Healthy Routine for Kids: बच्चों के संतुलित जीवन शैली के लिए खेल, पढ़ाई और नींद का बैलेंस होना बहुत जरूरी है। संतुलित दिनचर्या न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह बच्चे के अकादमिक प्रदर्शन के साथ-साथ उसके समग्र विकास के लिए भी जरूरी है। आज इस लेख में हम जानते हैं, किस तरह आप अपने बच्चों का समग्र विकास कर सकते हैं।
समय प्रबंधन करें
जीवन में सबसे जरूरी है, अपने समय का प्रबंध करना। आपका बच्चा अपना कितना समय किस कार्य को देगा और कब देगा इसके लिए जरूरी है कि आप एक टाइम टेबल बनाएं। टाइम टेबल बनाते समय आप अपने बच्चों के खेल, पढ़ाई और नींद का विशेष ख्याल रखें।
पढ़ाई का सही तरीका अपनाएं
माता-पिता सुनिश्चित करें कि आपके बच्चे का पढ़ाई का स्थान व्यवस्थित हो। आपका बच्चा पढ़ाई के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक ले, ताकि उसका ध्यान पढ़ाई में अधिक केंद्रित हो सके। एक ही जगह लंबे समय तक बैठकर पढ़ने से ध्यान लगाने की क्षमता में कमी आती है, इसलिए ब्रेक लेना जरूरी है। कठिन विषयों को पहले पढ़े, ताकि अंत होते-होते तक आप ऊब से बचे रहें और आप कठिन तथा हल्के दोनों विषयों को समय दे पाएं।

शारीरिक गतिविधि और खेल
हर दिन काम से कम 30 से 60 मिनट बच्चा शारीरिक गतिविधि करें, ताकि उसका शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा रहे। शारीरिक गतिविधियों से मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है, इसलिए जरूरी है कि बच्चा किसी न किसी प्रकार से जैसे; आउटडोर गेम्स, योग या एक्सरसाइज के साथ अपने शारीरिक गतिविधियों को पूरा करें। अगर बच्चा ग्रुप स्पोर्ट्स खेलता है तो बहुत अच्छा है। ग्रुप स्पोर्ट्स से बच्चे के अंदर टीमवर्क का स्किल डेवलप होता है तथा नेतृत्व करने की क्षमता भी बढ़ती है।
शारीरिक गतिविधियों के साथ-साथ जरूरी है, बच्चा अपने पसंद के कार्यों को भी अपना समय दे। यह उसके स्किल डेवलपमेंट के लिए जरूरी है। बच्चा अपने पसंद के कार्यों को करके खुशी महसूस करता है, जो उसे मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है।
पर्याप्त नींद ले
बच्चों को रोजाना 8 से 10 घंटे की नींद लेनी चाहिए। गुणवत्तापूर्ण नींद बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बहुत जरूरी है। हर रोज 8 से 10 घंटे की अच्छी नींद, आपके बच्चों को मानसिक दबाव, एंजायटी, डिप्रैशन जैसी कई बीमारियों से बचाता है। बच्चों की अच्छी नींद के लिए जरूरी है कि उनका स्क्रीन टाइम कम हो। बच्चा सोने से पहले रिलैक्स हो। बच्चे को सोने से पहले रिलैक्स करने के लिए किताबें पढ़ने या मेडिटेशन करने का सुझाव दें। अगर आपका बच्चा छोटा है तो उसे रिलैक्स करने के लिए आप कहानी सुना सकते हैं।
बैलेंस बनाने के टिप्स
अपनी प्राथमिकताएं तय करें। आपके लिए क्या करना ज्यादा जरूरी है, यह समझे। उसके अनुसार अपना चुनाव करें। आप उन कार्यों को प्राथमिकता दे, जो पहले किया जाना चाहिए। व्यर्थ की गतिविधियों में समय बर्बाद करने से बचें, जैसे; डिजिटल डिवाइस का उपयोग सीमित रखें, ज्यादा स्क्रीन टाइम से बचें।
अगर जीवन में आप उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं तो लाइफ में बैलेंस का होना जरूरी है। खेल, नींद और पढ़ाई के सही बैलेंस के साथ आप अच्छा कर सकते हैं। आप ज्यादा प्रोडक्टिव रह सकते हैं। लाइफ में बैलेंस के साथ आप अपना वर्तमान और भविष्य दोनों अच्छा बना सकते हैं।
