इस एक कप चाय की कीमत है 1 लाख रुपए, ये है इसकी खासियत: Gold Tea Dubai
Gold Tea Dubai

Overview:

क्या आपने कभी एक लाख रुपए की एक कप चाय के बारे में सुना है। जी हां, दुबई के एक कैफे में भारतीय मूल के एक कैफे संचालक ने यह चाय लॉन्च की है।

Gold Tea Dubai: भारतीय लोगों का ‘चाय प्रेम’ जग जाहिर है। यहां अधिकांश लोगों के दिन की शुरुआत ही एक कप गर्म कड़क चाय से होती है। खुशी हो तो चाय की चुस्की, दोस्तों के साथ समय बिताना हो तो चाय, टेंशन दूर करनी हो तो चाय, मूड ठीक करना हो तो चाय। ऐसे में साफ है कि चाय, भारतीयों की जिंदगी का एक अहम हिस्सा है। यही कारण है कि यहां जितनी चाय घरों में बनती है, उतनी ही होटल, रेस्टोरेंट्स और थड़ियों पर भी मिलती है। हालांकि इनकी कीमत जगह पर निर्भर करती है। लेकिन क्या आपने कभी एक लाख रुपए की एक कप चाय के बारे में सुना है। जी हां, दुबई के एक कैफे में भारतीय मूल के एक कैफे संचालक ने यह चाय लॉन्च की है। जैसे ही इस चाय की जानकारी सोशल मीडिया पर आई, यह चर्चा में आ गई। क्या है इस चाय की खासियत और क्यों लोग कर रहे हैं इसकी बातें, आइए जानते हैं।

इसलिए खास है यह कड़क चाय


जानकारी के अनुसार दुबई के बोहो कैफे के मालिक सुचेता शर्मा ने इस लखटकिया कड़क चाय को लॉन्च किया है। यह कैफे डीआईएफसी के एमिरेट्स फाइनेंशियल टावर में पिछले महीने ही खोला गया है। चाय को नाम दिया गया है ‘गोल्ड करक चाय’। इस चाय में 24 कैरेट सोने की पत्तियां डाली गई हैं। वहीं इसे शुद्ध चांदी के एक खूबसूरत कप में परोसा जाता है। यानी इस चाय में असली सोने का स्वाद आता है। हालांकि इसकी कीमत 5000 संयुक्त अरब अमीरात दिरहम यानी करीब एक लाख एक हजार रुपए है।

दो विकल्प हैं उपलब्ध

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कैफे के मालिक सुचेता शर्मा का कहना है कि हर चाय के साथ गेस्ट को गोल्ड-डस्टेड क्रोइसैन और सिल्वर वेयर दिया जाता है। जिसे गेस्ट अपने घर ले जा सकता है। अगर गेस्ट सिर्फ गोल्ड टी पीना चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए करीब 150 दिरहम यानी करीब साढ़े तीन हजार रुपए खर्च करने होंगे।

शामिल हैं कई अनोखी सोने की डिशेज

इस कैफे में आप सोने की धूल में डूबे क्रोइसैन भी खा सकते हैं। कैफे में आपको गोल्ड कॉफी भी मिल जाएगी, जिसकी कीमत भी करीब एक लाख रुपए ही है। इसी के साथ गोल्ड आइसक्रीम, गोल्ड बर्गर, गोल्ड-इन्फ्यूज्ड वाटर भी यहां उपलब्ध है। हालांकि कैफे में आपको बजट फ्रेंडली मेन्यू भी मिलता है।

यह है दुनिया की सबसे महंगी चाय

अगर आप ये सोच रहे हैं कि गोल्ड टी दुनिया की सबसे महंगी चाय है तो आप गलत सोच रहे हैं। क्योंकि दुनिया की सबसे महंगी चाय का नाम है ‘दा-होंग पाओ टी’। इस चाय की कीमत करीब 9 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम यानी 1.2 मिलियन डॉलर है। यह एक दुर्लभ चाय है, जो चीन के फुजियान प्रांत के वुई पहाड़ों में उगाई जाती है। यह चाय इतनी दुर्लभ है कि इसे ‘राष्ट्रीय खजाना’ माना जाता है। इसके पौधों को मदर्स ट्री कहा जाता है। यह चाय कई औषधीय गुणों से भरी है। इसे पीने से कई गंभीर रोग ठीक हो सकते हैं। यह चाय जितनी खास है, इसका इतिहास भी उतना ही अनोखा है। माना जाता है कि चीन के मिंग राजवंश से यह चाय जुड़ी है। मिंग राजवंश के एक सम्राट ने अपनी बीमार मां के इलाज के लिए अपने वस्त्र तक दान कर दिए थे, जिसके बाद उन्हें यह चाय मिली थी।

मैं अंकिता शर्मा। मुझे मीडिया के तीनों माध्यम प्रिंट, डिजिटल और टीवी का करीब 18 साल का लंबा अनुभव है। मैंने राजस्थान के प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थानों के साथ काम किया है। इसी के साथ मैं कई प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों की एडिटर भी...