Nutrition and Healthy Habits: प्रतिदिन कम-से-कम 30 मिनट की हल्की वॉक या कोई भी शारीरिक गतिविधि करें, संतुलित और कम तला-भुना भोजन लें, पर्याप्त पानी पिएं और तनाव से दूर रहें।
इस वैलेंटाइन अपने दिल को नजरअंदाज न करें। रोजमर्रा की आदतों में छोटे, समझदारी भरे बदलाव अपनाकर सेहत को सुरक्षित रखें।
डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर को साइलेंट किलर कहा जाता है, क्योंकि ये बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। यही दोनों आज देश में दिल की बीमारियों के बढ़ते मामलों की बड़ी वजह हैं। अगर इन्हें समय रहते नियंत्रित न किया जाए, तो ये हृदय पर लगातार दबाव डालते हैं और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा देते हैं। इसलिए नियमित जांच और सही देखभाल जरूरी है।
सही उम्र से शुरुआत
दिल की देखभाल सिर्फ बढ़ती उम्र में नहीं, बल्कि युवावस्था से ही शुरू हो जानी चाहिए। अगर परिवार में किसी को दिल की बीमारी रही है, तो और भी सतर्क रहना जरूरी है। बीस की उम्र से अच्छी आदतें अपनाने से आगे चलकर बड़े जोखिमों से बचा जा सकता है।
कोलेस्ट्रॉल रखें नियंत्रित
अगर शरीर में ट्राइग्लिसराइड ज्यादा और अच्छा कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल कम है, तो दिल की धमनियों में रुकावट बढ़ सकती है। इसलिए समय-समय पर जांच कराना और संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
धूम्रपान से दूरी
धूम्रपान करने वालों में हार्ट अटैक का खतरा लगभग दोगुना होता है। सिगरेट धमनियों को
नुकसान पहुंचाती है और खून के थक्के बनने की आशंका बढ़ाती है। इसे छोड़ना दिल के
लिए बड़ा कदम है।
नियमित व्यायाम करें
अचानक या बहुत ज्यादा जोरदार व्यायाम दिल के लिए नुकसानदेह हो सकता है। खासतौर पर वेट लिफ्टिंग से ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है। पहले जांच और फिर सही व्यायाम जरूरी है।
फाइबरयुक्त आहार लें
घुलनशील फाइबर शरीर में कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। ओट्स, सेब,
संतरा, नींबू और जौ जैसे खाद्य पदार्थ दिल के लिए फायदेमंद होते हैं।
पूरी नींद जरूरी
नींद पूरी न होने से वजन और भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन बिगड़ जाते हैं। रोज सात घंटे की गहरी नींद दिल की बीमारी और हार्ट अटैक के खतरे को कम करती है।
गले लगने का असर
प्रतिदिन गले लगने से शरीर में ऑक्सीटोसिन हार्मोन निकलता है, जो तनाव कम करता है।
इससे ब्लड प्रेशर संतुलित रहता है और दिल को सुकून मिलता है।
अच्छा कोलेस्ट्रॉल बढ़ाएं
एचडीएल यानी अच्छा कोलेस्ट्रॉल खराब कोलेस्ट्रॉल को धमनियों से बाहर निकालता है। रोजाना थोड़े से बादाम खाने से एचडीएल बढ़ाने में मदद मिलती है।
काम का तनाव कम
लगातार काम का दबाव तनाव हार्मोन बढ़ाता है, जिससे दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर
बढ़ता है। लंबे समय तक तनाव रहने से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है।
लहसुन का लाभ
लहसुन कोलेस्ट्रॉल घटाने और खून के थक्के बनने से रोकने में मदद करता है। यह रक्त
संचार बेहतर करता है और धमनियों को स्वस्थ रखने में सहायक है।
वजन घटाएं समझदारी से

अधिक वजन होने पर दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। वजन कम होने से दिल पर
दबाव घटता है और उसकी कार्यक्षमता बेहतर होती है। पेट की चर्बी दिल की बीमारी का
बड़ा कारण है।
फल-सब्जी खाएं
फल और सब्जियों में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट दिल की बीमारियों का खतरा कम करते हैं। रोजाना पर्याप्त मात्रा में फल-सब्जी खाना दिल को मजबूत बनाता है। पालक जैसे हरे पत्तेदार खाद्य पदार्थ होमोसिस्टीन को नियंत्रित करते हैं, जो दिल की बीमारी का एक बड़ा कारण माना जाता है।
शराब से परहेज
शराब ट्राइग्लिसराइड बढ़ाती है और दिल की मांसपेशियों को कमजोर करती है। सीमित
मात्रा से अधिक शराब दिल और लिवर दोनों के लिए नुकसानदेह है।
