मोर पंख को हम बचपन में अपनी किताबों में रखते थे। ऐसा करने के पीछे हम मानते थे कि इससे हमें अधिक विद्या आएगी। मोर पंख न सिर्फ विद्या में सहायक है, बल्कि कुंडली के कई दोष दूर करने के साथ ही वास्तुदोष भी दूर करता है। आइये आपको बताते हैं कि मोर पंख से जीवन में क्या सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं।
 
व्यापार में उन्नति
 
अपने ऑफिस या दुकान में दक्षिण-पूर्व दिशा में मोर पंख लगाएं। इससे व्यापार में उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। शास्त्रों के अनुसार, ऐसा करने से घर-परिवार की आर्थिक समस्या हल होती है और पैसों की तंगी दूर होती है।
 
रुका काम करे पूरा
 
मोर पंख को सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस कारण यदि मोर पंख आप अपने घर में सही जगह रखते हैं, तो आपको लाभ होता है। जैसे अगर आपके किसी कार्य को पूरा करने में लंबे समय से लगातार रुकावट आ रही है, तो आप अपने बेडरूम की पूर्व या दक्षिण-पूर्व दिशा में मोर पंख लगाएं। इससे वह कार्य पूर्ण होने के योग बनते हैं। 
 
दुश्मनों को बना दे मित्र 
 
माना जाता है कि मोर पंख में दुश्मनों को भी मित्र बनाने की शक्ति होती है। मान्यता है कि हनुमानजी की प्रतिमा के मस्तक से सिंदूर लेकर जिस व्यक्ति से आपके संबंध कटु चल रहे हैं, उसका नाम मोर पंख पर लिखें। इसके बाद रातभर उसे मंदिर में रखने के बाद अगली सुबह जल में प्रवाहित कर दें। ऐसा करने से कारगर लाभ मिलता है।
 
राहु दोष होता है दूर
 
ज्योतिषशास्त्र  में मोर पंख को काफी पवित्र माना जाता है। इस वजह से ऐसा कहा जाता है कि जो जातक किसी भी रूप में अपने साथ मोर पंख को रखता है, उसकी किस्मत खुल जाती है। मान्यता है कि मोर पंख साथ रखने से कुंडली से राहु दोष दूर होता है।
 
वास्तु दोष करे दूर
 
वास्तुशास्त्र में घर के मुख्य द्वार की काफी अहमियत बताई गई है। ऐसा माना जाता है कि घर के मुख्य द्वार पर सफाई रखने के साथ ही वहां यदि गणेशजी की मूर्ति के साथ मोर पंख सजाते हैं, तो घर से हर प्रकार का वास्तु दोष दूर हो जाता है। इसके अलावा ऐसा माना जाता है कि घर में मोर पंख रखने से सकारात्मकता आती है और पुस्तक में रखने से स्टूडेंट्स की मेमोरी पावर अच्छी होती है।
 
ये भी पढ़ें –
आप हमें फेसबुक, ट्विटर और यू ट्यूब चैनल पर भी फॉलो कर सकते हैं।