अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मौके पर महिलाओं के सम्मान हेतु वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर इशिका तनेजा ने सामाजिक बुराई का शिकार हुई यानि एसिड की मार से पीड़ित महिलाओं का मेकअप किया और उनके भीतर दबे हुए आत्म-विश्वास को बढ़ावा दिया। इस कार्यक्रम में भजनपुरा की ममता, फरीदाबाद की अर्चना, नंदगिरी की सपना, गुरूग्राम की मीनाक्षी, पालम की सविता व मालवीया नगर की अनु मुखर्जी मौजूद थीं। इन छह महिलाओं पर अपनी कला का जादू बिखेरते हुए अंतर्राष्ट्रीय ब्यूटी एक्सपर्ट व भारती तनेजा एल्पस ग्रुप की एक्ज़ीक्यूटिव डॉयरेक्टर इशिका तनेजा ने कहा कि, “मुझे हमेशा से ही चैलेंजिंग मेकअप करना पसंद रहा है। मैं हमेशा उस चीज को सुंदर बनाने में विश्वास रखती हूं जो दुनिया की नज़र में खूबसूरत नहीं है और इसीलिए मैंने इन पीड़ित महिलाओं को चुना है ताकि इनके अंदर का खोया कांफिडेंस लौटे और ये अपने नए अस्तित्व के साथ दुनिया को देखें”। इतना ही नहीं इन महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने व सम्मान के साथ दुनिया में जीवन यापन करने के लिए इशिका ने उन्हें पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप व नौकरी देने का वादा भी किया है ताकि वो गर्व के साथ समाज में अपनी पहचान बना सकें। मेकअप से मिले एक नए रूप को पाने के बाद भजनपुरा की ममता ने कहा कि, “साल 2010 में मुझ पर हुए एसिड हमले के बाद मैंने अपने घर से बाहर निकलना छोड़ दिया था लेकिन आज इस नए रूप को पाकर मैं फिर से दुनिया के सामने खड़ी हो सकती हैं। इसके अलावा यहां पर मिली मेकअप ट्रेनिंग से अपने पार्लर को आगे लेकर जा सकती हूं”।
ये भी पढ़ें
