Overview:
अपने अभिनय और मधुर आवाज से हिंदी सिनेमा में खास पहचान बनाने वाली सुलक्षणा पांडे का 71 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया है।
Singer and Actress Sulakshana Pandit Passes Away at 71: बॉलीवुड की जानी-मानी गायिका और अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनका निधन गुरुवार शाम कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि उन्हें नानावटी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके भाई ललित पंडित ने पीटीआई से बातचीत में इस दुखद खबर की पुष्टि की। सुलक्षणा पंडित ने फिल्मों और संगीत की दुनिया में अपने बेहतरीन काम से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। उनके करियर में कई हिट फिल्में और यादगार गाने शामिल हैं, जो आज भी दर्शकों और म्यूजिक लवर्स के बीच पॉपुलर हैं।
सुलक्षणा पंडित की फिल्में और करियर
सुलक्षणा पंडित ने साल 1975 में फिल्म उलझन से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, जिसमें उन्होंने संजीव कुमार के साथ काम किया था। इसके बाद उन्होंने राजेश खन्ना, शशि कपूर और विनोद खन्ना जैसे दिग्गज सितारों के साथ कई हिट फिल्मों में अभिनय किया। उनकी अन्य यादगार फिल्मों में संकोच, हेरा फेरी, परिवार, धरम खंटा, दो वक्त की रोटी और गोर शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने 1978 में बंगाली फिल्म बंदी में अभिनेता उत्तम कुमार के साथ भी काम किया था। उनके अभिनय ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्हें एक संवेदनशील और प्रतिभाशाली अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया।
गायिका के रूप में सुलक्षणा पंडित का योगदान
सुलक्षणा पंडित ने गायिका के रूप में भी उतनी ही पहचान बनाई जितनी एक अभिनेत्री के रूप में। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ बंगाली, मराठी, उड़िया और गुजराती भाषाओं में भी कई सुंदर गाने गाए। उनके पॉपुलर गानों में तू ही सागर तू ही किनारा, परदेशिया तेरे देश में, बेकरार दिल टूट गया, बांधी रे कहे प्रीत, सात समुंदर पार, सोना रे तुझे कैसे मिलूं, ये प्यारा लगे तेरा चेहरा और जब आती होगी याद मेरी शामिल हैं। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायकी ने उन्हें म्यूजिक लवर्स के दिलों में एक खास जगह दिलाई।
परिवार और संगीत से जुड़ाव
सुलक्षणा पंडितका जन्म हरियाणा के हिसार में एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार में हुआ था। उनके चाचा शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे। उन्होंने नौ साल की उम्र में गायकी शुरू की थी और अपने भाई मंधीर पंडित के साथ संगीत की दुनिया में कदम रखा था। उनके भाई जतीन पंडित और ललित पंडित प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी ‘जतीन-ललित’ के नाम से जाने जाते हैं। इस अलावा उनकी बहन विजयता पंडित भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हैं। परिवार की यही विरासत सुलक्षणा के जीवन की प्रेरणा बनी, जिसे उन्होंने समर्पण और सादगी के साथ आगे बढ़ाया।
सुलक्षणा पांडे ने फिल्मों और संगीत की दुनिया में अपने काम से अमिट छाप छोड़ी है। उनके गाने और किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में बसते हैं।


