RE-RELEASE PARINEETA
RE-RELEASE PARINEETA

Summary: परिणीता’ की 20वीं सालगिरह पर भव्य वापसी, PVR INOX में देखें रीस्टोर किया गया संस्करण

2005 की प्रतिष्ठित फिल्म ‘परिणीता’ अब 8K रिज़ोल्यूशन और रीमास्टर्ड 5.1 साउंड में दोबारा रिलीज़ हो रही है। विद्या बालन, सैफ अली खान और संजय दत्त की यह क्लासिक प्रेम कहानी 29 अगस्त 2025 को PVR INOX के ज़रिए सिनेमाघरों में लौटेगी।

Parineeta Re-Release: 29 अगस्त 2025… वो तारीख जब सिनेमाघरों में एक बार फिर बजेगा पियू बोले पिया बोले...” और परदे पर लौटेगी वो कहानी, जिसने दो दशकों पहले दिलों में एक अलग ही जगह बना ली थी। ‘परिणीता’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा में सौंदर्यबोध, भावनात्मक गहराई और संगीतात्मक काव्य का एक अद्भुत संगम है। और अब, 20 साल बाद, यह क्लासिक प्रेम कथा 8K रिज़ोल्यूशन में रीस्टोर होकर और 5.1 सराउंड साउंड के रीमास्टर वर्जन के साथ, PVR INOX के जरिए फिर से बड़े पर्दे पर लौट रही है

विद्या बालन की पहली फिल्म, सैफ अली खान का अब तक का सबसे संवेदनशील किरदार, संजय दत्त का शांत और सशक्त अभिनय, दिवंगत निर्देशक प्रदीप सरकार की नज़ाकत भरी दृष्टि, और विनोद चोपड़ा का बेमिसाल प्रोडक्शन ‘परिणीता’ इन सबका खूबसूरत संगम है। 2005 में रिलीज़ हुई यह फिल्म अपने सेट डिज़ाइन, सिनेमैटोग्राफी, शांतनु मोइत्रा के क्लासिकल संगीत और गुलज़ार के गीतों के लिए आज भी याद की जाती है।

विनोद चोपड़ा फिल्म्स भारत का पहला प्रोडक्शन हाउस बना जिसने अपने पूरे फिल्म संग्रह को 8K रिज़ोल्यूशन में रीस्टोर करने का संकल्प लिया। इस ऐतिहासिक प्रक्रिया का सबसे भावनात्मक अध्याय परिणीता’ बनकर उभरा। चार साल की मेहनत के बाद, यह काम इटली के बोलोनिया स्थित विश्वविख्यात फिल्म रिस्टोरेशन लैब L’Immagine Ritrovata के सहयोग से सम्पन्न हुआ जो वैश्विक स्तर पर फिल्मी धरोहरों को पुनर्जीवित करने के लिए प्रसिद्ध है।

फिल्म की शूटिंग कोलकाता की पुरानी हवेलियों, संकरी गलियों और ऐतिहासिक स्थलों पर की गई, जिसने इस कहानी को सिर्फ ज़मीन ही नहीं दी, बल्कि एक आत्मा भी दी। शहर की विरासत, उसकी सांस्कृतिक गहराई और कालजयी सुंदरता खुद एक किरदार बन गई फिल्म की भावनाओं, द्वंद्व और प्रेम की भाषा में घुलती हुई।

यह री-रिलीज न केवल ‘परिणीता’ के 20 वर्षों का जश्न है, बल्कि विद्या बालन की सिनेमा में दो दशकों की यादगार यात्रा और विनोद चोपड़ा फिल्म्स के 50 गौरवशाली वर्षों की श्रद्धांजलि भी है।

रीस्टोर और रीमास्टर्ड रिलीज़ पर बात करते हुए विधु विनोद चोपड़ा ने कहा, “‘परिणीता’ हमेशा से मेरे दिल के बेहद करीब रही है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है यह प्रेम, शालीनता और आत्मा को छू लेने वाले संगीत की एक यात्रा है। फिल्म का हर एक फ्रेम अपनी एक अलग भावना लिए हुए है, जो कहानी के साथ-साथ विकसित होता है और दिल की गहराइयों को छूता है। अब जब इसे 8K में रीस्टोर और रीमास्टर्ड किया गया है, तो इसके दृश्य और भी समृद्ध हो गए हैं, और खूबसूरत लोकेशन्स पहले से भी ज्यादा मोहक लग रही हैं। मुझे प्रदीप सरकार पर गर्व है कि उन्होंने इस फिल्म को जिस तरह से बनाया, जिस तरह से पुराने कोलकाता की भव्यता को कैद किया और उसमें एक कालातीत सौंदर्य भर दिया वो आज भी उतना ही जीवंत है।”

इस पर अपनी बात जोड़ते हुए PVR INOX की लीड स्ट्रैटेजिस्ट निहारिका बिजली ने कहा, “हम ‘परिणीता’ को एक बार फिर सिनेमाघरों में लाकर बेहद उत्साहित हैं। आज की पीढ़ी क्लासिक फिल्मों को बड़े पर्दे पर फिर से अनुभव करना चाहती है। ‘परिणीता’ एक कालजयी फिल्म है—यह प्रेम, सामाजिक वर्गों और 20वीं सदी के प्रारंभिक भारत में महिलाओं की बदलती भूमिका की एक खूबसूरत अभिव्यक्ति है। यह विधु विनोद चोपड़ा की समृद्ध सिनेमाई विरासत का एक अनमोल रत्न है। हम बहुत उत्साहित हैं कि इस फिल्म को एक भव्य रीस्टोर्ड प्रिंट में फिर से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी और पुराने दर्शक दोबारा इसकी सिनेमाई भव्यता का अनुभव कर सकें।”

Vidya Balan Traditional look
Vidya Balan

‘परिणीता’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली एक्ट्रेस विद्या बालन ने कहा, “यह मेरे लिए एक बहुत ही भावनात्मक क्षण है। ‘परिणीता’ वहीं से शुरू हुआ… हर फ्रेम इस फिल्म का मेरे दिल का एक टुकड़ा है, और मैं हमेशा प्रदीप दा (मेरे दादा) और श्री विनोद चोपड़ा की शुक्रगुज़ार रहूंगी कि उन्होंने मुझ पर विश्वास किया। एक एक्टर के तौर पर मैं जो भी हूं, उसमें इस फिल्म का बहुत बड़ा योगदान है। इतने वर्षों बाद भी लोग इस फिल्म को, इसके गीतों को, और इससे मिली भावनाओं को याद करते हैं। लोग कहते हैं कि इस फिल्म का हर फ्रेम एक पेंटिंग जैसा है… और यही प्रदीप सरकार का जादू है… मैं चाहती हूं कि आज की पीढ़ी भी ‘परिणीता’ के ज़रिए पुराने ज़माने का वो प्यार महसूस करे।”

सैफ अली खान ने कहा, “‘परिणीता’ मेरे लिए एक टर्निंग पॉइंट था—इस फिल्म ने मुझे अपने व्यक्तित्व के एक शांत, संयमित पहलू को एक्सप्लोर करने का अवसर दिया। इसमें एक ऐसा सौंदर्य और गहराई थी, जो आज के दौर में दुर्लभ है। विद्या, प्रदीप दा, विधु विनोद चोपड़ा, संजू और पूरी टीम के साथ काम करना बहुत खास अनुभव था। इस फिल्म की यादें मेरे दिल के बेहद करीब हैं और यह हमेशा मेरे करियर की एक अहम कड़ी बनी रहेगी।”

Sanjay Dutt and Saif Ali Khan
Sanjay Dutt and Saif Ali Khan

संजय दत्त के मुताबिक, “‘परिणीता’ मेरे दिल के बेहद करीब है। यह एक बेहद खूबसूरत फिल्म थी, जो बहुत प्यार और ईमानदारी से बनाई गई थी। यह मेरी विधु विनोद चोपड़ा के साथ दूसरी फिल्म थी, मुन्‍नाभाई एमबीबीएस के बाद, जिसे उन्होंने भी प्रोड्यूस किया था। प्रदीप सरकार की एक अलग और संवेदनशील दृष्टि थी, और मुझे एक ऐसा किरदार निभाना बहुत अच्छा लगा जो बेहद सादा लेकिन सच्चा था। शूटिंग के अनुभव बेहद सुखद रहे, और मैं बहुत खुश हूं कि अब एक नई पीढ़ी इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देख पाएगी।”

संजय दत्त की विनोद चोपड़ा फिल्म्स के साथ शुरुआत 2000 में ‘मिशन कश्मीर’ से हुई थी, और तब से उन्होंने इस प्रोडक्शन हाउस के साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया है।

‘परिणीता’ को रिलीज़ के वक्त कई पुरस्कार और सम्मान मिले थे, जिनमें राष्ट्रीय पुरस्कार और फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड शामिल हैं। यह फिल्म अपने बेमिसाल संगीत, बेहतरीन कहानी और मुख्य कलाकारों के शानदार अभिनय के लिए आज भी याद की जाती है।

अब यह क्लासिक फिल्म 29 अगस्त 2025 से पूरे भारत में चुनिंदा सिनेमाघरों में एक हफ्ते के लिए दोबारा रिलीज़ की जाएगी।

सोनल शर्मा एक अनुभवी कंटेंट राइटर और पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया, प्रिंट और पीआर में 20 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने दैनिक भास्कर, पत्रिका, नईदुनिया-जागरण, टाइम्स ऑफ इंडिया और द हितवाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया...