Palak Snacks Recipes
Palak Snacks Recipes

सर्दियों में लगभग हर घर में पालक ज़रूर मिल जाएगी। आमतौर पर पालक की सब्जियां या इसके पराठे घर में बना लिए जाते हैं। पालक को किसी भी रूप में खाएं, ये फायदा ही करेगी। पालक खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है लेकिन बच्चे और यहां तक कि कुछ बड़े भी पालक को देखकर ही मुंह बना लेते हैं। जब भी घर में पालक की सब्जी बनती है तो वे इसे खाने से बचते हैं और इसका विकल्प ढूंढते हैं।

जिन लोगों को पालक का साग खाना पसंद नहीं या इसके पराठे खाकर बोर हो गए हैं, तो वे पालक से बने कुछ यमी स्नैक्स ट्राय कर सकते हैं। पालक के ये स्नैक्स स्वाद से भरपूर होते हैं और इनका सेवन पोषण भी देता है। इसलिए अब बच्चा अगर पालक नहीं खाता है, तो उन्हें ये 5 टेस्टी Palak Snacks खिलाएं। इन रेसिपी को आप सुबह ब्रेकफास्ट के लिए या फिर ईवनिंग स्नैक्स के रूप में दे सकते हैं।

ब्रेड पालक वड़ा

palak vada ki recipe

सामग्री

  • ब्रेड स्लाइस – 6
  • पालक कटा हुआ – 1/2 कप
  • चावल का आटा – 1/2 कप
  • जीरा – 1/2 टीस्पून
  • अजवायन – 1/2 टीस्पून
  • अमचूर पाउडर – 1/2  टीस्पून
  • स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर

विधि

  • ब्रेड के स्लाइस को मिक्सर ग्राइंडर में पीस कर ताजा ब्रेड क्रम्ब्स बना लें। इसमें सारी सामग्री डालें। अच्छे से मिलाएं। साथ ही मिश्रण में 1 टीस्पून तेल भी डालें। कटलेट का मिश्रण तैयार करने के लिए थोड़े से पानी का इस्तेमाल करें।
  • मिश्रण के छोटे-छोटे गोले बनाकर मनचाहे आकार के कटलेट तैयार कर लें। वड़ा या रिंग का रूप देने के लिए बीच के हिस्से को हटा दें। यह स्टेप वैकल्पिक है।
  • अब एक कड़ाही को गैस पर रख कर गर्म कर लें। अब इसमें तेल डालें। जब ये तेल अच्छे से गर्म हो जाए तो इसमें तैयार किए हुए वड़ों को डालकर गोल्डन होने तक तल ले। सॉस के साथ परोसें।

पालक स्टिक्स

palak sticks recipe

सामग्री

  • गेहूं का आटा – 1 कटोरी
  • सफेद तिल – 2 टीस्पून
  • ब्लैंच्ड पालक – 1 कप
  • अजवायन – ½  टीस्पून
  • लाल मिर्च पाउडर – ¼ टीस्पून
  • नमक स्वादानुसार
  •  तेल आवश्यकतानुसार
  •  गर्म पानी आवश्यकतानुसार

विधि

  • एक पैन में सबसे पहले तिल को सुनहरा भूरा होने तक धीमी आंच पर भूनें। इसे अलग रख दें।
  • कटे हुए पालक को हल्का नरम होने तक उबाल लें। एक बार जब यह नरम हो जाए तो इसे छान लें। अब थोड़े से पालक को अलग रखें और ग्राइंडर में बाकी की प्यूरी बना लें।
  • एक कटोरा लें। इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, अजवायन, भुने हुए तिल डालें। अब 2 टेबल स्पून तेल डालकर मिक्स कर लें। अब इसमें पालक की प्यूरी, ब्लांच किया हुआ पालक डालकर दोबारा मिलाएं।
  • आटा गूंथने के लिए इसमें गर्म पानी डालें। आटा न ज्यादा नरम और न ज्यादा सख्त हो। आटा हल्का सा ही सख्त होना चाहिए।
  • आटे को 5 बराबर भागों में बांट लें। बेलन की सहायता से हर भाग को बेल लें। अब इसमें कांटे या टूथपिक में छेद कर दें। ध्यान रहे कि चपाती ज्यादा पतली या ज्यादा मोटी नहीं होनी चाहिए। बेली हुई चपाती की लंबी स्ट्रिप्स चाकू से काट लें। इसे एक तरफ रख दें।
  • एक कड़ाही में तेल डालें। तेल के गर्म होने पर स्टिक्स को मध्यम आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें। पालक स्टिक्स तैयार है।

क्रिस्पी पालक पकौड़े

palak pakode

सामग्री

  •  पालक – 30 पत्ते
  • बेसन – 200 ग्राम
  • लाल मिर्च पाउडर – ½ टीस्पून
  • अजवायन – 1/2  टीस्पून
  • हल्दी पाउडर – 1/ टीस्पून
  • चाट मसाला पाउडर, नमक  स्वादानुसार
  • तेल आवश्यकतानुसार तलने के लिए

विधि

  • एक बाउल में बेसन लें। इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। अब थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर बनाएं।
  • एक कड़ाही में तेल गर्म कर लें। पालक के पत्ते को बैटर में डिप करें और अच्छी तरह से पालक को बैटर में कोट कर लें। अब पत्ते को कड़ाही में धीरे से डालें। पालक के पत्ते को कुरकुरा सुनहरा होने तक तल लें। एक-एक सारे पालक के पत्ते को इसी स्टेप के साथ तल लें। क्रिस्पी पालक पकौड़ा को इमली की चटनी और धनिया चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

पालक कबाब

palak kabab recipe

सामग्री

  • पालक – 500 ग्राम
  • बेसन – 150 ग्राम
  • आलू- 3
  • प्याज बारीक कटे हुए – 2
  • हरी मिर्च बारीक कटी हुई – 5
  • चाट मसाला – ½ टीस्पून
  • गर्म मसाला – ½ टीस्पून
  • हरा धनिया – 2 टेबल स्पून
  • स्वादानुसार नमक
  • आवश्यकतानुसार तेल

विधि

  • सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धो लें। इसका मिक्सर में पेस्ट बना लें।
  • एक बाउल में आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। फिर इसमें पालक का पेस्ट डालें। अब अन्य सामग्रियां जैसे प्याज, मूंगफली, हरा धनिया, बेसन, चाट मसाला, गर्म मसाला, नमक डाल कर मिक्स करें।
  • इस मिश्रण को अच्छे से मिक्स कर कबाब के आकार में छोटे-छोटे गोले बना लें।
  • अब एक पैन को गर्म करें। इस पर थोड़ा-सा तेल डालें। एक अलग कटोरी में तेल निकालें और कबाब को एक-एक चम्‍मच तेल डालते हुए दोनों ओर से सेंक लें। दोनों तरफ सुनहरा रंग आ जाए तो इन्हें पैन से निकाल लें और धनिया पुदीना चटनी के साथ गर्मा-गर्म सर्व करें।

पालक रोल्स

palak roll recipe

सामग्री

  • पालक – 300 ग्राम
  • गेहूं का आटा दरदरा पीसा हुआ – 100 ग्राम
  • सूजी – 3 टेबलस्पून
  • बेसन – 2 टेबलस्पून
  • खट्टा दही – 2 टेबलस्पून
  • स्वादानुसार नमक
  • अदरक बारीक कटा हुआ – 1 टीस्पून
  • हरी मिर्च बारीक कटी हुई – 1 टीस्पून
  • बारीक कटा प्याज – 1
  • हल्दी पाउडर – ¼  टीस्पून
  • अजवायन – 1 टीस्पून
  • तलने के लिए तेल

विधि

  • सबसे पहले पालक को कटा लें। पालक को अच्छी तरह धोकर एक छलनी में अलग रख दें।
  • एक बाउल में गेहूं का आटा लें। इसमें सूजी और बेसन डालकर मिक्स करें। फिर अजवायन, हल्दी पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च डालें।
  • दही, स्वादानुसार नमक और थोड़ा पानी डालकर आटे को गूंध लें। आटे को 15 मिनट के लिए अलग रख दें।
  • बारीक कटा प्याज और पालक डालकर मिक्स कर लें। फिर आटे से एक समान रोल बना लें।
  • कड़ाही में तेल गर्म करें और फिर उसमें रोल डालें। रोल्स को शेलो फ्राय करें और बाहर निकाल लें। रोल्स जब ठंडे हो जाएं तो उन्हें फिर से तलें।

सोनल शर्मा एक अनुभवी कंटेंट राइटर और पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया, प्रिंट और पीआर में 20 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने दैनिक भास्कर, पत्रिका, नईदुनिया-जागरण, टाइम्स ऑफ इंडिया और द हितवाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया...

Leave a comment