Shiva Temple in Delhi: भगवान शिव से जुड़े कई व्रत-त्योहारों में महाशिवरात्रि को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, जोकि फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। इस वर्ष महाशिवरात्रि का त्योहार 26 फरवरी 2025 को मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि के दिन शिव भक्त व्रत रख कर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा पाठ करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन ही भगवान शिव और मां पार्वती क्या विवाह हुआ था।
महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की चारों प्रहर पूजा की जाती है। वैसे तो आप घर-मंदिर कहीं भी महाशिवरात्रि की पूजा कर सकते हैं। लेकिन इस विशेष दिन पर शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहता है। सुबह से ही शिवालयों में भक्त पहुंचने लगते हैं और शिवलिंग पर जल चढ़ाकर शिवजी की पूजा-अर्चना करते हैं। अगर आप दिल्ली या दिल्ली के आसपास रहते हैं और महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का पूजा-दर्शन करना चाहते हैं तो दिल्ली के इन शिव मंदिर में जरूर जाएं। ये दिल्ली के प्रसिद्ध और प्राचीन शिव मंदिर हैं। मान्यता है कि यहां जो भक्त श्रद्धाभाव और सच्चे मन से शिवजी के पूजा-दर्शन करता है, उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है। आइए जानते हैं दिल्ली के प्रसिद्ध शिव मंदिरों के बारे में।
नीली छतरी मंदिर

दिल्ली के यमुना बाजार में स्थित भगवान शिव के इस मदिर का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा है। कहा जाता है कि युधिष्ठिर ने इस मंदिर की स्थापना की थी और अश्वमेध यज्ञ का भी आयोजित किया था। इस मंदिर को नीली छतरी इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इसके गुंबद में नीले रंग के पत्थर लगे हैं। वैसे तो महाशिवरात्रि के दिन लगभग हर शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इस प्राचीन मंदिर को लेकर भक्तों के बीच विशेष आस्था और श्रद्धा बनी हुई है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आप भी यहां आकर भोलेनाथ के दर्शन कर सकते हैं।
मंगल महादेव बिरला कानन मंदिर
दिल्ली के रंगपुरी में मंगल महादेव बिरला कानन मंदिर है। इसकी स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की उपस्थिति में की गई थी। यहां भगवान शिव के साथ ही माता पार्वती और पुत्र कार्तिकेय की मूर्ति भी स्थापित है। यहां शिवजी की 100 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित है। वैसे तो प्रतिदिन यहां भक्तों की भीड़ रहती है। लेकिन महाशिवरात्रि पर दूर-दूर से भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
दूधेश्वर नाथ मंदिर

भगवान शिव को समर्पित यह प्राचीन मंदिर दिल्ली से सटे गाजियाबाद में है। सोमवार, सावन और महाशिवरात्रि जैसे अवसरों पर यहां भक्तों की भीड़ रहती है। मान्यता है कि यहां स्थापित शिवलिंग लगभग 5 हजार वर्ष पुराना है।
शिव-गौरी मंदिर

दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित शिव-गौरी का यह प्राचीन मंदिर है। यहां स्थित लिंगम 800 साल पुराना बताया जाता है। साथ ही यहां भगवान गणेश और राधा-कृष्ण की मूर्ति भी है। महाशिवरात्रि के मौके पर भक्त यहां आते हैं और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हैं।
