साल 2025 में ये 7 बॉलीवुड जोड़ियाँ स्क्रीन पर पहली बार साथ आएँगी नजर
आइए जानते हैं उन 7 जोड़ियों के बारे में जो साल 2025 में पहली बार बड़े परदे पर साथ नज़र आने वाली हैं।
New Bollywood Pairing 2025: साल 2025 शुरू होने ही वाला है, चारों तरफ इसकी स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ऐसे में बॉलीवुड में भी साल 2025 में बहुत कुछ खास होने वाला है। इस साल दर्शकों को बड़े परदे पर कुछ नई जोड़ियों को साथ देखने का मौका मिलेगा, जो ऑन-स्क्रीन अपनी केमेस्ट्री से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। आइए जानते हैं उन 7 जोड़ियों के बारे में जो साल 2025 में पहली बार बड़े परदे पर साथ नज़र आने वाली हैं।
Also read: बड़े पर्दे पर धूम मचाएगी वरुण धवन और जान्हवी कपूर की जोड़ी, इस फिल्म में आएंगे नजर
New Bollywood Pairing 2025-कियारा आडवाणी के साथ ऋतिक रोशन करेंगे रोमांस

साल 2025 की सबसे पहली जोड़ी है कियारा आडवाणी और ऋतिक रोशन की। ये दोनों ही अयान मुखर्जी के द्वारा निर्देशित फिल्म ‘वॉर 2’ में साथ नजर आने वाले हैं। दर्शकों के लिए इन्हें एक साथ देखना काफी नया अनुभव रहेगा। यह फिल्म 14 अगस्त, 2025 को रिलीज़ होगी। यह फिल्म साल 2025 की सबसे बड़ी रिलीज फिल्म मानी जा रही है।
सलमान खान और रश्मिका मंदाना क्या दिखा पाएंगे जादू?

सलमान खान के फैन्स को साल 2025 में रश्मिका मंदाना के साथ देखने का मौका मिलेगा। इन दोनों की जोड़ी एक्शन ड्रामा फिल्म ‘सिकंदर’ में साथ दिखेगी। साल 2025 में सलमान खान के फैन्स को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहेगा।
सारा अली खान नज़र आएंगी आदित्य रॉय कपूर के साथ

आदित्य रॉय कपूर और सारा अली खान एक साथ अनुराग बसु के द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों में साथ नजर आने वाले हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म साल 2025 में दर्शकों को काफी ज्यादा पसंद आएगी और अच्छी कमाई भी करेगी।
अमन देवगन और राशा थडानी की जोड़ी का इंतजार

साल 2025 में निर्देशक अभिषेक कपूर की फिल्म ‘आजाद’ आने वाली है। इस फिल्म से रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रही हैं और उनके साथ इस फिल्म में अमन देवगन अपनी एक्टिंग का कमाल दिखाने के लिए तैयार हैं। यह फिल्म सामाजिक बदलाव के खिलाफ़ बनी यह ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म है जो 17 जनवरी 2025 को रिलीज़ होने वाली है।
जुनैद खान और खुशी कपूर की जोड़ी दिखेंगी स्क्रीन पर

जुनैद खान और खुशी कपूर भी साल 2025 में दर्शकों के सामने अपनी कैमेस्ट्री दिखाने वाले हैं। ‘महाराज’ फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने वाले जुनैद खान पहली बार खुशी कपूर के साथ नजर आएंगे।
विक्रांत मैसी के साथ शनाया कपूर आएंगी नज़र

विक्रांत मैसी और शनाया कपूर संतोष सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ में साथ नज़र आएंगे। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि यह फिल्म रस्किन बॉन्ड की लघु कथा पर आधारित है। यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म साल 2025 में रिलीज होगी।
वरुण धवन और मृणाल ठाकुर का रोमांस

वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर की जोड़ी को देखना दर्शकों के लिए काफी नया अनुभव रहने वाला है। वरुण और मृणाल, डेविड धवन की फिल्म अनटाइटल्ड एंटरटेनर में अपने अभिनय से दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने के लिए तैयार हैं। यह फिल्म ह्यूमरस सिचुएशन्स से भरी एक शानदार कॉमेडी फिल्म होने वाली है।
