पुराने कपड़ों से घर पर बनाएं खूबसूरत से बैग
घर पर पुराने कपड़ों से आप कई तरह के खूबसूरत बैग तैयार कर सकते है। आइए जानते हैं पुराने कपड़ों से बैग बनाने का तरीका?
Cloth Bag at Home: जब भी हम घर की साफ-सफाई करते हैं, तो किसी न किसी कोने या फिर अलमारी से पुराने कपड़े निकल जाते हैं। इन कपड़ों का इस्तेमाल हम या तो पोछा में कर लेते हैं या फिर कूड़ेदान में फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप इन पुराने कपड़ों को रिसाइकल करके नया बैग तैयार कर सकते हैं। इस तरह के बैग का ट्रेंड इन दिनों काफी ज्यादा भी है। पुराने कपड़ों से बैग बनाने के लिए आपको किसी परफेक्शन की जरूरत नहीं है। बस आपके पास एक सुई धागा, कैंची, सिलाई मशनी होनी चाहिए, जिसकी मदद से आप घर पर खुद से ही एक खूबसूरत सा बैग तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं पुराने कपड़ों के इस्तेमाल से किस तरह बैग बनाया जा सकता है?
किन चीजों की होती है जरूरत?
- घर में पड़ा कोई सा भी प्रिंटेड कपड़ा
- पुराना या फिर नया कोई सा भी प्लेन कपड़ा
- कैंची
- सुई-धागा
- इंची टेप
- सिलाई मशीन

पुराने कपड़े से कैसे बनाएं बैग?
आपके पास जो भी कपड़ा है, उसे डबल कर लें। इसके बाद एक इंची टेप लें, इस टेप की मदद से कपड़े को मापें। आप अपने बैग के साइज के मुताबिक, कपड़े को इंची टेप से मापें। ध्यान रखें कि अगर आपके कपड़े की चौड़ाई 13 इंच है, तो लंबाई 15 इंच होनी चाहिए यानि चौड़ाई से थोड़ा अधिक लंबाई में कपड़े की साइज सही होती है। इससे बैग अच्छे से बन पाता है।
इसके बाद कोई प्लेन कपड़ा है। इसे भी पहले कपड़े की तरह मापकर काट लें। इसके बाद आपके पास दो पीस तैयार हो जाएंगे, एक बैग के बाहर लगेगा। वहीं, दूसरा कपड़ा बैग के अंदर लगेगा।
कपड़े के काटने के बाद बाहर वाले कपड़े के हिस्से को तीन ओर से सिलाई मशीन की मदद से सिल लें। इसके बाद दूसरा कपड़ा, जो अंदर के लिए है, उसे सिले हुए बैग के अंदर डालकर उल्टा करके सिल लें। इसके बाद आप तुरपाई की मदद से अंदर वाले हिस्से को अच्छे से टक कर लें, ताकि धागा हाथों में न फंसे।
इसके बाद बैग के दोनों ओर अपना पसंदीदा हैंडल बनाकर जोड़ें। बैग के हैंडल को कितना पतला या मोटा करना है, इसे आप अपने कंम्फर्ट के हिसाब से देख सकते हैं। इसके बाद प्रिंटेड कपड़े को काटकर कोई अच्छा सा सेफ डालें और बाहर के हिस्से पर लगाएं। लीजिए आपका बैग तैयार है।

कुछ जरूरी बातें
बैग की साइज इस बात पर निर्भर करती है कि आप उसे किस काम में ला रहे हैं। अगर आप कॉलेज जाने के लिए बैग बना रहे हैं, तो छोटे आकार में कपड़ा काटें। वहीं, अगर आप कोई भारी सामान के लिए बैग बना रहे हैं, तो कपड़ा थोड़ा सा मोटा और लंबा काटें।
घर पर पुराने कपड़ों से बैग तैयार कर सकते हैं। बेहतर ढंग से समझने के लिए आप इंटरनेट पर मौजूद कई तरह के वीडियोज देख सकते हैं। इस तरह का बैग पोकेट और एंवायरमेंट फ्रेंडली होता है।
