काजू पिस्ता रोल

सामग्री: कवरिंग के लिए: काजू 1 कप (150 ग्राम), चीनी 1/3 कप (75 ग्राम)।

स्टफिंग के लिए: पिस्ते 1/3 कप (30 ग्राम), बादाम 1/3 कप (30 ग्राम), पाउडर चीनी 2 टेबल स्पून (20 ग्राम), दूध 2 से 3 छोटे चम्मच, इलाइची पाउडर द छोटे चम्मच, ग्रीन फूड कलर ½ पिंच से कम, घी 3 छोटे चम्मच।

विधि: मिक्सर जार में काजू डालकर पीस लीजिए और पाउडर तैयार कर लीजिए। तैयार पाउडर को एक प्याले में निकाल लीजिए। फिर इसे चावल छानने वाली मोटे छेद वाली छलनी से छान लीजिए ताकि मोटे टुकड़े अगर रह गए हो तो अलग हो जाएं। मोटे टुकड़ों को हटा दीजिए।

इसके बाद, थोड़े से साबुत पिस्ते छोड़कर बाकी पिस्ते और बादाम मिक्सर जार में डालकर पाउडर बना लीजिए। पिसे हुए बादाम-पिस्तों को एक प्याले में निकाल लीजिए। साबुत पिस्तों को छोटा-छोटा काट लीजिए।

स्टफिंग तैयार कीजिए: बादाम पिस्तों में कटे हुए पिस्ते और पाउडर चीनी डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए। इस मिश्रण में ½ छोटी चम्मच इलाइची पाउडर डाल दीजिए। 2 छोटी चम्मच दूध एक छोटी प्याली में लीजिए और इसमें ग्रीन फूड कलर डालकर घोल लीजिए। कलर वाला दूध मिश्रण में डाल दीजिए और अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए। स्टफिंग को बिल्कुल अच्छे से बाइंड कर लीजिए।

कवरिंग तैयार कीजिए: पैन में चीनी और इतनी ही मात्रा यानि कि 1/3 कप पानी डाल दीजिए। चीनी के घुलने तक चाशनी को पका लीजिए। इसके बाद गैस धीमी कर दीजिए और इसमें काजू का पाउडर तथा 3 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए। इसे जमने वाली कंसिस्टेन्सी तक लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर पका लीजिए। मिश्रण में बिल्कुल भी गुठलियां नहीं पड़नी चाहिए। मिश्रण पककर तैयार है, इसे बहुत ज्यादा न पकाएं वरना मिश्रण सख्त हो जाएगा।

मिश्रण चेक कीजिए: थोड़ा सा पेस्ट लेकर प्याली में डालिए और ठंडा होने के बाद चैक कीजिए। ये बिल्कुल जमा हुआ लगना चाहिए और इससे गोला तैयार होना चाहिए। मिश्रण को एक अलग प्याले में निकाल लीजिए और हल्का ठंडा होने दीजिए।

काजू की चौकोर शीट बेलिए: कवरिंग बनाने के लिए एक बोर्ड पर पॉलीथीन बिछा लीजिए। इस पॉलीथीन को थोड़े से घी से चिकना कर लीजिए और हल्के गरम पेस्ट को पॉलीथीन पर निकाल लीजिए। इसे हाथ से बाइंड करते हुए थोड़ा सा गोल कर लीजिए और पॉलीथीन के बीच में रखकर इसे हाथ से बढ़ा लीजिए। फिर बेलन की मदद से पॉलीथीन को घुमा-घुमाकर इसे चारों तरफ से चौकोर मोटा परांठे जैसा बेल लीजिए। रोल के लिए चौकोर शीट तैयार है।

रोल बनाइए: इसके बाद स्टफिंग को दो भागों में बांट लीजिए। फिर एक भाग उठाकर हाथ से बाइंड कर लीजिए और बोर्ड पर रखकर हाथों से रोल करते हुए एक जैसी मोटाई का थोड़ा पतला रोल बना लीजिए। रोल इतना बढ़ा होना चाहिए कि शीट के अंदर पूरा आ सके। इसी तरह दूसरे हिस्से से भी लंबा रोल बना लीजिए।

काजू की चौकोर शीट को बीच से काटकर 2 हिस्सों में बांट लीजिए। फिर एक स्टफिंग का रोल लेकर शीट के एक तरफ रखिए और पॉलीथीन की सहायता से शीट को रोल करते जाइए। रोल करते समय ध्यान रखें कि ये ढीली न हो, इसे हल्का सा कसके रोल कीजिए। फिर इसे हाथ से रोल करके थोड़ा और पतला कर लीजिए। दूसरे भाग को भी बिल्कुल इसी तरह रोल कर लीजिए और दोनों रोल्स को किसी प्लेट में रखकर फ्रिज में ठंडा होने रख दीजिए ताकि ये सैट हो जाएं।

सैट होने के बाद इन्हें 2 से 2.5 इंच के बराबर बराबर टुकड़ों में काट लीजिए। काजू पिस्ता रोल खाने के लिए तैयार है। ड्राई फ्रूट्स से भरे काजू पिस्ता रोल को किसी भी त्यौहार या शुभ अवसर पर बनाइए और सर्व कीजिए। आप इस मिठाई को फ्रिज में रखकर 15 से 20 दिनों तक खा सकते हैं।

ताजे नारियल की बर्फी 

सामग्री: ताजा नारियल 2, कंडेंस्ड मिल्क 1 कप (250 ग्राम), पिस्ता 10-12, इलायची पाउडर 4-5, घी 2-3 बड़े चम्मच। 

विधि: ताजा नारियल लीजिए इसका ब्राउन छिलका छील कर हटा दीजिए। नारियल का छिलका हटा कर इसे धो लीजिए। नारियल को कद्दूकस कर लीजिए। कद्दूकस किए हुए नारियल को मिक्सर में डाल कर 5-10 सैकंड चला कर दरदरा पाउडर बना लीजिए। मिक्सर को ज्यादा नहीं चलाना है। अगर ज्यादा मिक्स करेंगे तो ये पेस्ट बन जाएगा।

पैन को गैस पर रखें। इसमें 2 बड़े चम्मच घी डाल कर मेल्ट कीजिए। घी के मेल्ट हो जाने पर इसमें 2 कप दरदरा नारियल पाउडर डाल दीजिए। नारियल को लगातार चलाते हुए हल्का सा भून लीजिए। 5 मिनट लगातार चलाते हुए भून लेने के बाद इसमें कंडेन्स मिल्क डाल दीजिए और इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक की ये जमने वाली कंसीस्टेंसी तक नहीं पक जाए। 

मिश्रण के अच्छे गाढ़ा हो जाने पर इसमें इलायची पाउडर डाल कर मिलाएं। मिश्रण गाढ़ा होकर तैयार है। गैस बंद कर दीजिए और इसे जमाने के लिए एक प्लेट लीजिए, इसे घी लगाकर चिकना कीजिए। अब मिश्रण को इस घी लगी प्लेट में डाल कर अच्छे से फैला लीजिए। इस पर थोड़ा सा पिस्ता कतरन फैला दीजिए और चमचे से हल्का सा दबा दीजिए, जिससे ये बर्फी में अच्छे से चिपक जाए। बर्फी पर काटने के निशान डाल दीजिए और बर्फी को सेट होने के लिए रख दीजिए।

बर्फी स‌ेट होकर तैयार है। बर्फी की प्लेट को गैस पर रखकर 5-10 सैकंड हल्का स‌ा गरम कर लीजिए, ताकि बर्फी आसानी से प्लेट से निकल आए। बर्फी के टुकड़ों को सर्विंग प्लेट में निकाल कर रख लीजिए।

नारियल बर्फी बनकर तैयार है। बर्फी को आप फ्रिज में रख कर 7-8 दिनों तक जब आपका मन करे खा स‌कते हैं।

अफलातून मिठाई 

सामग्री: मावा 1 कप, सूजी ½ कप, घी ½ कप (100 ग्राम), मिल्क पाउडर 1 कप से थोड़ा कम (100 ग्राम), चीनी ½ कप (125 ग्राम), इलायची पाउडर ½ छोटा चम्मच, पिस्ते 10-12 (बारीक कटे हुए), बादाम 10-12 (बारीक कटे हुए), दूध 1 कप।

विधि: पैन को गैस पर रखें और पैन में ½ कप घी डाल कर मेल्ट होने दीजिए। घी के मेल्ट होने पर इसमें सूजी डाल दीजिए और सूजी को मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक भून लीजिए। लगभग 5 मिनट बाद सूजी हल्की सी ब्राउन होने लगी है, अब इसमें चीनी और मिल्क पाउडर डाल दीजिए। मिश्रण को धीमी-मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए अच्छा गोल्ड्न ब्राउन होने तक भूनना है। मिश्रण में बारीक कटे हुए पिस्ते और बादाम भी डाल दीजिए और लगातार चलाते हुए इन्हें भी मिश्रण के साथ भून लीजिए।

10 मिनट बाद मिश्रण अच्छे से भून कर तैयार है। गैस को एकदम धीमा कर दीजिए और मिश्रण में क्रम्बल करके मावा डाल दीजिए, साथ में दूध डालकर मिक्स कीजिए। अब इस मिश्रण को धीमी-मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। मिश्रण में अगर गांठे बन रही हैं तो उन्हें कल्छी से दबाते हुए तोड़ते जाएं।

मिश्रण में इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कीजिए। मिश्रण को जमने वाली कंसीस्टेंसी तक पकाना है। 15 मिनट बाद मिश्रण अच्छे से सैट होकर तैयार है गैस बंद कर दीजिए और मिश्रण को जमने के लिए घी से चिकना की हुई ट्रे में डाल दीजिए और एक सार कर दीजिए।

मिश्रण के ऊपर बारीक कटे हुए बादाम और पिस्ते डाल कर कल्छी हल्का सा दबा दीजिए ताकि ये मिश्रण में अच्छे से चिपक जाएं। मिश्रण को 1 घंटे के लिए सैट होने के लिए रख दीजिए। 1 घंटे बाद अफलातून जमकर तैयार हो जाती है। इसे आप आयताकार आकार में काटिए और ट्रे को गैस पर हल्का सा गरम करके टुकड़े ट्रे से निकाल कर अलग कर लीजिए। अफलातून मिठाई को सॄवग प्लेट में निकाल लीजिए।

स्वादिष्ट अफलातून मिठाई को परोसिए और खाइए। अफलातून मिठाई फ्रिज से बाहर रख कर 15 दिन तक जब आपका मन करें खा सकते हैं।

चना दाल बर्फी

सामग्री: चना दाल 1 कप (200 ग्राम), दूध 2 कप, चीनी 1 कप (200 ग्राम), घी ½ कप (100 ग्राम), काजू 20, बादाम 20, पिस्ते 1 टेबल स्पून, इलायची 6 से 7।

विधि: चने की दाल को साफ करके गुनगुने पानी में 2 घंटे भिगो लीजिए। इस दाल को छलनी में डालकर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिए और दाल को 5 मिनट छलनी में ही रहने दीजिए ताकि बचा हुआ पानी भी निकल जाए।

इसी बीच मेवे काट लीजिए। एक काजू के 6 से 7 टुकड़े करते हुए बादाम और पिस्तों को पतला-पतला लंबाई में काट लीजिए। इलायची को भी छीलकर कूटकर दरदरा पाउडर बना लीजिए। दाल को निकालकर कपड़े पर डालकर थोड़ा सा पोंछ लीजिए। इसके बाद पैन गरम करके इसमें घी डाल दीजिए। घी के पिघलने पर दाल डालकर इसे लगातार चलाते हुए हल्का सा रंग बदलने और क्रिस्पी होने तक तेज आग पर भून लीजिए। दाल के भुन जाने पर इसे प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दीजिए। दाल भूनने में 12 मिनट लग जाते हैं। पैन में बचे हुए घी को एक प्याली में निकाल लीजिए। दाल के हल्का ठंडे होने पर इसे मिक्सर जार में डालकर बारीक पीस लीजिए। यह बिल्कुल रवा की तरह पिस जाती है। पैन में चीनी और दूध डालकर चीनी को दूध में घुलने तक पकने दीजिए। इसे बीच-बीच में चला लीजिए। दूध में उबाल यानी कि चीनी के घुलने पर गैस मीडियम कर दीजिए और इसमें पिसी हुई दाल डाल दीजिए। साथ ही बचा हुआ घी भी इसमें डालकर मिक्स कर दीजिए और इसे बर्फी की जमने वाली कन्सिस्टेन्सी आने तक पका लीजिए।

मिश्रण गाढ़ा होने पर गैस धीमी कर दीजिए और इसमें थोड़े से मेवे डाल दीजिए। इलायची पाउडर डालकर सारी चीजों को अच्छे से मिला लीजिए। बर्फी के मिश्रण में जमने वाली कन्सिस्टेन्सी आ गई है, गैस बंद कर दीजिए।

किसी प्लेट को थोड़े से घी से चिकना कर लीजिए। मिश्रण को प्लेट में डाल दीजिए और इसे दबाकर एक सार कर दीजिए। इस पर कटे हुए बादाम और पिस्ते डालकर चमचे से दबा दीजिए ताकि मेवे बर्फी में स्टिक हो जाए। बर्फी को ठंडा होने के लिए रख दीजिए।

बर्फी के जमकर तैयार होने पर इसे अपनी पसंद के अनुसार छोटे या बड़े टुकड़ों में काट लीजिए। प्लेट को नीचे से 10 सेकेन्ड के लिए गरम कर लीजिए। इससे बर्फी आसानी से निकल आएगी। चना दाल की स्वादिष्ट बर्फी बनकर तैयार है। चना दाल की बर्फी को फ्रिज में रखकर पूरे 10-12 दिन तक खाया जा सकता है।

स्पेशल मिठाई मलाई चॉप 

सामग्री: गाय का दूध 1.5 लीटर, नींबू 2, चीनी 1.5 कप (350 ग्राम), मावा 1 कप (200 ग्राम), केसर 30-40 धागे, बूरा 2 टेबल स्पून, मैदा 1 टेबल स्पून, पिस्ते 10-15 (कद्दूकस किए हुए)।

विधि: छेना बनाएं: दूध को बर्तन में निकाल लीजिए और उबलने के लिए रख दीजिए। दूध को बीच में 2-3 बार चला भी दीजिए ताकि दूध तले में न लगे। दूध में उबाल आने के बाद दूध को गैस से उतार लीजिये। दूध को 4 मिनट ठंडा होने दीजिए। इसके बाद इसमें नींबू का रस मिलाएं।

2 टेबल स्पून दूध को प्याली में निकाल कर इसमें केसर मिक्स कर दीजिए। नींबू का रस निकाल कर उसमें उतना ही पानी मिला लीजिए। दूध को 4 मिनट रखने के बाद थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस डालते हुए चमचे से चलाइए, दूध जब पूरा फट जाय, दूध में छेना और पानी अलग दिखाई देने लगे तो नींबू का रस डालना बंद कर दीजिए। 2 मिनट बाद बड़े से प्याले पर छलनी रख लीजिए और छलनी पर सूती कपड़ा रख दीजिए और छेना को कपड़े में डाल कर छानिए और छेना में अब ऊपर से 2-3 बार ठंडा पानी डाल कर इसे धो लीजिए ताकि नींबू का स्वाद छेना में न रहे। कपड़े को चारों ओर से उठाकर हाथ से दबा कर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये, छेना तैयार है।

छेना को किसी थाली में निकाल लीजिए और  छेना को मसल मसल कर चिकना कर लीजिए। मसले हुए छेना में मैदा डाल कर इसे फिर से 4-5 मिनट मसल लीजिए। एकदम चिकना डो बना कर तैयार कर लीजिए। छेने से थोड़ा-थोड़ा छेना तोड़ लीजिए। अब एक टुकड़े को उठाकर इसे हथेली में अच्छे से मसल कर आयताकार शेप दे दीजिए और इस टुकड़े को प्लेट में रख दीजिए। इसी तरह बाकी से भी छेना टुकड़ा तैयार कर लीजिए।

चाशनी बनाएं: चाशनी बनाने के लिए किसी बर्तन में चीनी और 4-5 कप पानी डाल कर गैस पर रखें और चीनी को पानी में घुलने तक पकने दीजिए। चाशनी में उबाल आने के बाद छेने से बने आयताकार टुकड़े एक-एक करके चाशनी में डाल दीजिए। बर्तन को ढक दीजिए और छेना के गोलों को 5 मिनट तेज गैस पर पकने दीजिए। इसके बाद इन्हें चेक कीजिए। 5 मिनट बाद रसगुल्ले फूल कर डबल हो गए हैं, इन्हें फिर से ढक कर 5 मिनट पकने दीजिए। 5 मिनट बाद इन्हें कल्छी से पलट दीजिए और फिर से ढक कर 5 मिनट पकने दीजिए। छेना को चेक कीजिए पूरे 16 मिनट तक पक कर यह तैयार हैं, गैस बंद कर दीजिए और इन्हें 1 घंटे के लिए चाशनी में ही रहने दीजिए।

1 घंटे बाद यह छेना टुकड़े ठंडे होकर तैयार हैं इन्हें चाशनी में से निकल कर प्लेट पर रखी छलनी पर रख दीजिए ताकि इनमें से अतिरिक्त चाशनी प्लेट में निकल जाए।

मावा मलाई बनाएं: प्याले में मावा निकाल लीजिए और इसमें केसर वाला दूध डाल दीजिए और मावा को अच्छे से फैंट कर चिकना कर लीजिए। मावा के अच्छे से मलाईदार चिकना हो जाने पर इसमें बूरा डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए। मावा मलाई स्टफिंग बन कर तैयार है।

अब छेना का एक टुकड़ा उठाएं, इसे बीच में से काट कर दो भाग करते हुए ऐसे काटें की आखिरी सिरा जुड़ा रहे। अब इसमें मावा मलाई की स्टफिंग भर दीजिए और हल्का सा दबाकर एक जैसा कर लीजिए। अब इसे प्लेट में रख दीजिए सारे छेना टुकड़ों में मावा मलाई भर कर छेना मलाई सैंडविच तैयार कर लीजिए। छेना मलाई सैंडविच पर पिस्ता बुरादा डाल कर इसकी गार्निश कर दीजिए। आप चाहें तो नारियल का बुरादा भी इस पर डाल कर इसे सजा सकते हैं। छेना मलाई सैंडविच को ½ घंटे के लिए फ्रिज में रख दीजिए। यह सेट होकर तैयार हो जाएंगे, इसके बाद इन्हें सर्व कीजिए। छेना मलाई सैंडविच को फ्रिज में रख कर 4-5 दिन तक खाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें –पनीर व्यंजनों का निराला स्वाद