जब मियां-बीवी राज़ी तो क्या करेगा काज़ी? यह कहावत सोनी सब पर प्रसारित होने वाले शो “जीजाजी छत पर हैं” के किरदारों इलायची और पंचम पर बिल्कुल फिट बैठती है। सोनी सब की प्रिय और मजेदार रोमांटिक कॉमेडी “जीजाजी छत पर हैं” में अब तक का सबसे बड़ा टिवस्ट आने वाला है। इन प्रेमियों के लिए पिछला साल उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा। पंचम और इलायची अपने प्यार की मंजिल हासिल करने के करीब पहुंच गए हैं। अब शो में जल्द ही उनकी शादी की शहनाइयां बजने वाली हैं।

वह समय आ चुका है, कि वह दोनों शादी करके हंसी-खुशी रह सकें। लेकिन घर पर ढेर सारी मुश्किलें होने और अभी तक अपने संबंधों के गुप्त रहने के कारण उन्होंने चोरी-छिपे शादी करने का ही फैसला किया। अपनी शादी को छिपाकर ही वह अपने गैरपारंपिक और फिल्मी ढंग के प्यार को सुरक्षित रह सकते हैं।

फैंस इस शो में काफी गुदगुदाने वाली हास्यापद स्थितियां तब देखेंगे, जब इलाइची और पंचम का यह जोड़ा चोरी-छिपे शादी करके घर लौटेगा और अपनी जिंदगी बिताएगा। लेकिन वह अपनी इस गुप्त शादी को इलाइची के माता-पिता मुरारी और करुणा से छिपाएंगे। शो के आगे आने वाले एपिसोड में तकरार और लड़ाई की काफी आकर्षक घटनाओं के साथ इस पर दिलचस्प प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलेंगी।

इलाइची का किरदार निभाने वाली हिबा नबाब ने कहा, “दिल्ली से मेरा भावनात्मक जुड़ाव मेरे मन को काफी प्रसन्नता से भर देता है। मैं बहुत खुश हूं कि हम शादी की तैयारियों के लिए दिल्ली आए हैं। इलाइची उस तरह की लड़की है, जो वही करती है, जो उसका दिल करता है। उसकी शादी यह दिखाती है कि जो वह विश्वास करती है, उस पर टिकी रहती है। जब अब सारे फैंस इलाइची और पंचम की शादी को सपोर्ट कर रहे हैं तो यह देखकर मुझे काफी हैरत हो रही है क्योंकि वह अच्छी तरह समझते हैं कि सच्चा प्यार उनके चरित्र की विविधिता का हिस्सा है, जिससे यह शो और भी रोमांचक बन जाता है।

पंचम का रोल निभाने वाले निखिल खुराना ने कहा, “मैं दिल्ली आकर बेहद खुश हूं। यह मुझे घर जैसा लगता है। यहां लोग काफी दिलचस्प है। जब भी हम दिल्ली आते हैं तो हमें अपने फैंस का बहुत ज्यादा प्यार मिलता है। यह काफी मजेदार है क्योंकि इस शो में अब पंचम और इलाइची की शादी होने वाली है और इसके लिए वह दोनों इंतजार कर रहे हैं। अपने फैंस से मिलने का मौका मेरे लिए बहुत खुशी देने वाला है। हमारे फैंस ने हमें शुरू से अब तक काफी सपोर्ट किया है।”
