Holika Dahan 2025 Upay: होली रंग, खुशी और उत्साह का पर्व है। लेकिन होली से पहले होलिका दहन की जाती है। होलिका दहन के बाद ही लोग धूमधाम से रंगवाली होली या धूलंडी का त्योहार मनाते हैं। होलिका दहन करने का उद्देश्य नकारात्मकता को नष्ट करना और जीवन में सकारात्मकता का स्वागत करना होता है। इस साल होलिका दहन 13 मार्च 2025 को है और इसके अगले दिन 14 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा।
होलिका जलाने से पहले इसकी पूजा की जाती है। साथ ही होलिका की अग्नि में कई तरह के उपाय भी किए जाते हैं। होलिका की अग्नि में लोग सुख-समृद्धि की कामना के लिए कई तरह की चीजें भी अर्पित करते हैं। लेकिन जाने-अनजाने में होलिका की अग्नि में गलत चीजें अर्पित करना आपके लिए मुसीबत का कारण भी बन सकता है। इसलिए यह जान लीजिए कि होलिका दहन की अग्नि में कौन सी चीजें डालनी चाहिए और कौन सी चीजें नहीं डालनी चाहिए। इन नियमों का पालन करने पर घर-परिवार के लोग खुश रहेंगे, सुख-समृद्धि बनी रहेगी और नकारात्मक ऊर्जा से बचे रहेंगे।
होलिका दहन की अग्नि में भूलकर ना डालें ये चीज

होलिका दहन की अग्नि बुराई पर जीत के प्रतीक के तौर पर जलाई जाती है। होलिका दहन के समय इसकी अग्नि में कई चीजे अर्पित करने का विधान है। इससे शुभ फल की प्राप्ति होती है। लेकिन जाने-अनजाने में लोग गलत चीजें भी होलिका की अग्नि में डाल देते हैं, जिसका नकारात्मक प्रभाव जीवन पर पड़ता है और समस्याएं उत्पन्न होती है। साथ ही नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव भी बढ़ जाता है। इसलिए होलिका दहन के अग्नि में कुछ चीजों को डालने से बचना चाहिए। आइए जानते हैं कौन सी हैं वो चीजें जिन्हें होलिका की अग्नि में नहीं डालना चाहिए।
सूखी हुई गेहूं की बालियां
होलिका की अग्नि में कभी भी सूखी हुई गेहूं की बालियां नहीं डालनी चाहिए। मान्यता है कि टूटी या सूखी हुई गेहूं की बालियां डालने से घर में दुर्भाग्य का वास होने लगता है, धन-संपत्ति में धीरे-धीरे कमी आने लगती है और आर्थिक संकट छा जाता है। इसलिए होलिका की अग्नि में हमेशा साबूत, पूर्ण और ताजा गेहूं की बालियां ही डालें। साथ ही होलिका की अग्नि में सूखे या मुरझाए फूल डालने से भी बचें।
पानी वाला नारियल
वैसे तो नारियल का उपयोग कई शुभ-मांगलिक कार्यों और पूजा-पाठ के दौरान भी होता है। लेकिन होलिका की अग्नि में इसे डालने से बचना चाहिए। होलिका दहन की अग्नि में कभी भी पानी वाला नारियल नहीं डालना चाहिए, इसे अशुभ माना जाता है। पानी वाला नारियल होलिका की अग्नि डालने से घर की सुख समृद्धि पर इसका प्रभाव पड़ता है। साथ ही कुंडली में चंद्रमा की स्थिति भी कमजोर होती है।
सफेद रंग की चीजें
साथ ही होलिका की अग्नि में सफेद रंग की चीजों को भी डालने से बचना चाहिए। माना जाता है कि इससे नकारात्मक ऊर्जा तेजी से बढ़ती है। इसके अलावा होलिका दहन के दिन सफेद रंग की चीजों का लेनदेन करने से भी बचना चाहिए।
टूटे हुए अनाज
गेहूं के साथ ही ऐसा कोई भी अनाज जो टूटा हुआ हो, उन्हें होलिका दहन की अग्नि में अर्पित ना करें। टूटे हुए अनाज के दाने पूजा में प्रयोग करना या फिर होलिका की अग्नि में डालना बहुत ही अशुभ माना जाता है। इससे सेहत संबंधी समस्याएं होती है और रोग-दोष बढ़ने लगते हैं।
होलिका की अग्नि में इन चीजों को डालना होता है शुभ

- होलिका के दहन की अग्नि में किन चीजों को नहीं डालना चाहिए ये जानने के बाद यह भी जान लीजिए कि होलिका दहन की अग्नि में हमें किन चीजों को अर्पित करना चाहिए, जिससे कि सुख-सौभाग्य में अपार वृद्धि हो।
- अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए नीम की कुछ पत्तियां, थोड़ा सा कपूर और छह लौंग लेकर अपने ऊपर से वार लें और इसके बाद इसे होलिका की अग्नि में डाल दें। इसे बीमारियां दूर हो जाती हैं।
- होलिका दहन की अग्नि में जौ या अक्षत अर्पित करना भी शुभ माना जाता है। इससे जीवन में सुख समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। साथ ही मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
- अगर आप व्यापार या बिजनेस आदि में तरक्की चाहते हैं तो इसके लिए होलिका दहन पर यह अचूक उपाय कर सकते हैं। होलिका दहन की अग्नि में गेहूं की तीन बाली और अलसी की छह हाली को अग्नि में हल्का सा जला लें और इसके बाद इसे एक लाल रंग के कपड़े में लपेटकर अपने कार्यस्थल पर रखें। इससे बिजनेस में लाभ होने लगेगा।
- धन-संबंधी से जुड़े लाभ के लिए होलिका दहन की अग्नि में गन्ने के कुछ पत्तों को अग्नि में हल्का जला लें और इसे दक्षिण पश्चिम दिशा में रख दें। इससे आर्थिक लाभ होता है।
- होलिका दहन की अग्नि में पानी वाला नारियल नहीं डालना चाहिए। लेकिन आप सूखी गरी या सूखा नारियल जिसमें पानी न हो वह अर्पित कर सकते हैं। सूखी गरी को होलिका की अग्नि में डालना शुभ माना गया है।
