इंटरनेट पर अपना डांस स्कूल चला रही माधुरी दीक्षित कई रियलिटी शो की जज बन चुकी हैं । एक बार फिर माधुरी एंड टीवी के डांस रियलिटी शो ‘सो यू थिंक यू कैन डांस’ में जज के रूप में नजर आ रही हैं। इस शो की शूटिंग के दौरान माधुरी से मिली हमारी मुम्बई ब्यूरो चीफ गरिमा चन्द्रा। पढ़िए उनकी बातचीत के कुछ अंश-

1. एक्टिगं या डांस, इन दोनों में आपकी पहली पसन्द क्या है?

अगर एक्टिगं मेरा पहला प्यार है, तो डांस मेरा पैशन या जुनून है। डांस मेरे नस-नस में समाया हुआ है, मैं तीन साल की उम्र में डांस सीख रही हूॅं, मैंने बचपन में ही कत्थक की ट्रेनिगं लेनी शुरू कर दी थी, फिर बाॅलीवुड में आकर अलग-अलग शैली के डांस सीखे। कत्थक में आपकी मुद्राओं पर बहुत ध्यान दिया जाता है और वहीं से आपकी अभिनय की ट्रेनिंग भी शुरू हो जाती है।

 

 2. आप स्वयं किस तरह का डांस पसन्द करती हैं । स्टेज या स्ट्रीट इन दोनो मे आपका फेवरेट कौन है?

(हंसकर) मुझे तो स्टेज और स्ट्रीट दोनों ही पसन्द है। स्टेज पर तो मैं कत्थक कई सालों से करती आई हूं। फिल्मों में ‘चने के खेत में’ जैसे गाने भी किये हैं इसलिए मैं हर तरह का डांस एंजॉय करती हूँ। हां, स्टेज के मेरे फेवरेट पण्डित बिरजू महाराज जी हैं। उनके समान परफॉरमर मिलना मुश्किल है। स्ट्रीट डांस में मुझे गोविन्दा जी का नाम याद आता है उनका एक गाना ‘आय एम अ स्ट्रीट डान्सर’ लाजबाब था, फिर बास्को (शो में को-जज) स्ट्रीट डांस में माहिर हैं। 

3. आपके हसबेंड ‘डॉ नेने’ कितना डांस कर लेते हैं?

डा. नेने को ज्यादा डांस नहीं आता है। इंटरनेट पर मेरी अकैडमी ‘डांस विद माधुरी’ में हमने नाॅन डान्सर पार्टनर के लिये एक क्लास रखी है, जिसमें मेरे हसबेंड डा. नैने और मनीष पाल ने मेरे साथ डांस किया है। उसी में उन्होंने थोड़ा बहुत डांस सीखा है।

4. क्या आपके बच्चों को आपके स्टारडम का अहसास है?

हां, वह जानते हैं कि उनकी माॅम एक एक्ट्रेस है, स्टार है। लेकिन यह बात उन्हें इसलिए पता है क्योंकि स्कूल में दूसरे बच्चे उनसे यह बात करते हैं। घर में मैं एक नॉर्मल मदर की तरह ही रहती हूॅं।

5. क्या वह भी आपकी तरह एक्टिंग में आना चाहेंगे?

पता नहीं, अभी तो वह बहुत ही शरारती हैं जैसा कि उनकी उम्र में होना चाहिए। मैं उन्हें किसी भी लाइन में जाने के लिये प्रेशर नहीं डालती हूं। मैं चाहती हूॅं कि वह वही बने जो वह चाहते हैं। अभी तो बड़े बेटे रयान को साइन्स में रूचि है और दूसरे बेटे अरिन को म्यूजिक में रूचि है। वह तबला और पियानों बजाता है। इस साल उसने मुम्बई काला घोड़ा फेस्टिवल में तबला भी बजाया था। मेरे दोनों बच्चे एकदम नार्मल किड्स जैसे हैं। उन्हें भी फिल्में देखने का शौक है, हाल ही में दोनों ने जंगल बुक देखी और खूब एन्जाॅय भी किया।

6. शाहरूख, सलमान या आमिर, आपको किसके साथ डांस करना ज्यादा पसंद है?

मैंने सलमान, शाहरूख और आमिर, तीनों खान के साथ डांस किया है। सलमान बहुत अच्छे डांसर हैं, उनका व्यक्तित्व बहुत ही चार्मिगं है। मैं जब भी उनका डांस देखती हूं, मेरे मुंह से वॉव ही निकलता है। शाहरूख का अपना एक स्टाइल है, वह हमेशा मुझसे कहते थे कि माधुरी तुम लीड करो, मैं तुम्हे फाॅलो करूंगा। आमिर हर चीज़ की तरह डांस में भी बहुत ही परटीकुलर हैं। वह पूरा डांस सीख कर, हर स्टेप पर मेहनत करके ही शूट करते हैं। मेरे तो तीनों के साथ अपने-अपने बेस्ट मोमेन्टस हैं, बहुत खूबसूरत यादें हैं।

7. पहले भी आप रियलिटी शो की जज रह चुकी हैं। इस शो में क्या खास बात है?

मैंने कई रियलिटी शोज़ को जज किया है। मैं ‘झलक दिखला जा’ के  6 सीजन कर चुकी हूं। उसमें एक सेलिब्रिटी के साथ सेलिब्रिटी कोरियोग्राफर डांस किया करते थे, लेकिन इस शो में आम आदमी डांस कर रहा है, वह भी स्टेज और स्ट्रीट थीम पर। इस शो के जरिये लोगों से मिलने, उनसे जुड़ने का मौका मिल रहा है। जहां सारे शो खत्म होते हैं वहाॅं हमारा शो शुरू होता है। छोटे-छोटे शहरों से ऐसे लेवल की डासिंग देखने को मिल रही है, इतना टैलेन्ट दिख रहा है कि आप आश्चर्य चकित रह जायेंगे। ।

8. गृहलक्ष्मी की रिडर्स के लिए कोई मैसेज?

डांस को अपनी ज़िन्दगी का हिस्सा बनाईये। यह आपकी बाॅडी और माइंड दोनों को फिट रखता है। फिटनेस के लिये डांस से अच्छी कोई एक्सरसाइज नहीं है। 

 

ये भी पढ़े-

प्लेन की लैंडिंग से लगता है डर- राधिका आप्टे

कभी डांस के लिए भी श्रद्धा ने सुने थे ताने, अब हुई ‘बागी’

मैं तभी पढ़ती थी जब एक्जाम आते थे -जूही चावला

 

आप हमें फेसबुक , ट्विटर और यू ट्यूब चैनल पर भी फॉलो कर सकते हैं।