Chaitra Navratri and Kharmas 2025: हिंदू धर्म में नवरात्रि का बड़ा ही महत्व होता है। पूरे 9 दिनों तक लोग विधि विधान से देवी मां की पूजा करते हैं। कई लोग 9 दिनों का व्रत भी रखते हैं। नवरात्रि में बिना किसी मुहूर्त के कोई भी शुभ कार्य किया जा सकता है लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। साल 2025 में चैत्र नवरात्रि के साथ खरमास लग रहा है। खरमास में कोई भी शुभ कार्य करना वर्जित माना गया है। इसकी शुरुआत 14 मार्च से हो चुकी है जो 14 अप्रैल तक चलेगी। ऐसे में इस बीच कोई भी मांगलिक कार्य करने से बचना चाहिए।
खरमास के दौरान कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आइए आपको इससे जुड़ी पूरी जानकारी देते हैं।
साल 2025 में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत
हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल नवरात्रि 30 मार्च से शुरू हो रही है और 6 अप्रैल को समाप्त होगी। हालांकि खरमास 14 मार्च से शुरू हो चुका है इसलिए नवरात्रि के शुरुआती 5 दिन इसकी अशुभ छाया बनी रहेगी। ऐसे में कोई भी अच्छा कार्य करने के लिए यह समय उचित नहीं माना जाता है।
क्या है अबूझ मुहूर्त?
कहतें हैं कि नवरात्रि में देवी मां स्वयं धरती पर पधारती हैं और अपने भक्तों की तकलीफों को दूर करती हैं। चूंकि देवी मां धरती पर विराजमान रहती है इसलिए इसे अबूझ मुहूर्त कहा जाता है जो बेहद शुभ होता है। नवरात्रि के दौरान इसलिए कोई भी शुभ कार्य किया जा सकता है।
कब लगता है खरमास?
खरमास 14 मार्च से 14 अप्रैल तक रहेगा और इसकी शुरुआत तब होती है जब सूर्य देव का गोचर मीन राशि में होता है। कहते हैं किसी भी शुभ कार्य के लिए सूर्य देव की ऊर्जा अधिक होनी चाहिए लेकिन खरमास में सूर्य की ऊर्जा कम हो जाती है। सूर्य जब अपनी उच्च राशि मेष में प्रवेश करेंगी तो खरमास समाप्त हो जाएगा। इसके बाद का शुभ कार्य किए जा सकते हैं। ऐसी मान्यता है कि खरमास के दौरान नियमित रूप से सूर्य देव को जल अर्पित करना चाहिए। इसके अलावा विष्णु जी की भी पूजा करना चाहिए। ऐसा करने से जीवन में आने बाधाएं खत्म होती है और ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होता है। खरमास से लेकर नवरात्रि तक मांस मछली, शराब आदि के सेवन से बचना चाहिए।
खरमास में इन कार्यों की होती है मनाही
खरमास का समय बहुत ही अशुभ माना जाता है। कहते हैं इस दौरान किए हुए कार्यों का अच्छा फल नहीं मिलता है। यही वजह है कि इस अवधि में शादी, सगाई और मुंडन जैसे मांगलिक कार्य नहीं करने चाहिए। इसके अलावा इस दौरान नया घर या वाहन भी नहीं खरीदना चाहिए। यदि आप किसी नए व्यवसाय की शुरुआत करना चाहते हैं तो भूलकर भी खरमास में ऐसा न करें।
