क्या आपने कभी सोचा है कि नकली खिलौने आपके बच्चे के लिए कितने जोखिमपूर्ण हो सकते हैं?
ISI मार्क यह गारंटी देता है कि खिलौना BIS द्वारा निर्धारित सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरे।
Buy Safe Toys: बच्चों की सुरक्षा और उनकी मासूमियत, दोनों ही हर माता-पिता के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। जब भी हम बच्चों के लिए खिलौने खरीदते हैं, एक सवाल अक्सर मन में उठता है—क्या ये खिलौने पूरी तरह से सुरक्षित हैं? बच्चों के खिलौनों की गुणवत्ता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 14 साल से कम उम्र के बच्चों के खिलौनों में ISI मार्क को अनिवार्य किया है। ISI मार्क यह गारंटी देता है कि खिलौना BIS द्वारा निर्धारित सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरे।
Also read: 6 लाइफ स्किल्स जिसका हर बच्चे की ज़िन्दगी में होना है बहुत जरुरी
ISI मार्क क्यों है ज़रूरी?
सुरक्षा की गारंटी
ISI मार्क वाले खिलौने में इस्तेमाल किए गए पदार्थ पूरी तरह सुरक्षित और गैर-विषैले होते हैं। ये बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई बुरा प्रभाव नहीं डालते। इससे यह सुनिश्चित होता है कि खिलौनों की सामग्री जैसे प्लास्टिक, रंग, और रसायन पूरी तरह से गैर-विषैले और पर्यावरण के अनुकूल होते हैं।
गुणवत्ता का प्रमाण
यह चिह्न इस बात का प्रमाण है कि खिलौना निर्माण के दौरान BIS द्वारा निर्धारित सभी गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया है।
घुटन से बचाव

छोटे बच्चों के लिए ऐसे खिलौने, जिनमें छोटे हिस्से होते हैं, उन्हें निगलने या मुंह में डालने से खतरा हो सकता है। ISI मानक यह सुनिश्चित करते हैं कि खिलौनों में छोटे हिस्से न हों, जो बच्चों के लिए खतरे का कारण बन सकते हैं। इस प्रकार, ISI मार्क यह गारंटी देता है कि खिलौने बच्चों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
नकली निर्माण पर रोक
ISI मार्क नकली और सस्ते खिलौनों के निर्माण और बिक्री को रोकता है, जो बच्चों के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
कानूनी सुरक्षा
भारतीय मानक ब्यूरो के नियमों के अनुसार, बिना ISI मार्क वाले खिलौनों का निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण या बिक्री करना गैरकानूनी है।
कैसे करें पहचान और शिकायत?
यदि आप बाजार में बिना ISI मार्क वाले खिलौने देखते हैं, तो आप इसकी शिकायत BIS Care App या ईमेल complaints@bis.gov.in के माध्यम से कर सकते हैं। आपकी सतर्कता न केवल आपके बच्चे को सुरक्षित रखेगी, बल्कि अन्य बच्चों के माता-पिता को भी जागरूक बनाएगी।
माता-पिता हों जागरूक
बच्चे अक्सर खिलौनों को मुंह में डालते हैं या उनसे गलत तरीके से खेलते हैं। ऐसे में खिलौनों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर ध्यान देना हर माता-पिता का कर्तव्य है। ISI मार्क वाले खिलौने खरीदना सुनिश्चित करें, ताकि आपके बच्चे सुरक्षित रहें और खिलौनों के साथ उनका खेलना मजेदार और जोखिममुक्त हो।
