Summary: मध्य प्रदेश में प्यार की मिसाल: पत्नी के लिए बनवाया ताजमहल जैसा घर, वीडियो हुआ वायरल
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल जैसा आलीशान घर बनवाया, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। 14.7 मिलियन व्यूज पाने वाले इस वीडियो में दिखता है मकराना मार्बल से बना खूबसूरत 4BHK घर, जो प्यार की अनोखी मिसाल बन गया है।
Madhya Pradesh Taj Mahal: सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए कोई नहीं जानता है। सच्चे प्यार की दास्तां आपने किताबों, फिल्मों आदि में पढ़ी-देखी और सुनी होगी, जो लोग एक-दूसरे से बेहद सच्चा प्यार करते हैं, वो अपने प्रेमी या प्रेमिका के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक प्यार की मिसाल का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है एक ऐसा आलीशान घर, जिसे देखकर हर किसी की नजर ठहर जा रही है। वजह है इस घर की बनावट, जो बिल्कुल ताजमहल जैसी नजर आती है।
पत्नी के लिए बनवाया खूबसूरत ताजमहल
दरअसल, इंटरनेट पर वायरल हो रहा वीडियो मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के एक आलीशान घर का है, जहां के बिजनेसमैन आनंद प्रकाश चौकसे ने अपनी पत्नी मंजूषा के लिए बिल्कुल ताजमहल जैसा ही दिखने वाला घर बनवाया है।
वीडियो में 4 BHK खूबसूरत घर दिख रहा है, जो कि मकराना मार्बल से बना हुआ है। दूर से देखने पर लगता है मानो आगरा का ताजमहल ही कहीं और खड़ा हो गया हो। मगर दिलचस्प बात यह है कि यह कोई ऐतिहासिक इमारत या होटल नहीं है, बल्कि एक दंपति का निजी घर है। यही मार्बल ताजमहल को भी बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया था। ये घर ताजमहल के एक तिहाई आकार में बना है, लेकिन इसकी भव्यता और शिल्पकला में कोई कमी नहीं है, जिसे देख शायद एक पल को आपको भी यही लगेगा कि आप ताजमहल में ही आ गए हों। इसकी मीनारें, गुंबद और नक्काशीदार मेहराबें इसे ताजमहल की हूबहू नकल बनाती हैं। घर में चार बेडरूम, एक किचन, एक लाइब्रेरी और एक मेडिटेशन रूम शामिल हैं, जो इसे एक आधुनिक और शाही आशियाने का रूप देते हैं।
वीडियो को मिले 14.7 मिलियन व्यूज
इस अनोखे घर का वीडियो इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर प्रियंम सरस्वत ने शेयर किया, जिसे अब तक 14.7 मिलियन व्यूज और 1.3 मिलियन लाइक्स मिल चुके हैं। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा….वाह भाई, 2025 का शाहजहां दिखा दिया आज तो. एक और यूजर ने लिखा…भाई प्यार हो तो ऐसा। तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…एक मर्द है जो ताजमहल बनवाए जा रहा है, एक औरत है जो कत्ल किए जा रही है।
इस तरह बना आलीशान घर

बता दें कि इस खूबसूरत घर को बनने में पूरे तीन साल का समय लगा है, जिसमें सूरत, आगरा, और मकराना के लगभग 500 कारीगरों ने मेहनत की। इंजीनियर प्रवीण चौकसे वीडियो में बताते हैं कि इस घर का क्षेत्रफल मीनारों सहित 90 बाय 90 फीट है, और इसका गुंबद 29 फीट ऊंचा है। घर की दीवारें 9-9 इंच मोटी हैं, जिनके बीच दो फीट का गैप रखा गया है, जिससे यह सालभर ठंडा रहता है। इस अनोखे घर की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आनंद चौकसे जी की यह कहानी न सिर्फ प्रेम की गहराइयों को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सपने को हकीकत में बदलने की हिम्मत इंसान को कहां तक ले जा सकती है।
