Navratri Colours 2025
Navratri Colours 2025

Navratri Colours 2025: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। इस बार नवरात्रि 30 मार्च रविवार से शुरू होकर 7 अप्रैल सोमवार को समाप्त होगी। नौ दिनों तक चलने वाले इस त्यौहार को हिंदू धर्म में बड़े ही धूम धाम से मनाते हैं। नवरात्रि देवी दुर्गा को समर्पित है और इस दौरान माता के 9 रूपों की पूजा की जाती है। लोग पूरे 9 दिनों का उपवास रखते हैं और विधि विधान से माता रानी की पूजा करते हैं। वैसे तो देवी मां को लाल रंग बहुत ही प्रिय है लेकिन कुछ ऐसे भी रंग है जिन्हें नवरात्रि के दौरान पहनना बहुत ही शुभ माना जाता है। यह सभी रंग माता के अलग अलग रूपों से जुड़े हैं और इनका अपना एक अलग ही महत्व होता है।

आइए आपको देवी मां के नौ रूपों के साथ उन 9 रंगों के बारे में भी बताते हैं।

नवरात्रि का पहला दिन देवी शैलपुत्री को समर्पित होता है। माता शैलपुत्री को हिमालय पुत्री भी कहा जाता है। देवी शैलपुत्री को पीला रंग बहुत ही पसंद है इसलिए यदि नवरात्रि के पहले दिन पूजा करते समय आप पीला वस्त्र धारण करते हैं तो इससे आपके जीवन में सुख समृद्धि और स्थिरता का आगमन होगा। इसके अलावा आपकी मनोकामना भी पूर्ण होगी।

दूसरे दिन माता ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। देवी ब्रह्मचारिणी को सफेद रंग अत्यंत प्रिय है। सफेद रंग को शांति और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि सफेद वस्त्र पहनकर माता की पूजा करने से संयम में वृद्धि होती है। ऐसे में व्यक्ति बड़ी से बड़ी मुश्किल को भी आसानी से पार कर लेता है।

नवरात्रि के तीसरे दिन चंद्रघंटा देवी के पसंदीदा रंग के वस्त्र पहनने चाहिए। देवी मां को आसमानी रंग बेहद प्रिय है। यह रंग शांति और साहस का प्रतीक माना जाता है।

चौथे दिन नारंगी रंग के वस्त्र पहनना चाहिए क्योंकि यह रंग देवी कुष्मांडा से जुड़ा हुआ है। माता कुष्मांडा की पूजा करने से सभी रोग दूर होते हैं, साथ ही आयु और यश में वृद्धि होती है।

नवरात्रि का पांचवा दिन देवी स्कंदमाता को समर्पित होता है। यह देवी भगवान कार्तिकेय की माता के रूप में भी जानी जाती हैं। इन्हें हरा रंग बहुत ही पसंद है। हरे रंग को सुख और शांति का प्रतीक माना जाता है।

छठे दिन मां कात्यानी की पूजा की जाती है और इस दिन आप लाल रंग के कपड़े पहन सकते हैं। देवी मां को लाल चुनरी ओढ़ाना बहुत ही शुभ माना जाता है। लाल रंग को प्रेम और ऊर्जा का प्रतीक कहा जाता है।

नवरात्रि के सातवें दिन माता कालरात्रि की पूजा की जाती है। इस दिन नीले रंग के वस्त्र पहनना चाहिए। माता की पूजा करने से नकारात्मकता दूर होती है, साथ ही रोग और भय से भी छुटकारा मिलता है।

आठवें दिन महागौरी देवी की पूजा होती है। महागौरी की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है और जीवन में सुख समृद्धि बनी रहती है। नवरात्रि के आठवें दिन आप गुलाबी रंग के वस्त्र पहन सकते हैं।

नवरात्रि का आखिरी दिन देवी सिद्धिदात्री को समर्पित है। इस दिन आप बैंगनी रंग के वस्त्र धारण कर सकते हैं। माता सिद्धिदात्री की पूजा करने से सभी सिद्धियां की प्राप्ति होती है साथ ही यश और बाल में भी वृद्धि होती है