Monsoon Beaches: मानसून का मौसम आते ही प्रकृति जैसे खुद को नहा-धोकर और भी हसीन बना लेती है। चारों ओर हरियाली, ठंडी हवाएं और रिमझिम बारिश मन को सुकून देती है। ऐसे मौसम में अगर समंदर किनारे की सैर हो जाए तो अनुभव और भी दिलकश बन जाता है। भारत के तटीय क्षेत्रों में ऐसे कई समुद्र तट हैं जो मानसून में किसी सपने जैसे लगते हैं – शांत, खूबसूरत और भीड़-भाड़ से दूर। आइए जानते हैं ऐसे ही 7 बेहतरीन बीच जिनका जादू मानसून में और भी गहरा हो जाता है।
मरारी बीच, केरल
अलेप्पी से कुछ ही दूर स्थित मरारी बीच मानसून के दौरान किसी चित्रकारी जैसा लगता है। यहां का शांत वातावरण, नारियल के पेड़ों की कतार और बारिश में भीगी रेत एक रोमांटिक एहसास देते हैं। अगर आप प्रकृति की गोद में कुछ वक्त बिताना चाहते हैं तो ये जगह किसी मेडिटेशन से कम नहीं।
गोकर्ण, कर्नाटक
गोवा की भीड़ से दूर, गोकर्ण का समुद्र तट मानसून में एक अलहदा अनुभव देता है। ओं बीच, हाफ मून बीच और पैराडाइज बीच जैसे नाम अपने आप में आकर्षण पैदा करते हैं। बारिश के मौसम में यहां की हरियाली और समंदर का नज़ारा दिल को छू जाता है।
वेल्सी बीच, गोवा
अक्सर गोवा को गर्मी या सर्दी के मौसम में ही एक्सप्लोर किया जाता है, लेकिन मानसून में यहां की खूबसूरती और भी खास होती है। वेल्सी बीच कम भीड़भाड़ वाला और स्थानीय अनुभव से भरपूर है। बारिश की हल्की बूँदें और लहरों की आवाज़ मिलकर एक खास संगीत रचती हैं।
चंद्रभागा बीच, ओडिशा
कोणार्क से कुछ ही दूरी पर स्थित चंद्रभागा बीच न केवल एक दर्शनीय स्थल है, बल्कि मानसून में यहां की लहरें और भी जीवंत हो उठती हैं। तेज़ हवाएं और दूर-दूर तक फैली रेत – हर कदम पर एक कविता सी बसी होती है।
कवलम बीच, केरल
केरल में मानसून की शुरुआत ही एक त्योहार जैसा लगता है। कवलम बीच पर बारिश की हल्की फुहारें और समंदर की शांति एक नई ऊर्जा भर देती है। ये जगह खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है जो भीड़ से दूर, अकेले या अपनों के साथ शांतिपूर्ण पल गुजारना चाहते हैं।
राधानगर बीच, अंडमान
राधानगर बीच को एशिया के सबसे सुंदर समुद्र तटों में गिना जाता है। मानसून में यह जगह किसी फिल्मी दृश्य की तरह लगती है – घने बादल, शांत नीला पानी और घना जंगल। अगर आप एक रोमांटिक गेटअवे या हनीमून की तलाश में हैं, तो यह परफेक्ट डेस्टिनेशन है।
कापू बीच, कर्नाटक
उडुपी के पास स्थित कापू बीच अपनी लाइटहाउस के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन मानसून में यहां का दृश्य मन मोह लेता है। समुद्र की गड़गड़ाहट के साथ बारिश की टिप-टिप एक रोमांचक अनुभव देती है। यहां का सूर्योदय और सूर्यास्त भी मानसून में जादुई लगते हैं।
