पहले पुदीने की पत्तियों को धोकर चॉपिंग बोर्ड पर रख कर बारीक काट लें। साथ ही काजू को भी आधा काट कर अलग रख लीजिए।
- वहीं दूसरी तरफ चावलों को पानी में अच्छी तरह धोकर पानी में सोक करें।
- अब आप प्रेशर कुकर में पानी चावल व मटर डालकर इसे पका लें।
- अब आप ग्राइंडर में हरी मिर्च और पुदीने के पत्ते डालकर अच्छी तरह पीस लें। आप इसे स्मूद पेस्ट बनाने के लिए ग्राइंडर में पानी डालें।
- अब आप एक कड़ाही को मध्यम आंच पर रखें और उसमें घी डालें।
- इसमें काजू, तेजपत्ता और दालचीनी डालकर कुछ देर के लिए भूनें।
- फिर, बारीक कटा हुआ प्याज डालकर भूनें।
- अब आप इसमें पुदीने का पेस्ट, अदरक और लहसुन का पेस्ट, नमक व मिर्च पाउडर डालकर धीमी आंच पर इसे 5 मिनट तक भूनें।
- इसके बाद इस मिश्रण में उबले हुए चावल डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- अब इसमें नींबू का रस छिड़कें और धीरे से मिक्स करें।
- आप पुलाव को गरमा-गरम सर्व करें।
बनाएं कोकोनट मिल्क पुलाव

कोकोनट मिल्क पुलाव को नारियल के दूध, प्याज, हर्ब्स व कई सब्जियों की मदद से बनाया जाता है। इसका टेस्ट काफी क्रीमी होता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप चावल
- एक प्याज कटा हुआ
- अदरक, हरी मिर्च व लहसुन का पेस्ट
- आधा कप मटर
- फ्रेंच बीन्स
- 5 से 6 करी पत्ते
- लौंग
- हरी इलायची
- 1 इंच दालचीनी
- एक जावित्री
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- तीन चौथाई कप नारियल का दूध
- 1 कप पानी
- 2 बड़े चम्मच तेल
- गार्निश की हुई धनिया पत्ती
- नमक आवश्यकता अनुसार
कोकोनट मिल्क पुलाव बनाने का तरीका-
- सबसे पहले चावल को पानी की मदद से अच्छी तरह से धोएं और पानी में 20 मिनट के लिए भिगो दें।
- अब प्रेशर कुकर में तेल गरम करें और सारे मसाले – लौंग, हरी इलायची, दालचीनी, जावित्री और जीरा डालें। मसाले को धीमी आंच पर चटकने और महक आने तक भून लें।
- अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज और करी पत्ता डालकर भून लें।
- अब इसमें पिसा हुआ अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट डालें और 10 से 12 सेकंड के लिए भून लें।
- अब इसमें काजू व मटर और कटी हुई फ्रेंच बीन्स डालकर एक मिनट के लिए चलाएं।
- अब इसमें भीगे हुए चावल डालकर मिक्स करें।
- आप इसमें 3/4 कप नारियल का दूध व पानी डालकर मिक्स करें।
- अब आप इसमें नमक डालें।
- आप इसे एक या दो सीटी आने तक पकाएं।
- जब प्रेशर अपने आप खत्म हो जाए, तब ढक्कन खोलें और चावलों को धनिया या पुदीने की पत्तियों से गार्निश करें।
- आप कोकोनट पुलाव को चटनी के साथ सर्व कर सकती हैं।
बनाएं पनीर पुलाव

अगर आपको पनीर खाना बेहद पसंद है तो ऐसे में आप पनीर पुलाव भी बना सकती हैं। पनीर पुलाव बनाते समय उसमें पनीर व चावलों के साथ कुछ मसालों को मिक्स किया जाता है जो उसे एक डिलिशियस टेस्ट देते हैं।
आवश्यक सामग्री-
पुलाव मसाला के लिए सामग्री-
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- आधा चम्मच शाही जीरा
- आधा छोटा चम्मच सौंफ
- 1 काली इलायची
- 2 से 3 हरी इलायची
- 2 से 3 लौंग
- 1 इंच दालचीनी
- जावित्री
पुलाव की अतिरिक्त सामग्री
- एक कप चावल
- 250 से 300 ग्राम पनीर
- 1 प्याज कटा हुआ
- ⅓ कप मटर
- 2 बड़े चम्मच घी
- 3 कप पानी
- अदरक लहसुन व हरी मिर्च का पेस्ट
- 1 तेज पत्ता
- 1 चम्मच नींबू का रस
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए पुदीने के पत्ते
- नमक आवश्यकता अनुसार
पनीर पुलाव बनाने का तरीका-
- पनीर पुलाव बनाने के लिए चावल को पानी की मदद से धोएं और फिर इसे पानी में सोक करें।
- अब आप पुलाव मसाला के लिए सभी सामग्री को पीसकर मसाला तैयार कर लें।
- अब आप पैन में घी गरम करें। आप इसमें तेज पत्ता, प्याज डालकर भूनें।
- अब आप इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डालकर भूनें।
- अब आप इसमें कटे हुए पुदीने के पत्ते और पिसा हुआ पुलाव मसाला डालकर एक बार मिक्स करें।
- अब आप इसमें भीगे हुए चावल डालें और मिक्स करें।
- अब आप इसमें आवश्यकतानुसार पानी, नींबू का रस और नमक मिक्स करें।
- आप पैन को ढक्कन की मदद से बंद कर दें और धीमी से मध्यम आंच पर, चावल को पकने दें।
- अब आप कड़ाही में घी गरम करें और पनीर क्यूब्स डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
- एक बार जब चावल पक जाए तो आप इसमें तले हुए पनीर के क्यूब्स डालें और धीरे से चावल के साथ मिलाएं।
- पैन को फिर से ढक्कन से ढक दें और पनीर को चावल में 5 मिनट के लिए रहने दें।
- आप पनीर पुलाव को कुछ पुदीने की पत्तियों और तले हुए पनीर क्यूब्स से सजाकर गरमा गरम सर्व करें।
- आप पनीर पुलाव को ऐसे ही खा सकते हैं या फिर इसे चटनी, रायता या दाल फ्राई के साथ भी इसे सर्व किया जा सकता है।
