Winter Travel Tips
Winter Travel Tips

Winter Travel Tips: कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है और बच्चों के स्कूलों में छुट्टियां भी हो चुकी हैं। ऐसे में बच्चे कहीं बाहर जाने की जिद्द करते हैं। बच्चों में गिरते हुए बर्फ या स्नोफॉल देखना सपने जैसा होता है। इसलिए छुट्टियां मिलते ही बच्चे बर्फीली जगह पर जाने की जिद्द करने लगते हैं। हालांकि ठंड में बच्चों को बर्फीली जगह लेकर जाना माता-पिता के लिए चुनौतिपूर्ण हो सकता है। क्योंकि ऐसी जगहों पर तापमान शून्य से भी नीचे होता है। अगर आप विंटर वेकेशन में बर्फीली जगहों पर बच्चों को साथ लेकर जा रहे हैं तो आपको कुछ बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। खासकर पैकिंग के मामले में आपको ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। इसलिए हम आपको बता रहे हैं ऐसे पैकिंग टिप्स के बारे में जिससे आपकी यात्रा सुखद बनेगी। आइये जानते हैं ठंड की छुट्टियों के लिए बच्चों के लिए कैसे करें पैकिंग, जिससे वेकेशन में आप रहें टेंशन फ्री।

मौसम अनुसार बच्चों के कपड़े और जूते

Winter Travel Tips-Kids care in winter
Kids care in winter

ठंड से बचने के लिए सूटकेस में बच्चों के गर्म कपड़ों में इनर वियर, स्वेटर, जैकेट, विंटर कैप, लेदर या ऊनी ग्लव्स, मोजे आदि जरूर रखें। बच्चे कपड़े जल्दी गंदे करते हैं या खाते-पीते समय चीजें भी गिराते हैं। इसलिए कोशिश करें कि कम से कम बच्चों के एक्स्ट्रा जैकेट या स्वेटर भी सूटकेस में रखें।

साथ ही सामान को हल्का बनाने के लिए आप मल्टी-फंक्शनल कपड़े भी पैक करें। अगर आप बर्फीली जगह जा रहे हैं तो लंबे जूते जैसे बूट्स या स्नो सूट भी पैक करें। बर्फीली जगहों के लिए अलग से कपड़े रेंट पर भी उपलब्ध होते हैं। ये ऐसे कपड़े होते हैं जो जल्दी गीले नहीं होते। इसे पहनकर बच्चे घंटों बर्फ में इंजॉय कर सकते हैं। इसे बच्चों को आप कपड़ों के ऊपर पहना सकते हैं। इससे बच्चे को ठंड भी नहीं लगेगी और आपका सूटकेस भी हल्का रहेगा।

बच्चों के उपयोगी सामान

बच्चों के साथ यात्रा करते समय छोटी-बड़ी सभी चीजों का ध्यान रखना पड़ता है। यात्रा के लिए आप बच्चों के उपयोगी सामानों का भी ध्यान रखें। जैसे यात्रा के लिए हल्के कपंल या फिर पोर्टेबल स्लीपिंग बैग पैक करें। गर्म पानी या दूध के लिए थर्मल फ्लास्क, छोटी-मोटी भूख के लिए स्नैक्स या बिस्किट आदि पैक करना बिल्कुल न भूलें।

बच्चे के मनोरंजन का सामान

यात्रा के दौरान बच्चे बहुत बोर हो जाते हैं। अधिक छोटे बच्चे तो रोने लगते हैं और चिड़चिड़े हो जाते हैं। ऐसे में बच्चे के मनोरंजन भी ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। आप बच्चे का फेवरेट खिलौना, कलरिंग बुक, स्टोरी बुक आदि भी पैक कर सकते हैं।

बच्चों की देखभाल के सामान

safe winter vaccation tips
safe winter vaccation tips

मौसम में बदलाव होते ही बच्चों पर इसका असर तुरंत दिखने लगता है और वे बीमार पड़ जाते हैं। खासकर सर्दी-जुकाम, दस्त, बुखार आदि बच्चों को बहुत जल्दी हो जाती है। यात्रा के दौरान बच्चों को सेहत संबंधी किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए आप एक फर्स्ट एड बॉक्स भी तैयार करें। इसमें आप बच्चे के बुखार, सर्दी, खांसी, उल्टी आदि जैसी जरूरी दवाइयां और थर्मामीटर रखें और छोटी-मोटी चोट के लिए बैंडेड आदि भी रखें। डायपर, वाइप्स और मॉइस्चराइजर भी रखें। सबसे जरूरी चीज बच्चे का आधार कार्ड भी साथ रखें।

मैं मधु गोयल हूं, मेरठ से हूं और बीते 30 वर्षों से लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हूं। मैंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है और हिंदी पत्रिकाओं व डिजिटल मीडिया में लंबे समय से स्वतंत्र लेखिका (Freelance Writer) के रूप में कार्य कर रही हूं। मेरा लेखन बच्चों,...