Summary: नए साल की शुरुआत में नियम बदले, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा असर
2026 की शुरुआत सिर्फ नया साल नहीं बल्कि कई नियमों में बदलाव का भी समय है। 1 जनवरी से सैलरी, CNG-PNG और कई दूसरे नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जो आम आदमी की जिंदगी और खर्चों पर असर डाल सकते हैं।
New Rules From 1 January: 2025 के दिसंबर महीने के अंत के साथ ही 2026 की शुरुआत हो जाएगी। नया साल सिर्फ कैलेंडर बदलने का नाम नहीं होता, बल्कि इसके साथ ही हमारे डेली लाइफ रूटीन में भी कई चीजें बदल जाती हैं। जैसे कि हर घर में गैस होती है, सीएनजी होता है, लोगों को महीने की तनख्वाह मिलती है। इनसे जुड़े भी कई नियम बदलने वाले हैं। तो चलिए जानते हैं, साल 2026 के पहले महीने जनवरी से कौन-कौन से नियम बदलेंगे।
कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

जो लोग सरकारी नौकरी में हैं, उनके लिए यह नया साल बहुत ही खुशियों भरा होने वाला है। खबर है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू हो सकती हैं, जिसका सीधा असर कर्मचारियों की बेसिक सैलरी और पेंशन पर पड़ेगा। इससे न केवल मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी, बल्कि पेंशन लाभार्थियों को भी अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना है। अगर किसी कारणवश घोषणा में थोड़ी देरी होती है, तब भी कर्मचारियों को पिछली तारीख से एरियर का भुगतान किया जाएगा। इसका मतलब है कि वेतन और पेंशन में जो भी बढ़ोतरी होगी, उसका लाभ कर्मचारियों को पीछे नहीं छोड़ा जाएगा।
राशन कार्ड बनवाना होगा आसान
राशन कार्ड बनवाना और अपडेट करना अब आसान हो जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू हो चुकी है, जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों और किसानों को फायदा होगा। अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और घर बैठे आवेदन किया जा सकेगा।
किसानों के लिए नए नियम
किसानों से जुड़े कई अहम बदलाव होंगे। यूपी समेत कई राज्यों में किसान आईडी अब जरूरी है। बिना आईडी पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त रुक सकती है। फसल बीमा योजना में भी बड़ा बदलाव होगा खरीफ 2026 से जंगली जानवरों से फसल नुकसान भी बीमा में कवर होगा। नुकसान की रिपोर्ट 72 घंटे के अंदर करना जरूरी होगा।
बैंकिंग के नियमों में बदलाव
एक रिपोर्ट के अनुसार, इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फॉर्म में बदलाव हो सकता है और अब ज्यादा डेटा देना पड़ सकता है। अप्रैल 2026 से क्रेडिट स्कोर सिर्फ 7 दिनों में अपडेट होगा। SBI और अन्य बैंकों ने लोन ब्याज दरों और एफडी रेट्स में बदलाव किया है, जिसका असर नए साल में दिखेगा।
सरकारी स्कूलों में डिजिटल अटेंडेंस
डिजिटल युग में अब सरकारी स्कूलों में भी तकनीक का इस्तेमाल बढ़ रहा है। खबर है कि कुछ राज्यों में बच्चों की अटेंडेंस अब टैबलेट के जरिए दर्ज की जाएगी। इससे न केवल छात्रों की उपस्थिति पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी, बल्कि शिक्षकों की उपस्थिति और पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग भी अधिक पारदर्शी और सटीक तरीके से होगी।
LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत

हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाती है। दिसंबर में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 10 रुपये कम किए गए थे, और अब 1 जनवरी 2026 से घरेलू सिलेंडर की कीमतों में भी कटौती होने की उम्मीद है। इससे आम परिवारों को राहत मिलने वाली है।
CNG और PNG के दाम होंगे कम
सरकार के टैक्स और जोन सिस्टम में बदलाव के कारण CNG और PNG की कीमतें घट सकती हैं। इसका सीधा फायदा वाहन चलाने वालों और घरों में गैस इस्तेमाल करने वाले लोगों को मिलेगा, जिससे उनकी खर्च में कमी आएगी।
