दिवाली सभी बच्चों के लिये खुशी और आनंद के क्षण लाता है। बच्चे पूरे साल इस त्यौहार के आने का इंतजार करते है। वे इसे मनाना बहुत पसन्द करते है क्योंकि वे इस दिन बहुत मस्ती करते है। वे कक्षाओं में अपने मित्रों से दिवाली की तैयारी, जश्न और अन्य चीजों के बारे में चर्चा करते है। ऐसे में जरुरी है कि बच्चों को कुछ इनोवेटिव आइडियाज के बारे में बताएं  व  करने  को कहें, जिससे बच्चों को कुछ नया सिखने में  मदद मिले ।

मोमबत्ती बनवाएं 

दिवाली के दौरान दिए और मोमबत्तियां  घर के मुख्य आकर्षण होते हैं। इसलिए बच्चों के लिए कुछ स्पार्कल ग्लू, वैक्स और क्रेयॉन्स इकट्ठे करके  मोमबत्तियां बनाने में उनकी मदद करें। इसके लिए दस्ताने जरूर पहनें  ताकि आपके और बच्चे की त्वचा पर गर्म मोम न गिरे।  मोम  को पिघलाए और पिघले हुए रंगीन मोम को एक दीया में डालें। एक बार मोम जमने के बाद,इसे केस से हटा दें और स्पार्कल ग्लू से सजाएं।

दीए को सजाएं 

दिवाली रोशनी का त्योहार  है और इसका मज़ा तब तक अधूरा है जब तक आपके घर के हर एक कोने में दिए की रोशनी न हो। यदि आपके घर में पिछली दिवाली के दिए भी रखे हैं तो उन्हें हटाने की बजाय बच्चों से उसमें पेंट करवाएं और उन्हें मिरर या स्टार से सजाने को कहें । बच्चों के द्वारा कलर किए गए दिए जब दिवाली में प्रज्ज्वलित किये जाएंगे तो दिवाली की रोशनी में चार-चांद लग जाएंगे।  

रंगोली बनवाएं 

दिवाली के दौरान अपने बच्चों को रंगीन पाउडर , आटे या हल्दी और लकड़ी के रंगीन बूरे की सहायता से रंगोली बनाना सिखाएं। इसके अलावा इंटरनेट से कुछ सरल और अच्छी रंगोली डिजाइन निकालकर बच्चों को सिखाएं। बच्चों के अंदर कम्पटीशन की भावना होती है इसलिए उनके बीच रंगोली मेकिं ग प्रतियोगिता आयोजन करें ताकि वो और अच्छी रंगोली बना सके ।

ग्रीटिंग कार्ड  बनवाएं

अपने बच्चों के लिए कुछ कागज और पेंट लाएं और इंटरनेट से कुछ खूबसूरत दिवाली से संबंधित तस्वीरें डाउनलोड करें और बच्चों को अपने रिश्तेदारों के लिए ग्रीटिंग बनाने को कहें।  इससे बच्चों के अंदर अपने  रिश्तेदारों के लिए प्यार और सम्मान की भावना जागृत होगी। कार्ड को रंगने के लिए क्रेयॉन्स का उपयोग करें और विभिन्न कार्ड के लिए बेस शेड बनाएं। 

बैनर  बनवाएं

जन्मदिन और अन्य समारोहों में बैनर का उपयोग किया जाता है, और दिवाली के लिए भी यही किया जा सकता है। इसलिए बच्चों  से कहें कि  वो भी घर में मौजूद सरल वस्तुओं का उपयोग करें और  बैनर बनाएं । इसके लिए बच्चे रंगीन पेपर को कई ब्लॉकों में विभाजित करके कर सकते हैं ।

बैलून के पटाखे

हालांकि पटाखे एक ऐसी चीज है जिसे बच्चे दिवाली के लिए तैयार करते हैं, लेकिन पर्यावरण पर पटाखे के नकारात्मक प्रभावों को महसूस करना भी महत्वपूर्ण है। आप बच्चों को पटाखे के हानिकारक प्रभावों के बारे में सचेत  करते हुए उन्हें बैलून वाला पटाखा बनाने को कहें मतलब वो  बैलून में रंग-बिरंगे कागज और ग्लिटर डालकर उन्हें तैयार करें , फिर बैलून में बारी-बारी से दीपक छुआ देंगे। बस, हल्के ‘ठा’ की आवाज के साथ ही चारों ओर उड़ेंगे रंगीन कागज, हर ओर होगी, जगमगाहट।

स्टोरी टेलिंग

बच्चों को अपनी पौराणिक कथाओं के माध्यम से धार्मिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना चाहिए।  भगवान राम की बुराई पर जीत और अयोध्या में उनकी विजयी वापसी की कहानी का वर्णन करना, एक अच्छी कहानी हो सकती है।यदि आप एक अपार्टमेंट या सोसाइटी में रहते हैं तो बच्चों को कोई नाटक या कथा वाचन के लिए भी प्रेरित कर सकते हैं। 

बच्चों में ढूढें शेफ

कुछ बच्चे खाना पकाने का आनंद लेते हैं, यदि आपका बच्चा उनमें से एक है, तो उन्हें सरल व्यंजनों को सिखाएं जो आप दिवाली पर बनाते हैं। दिवाली अपने बच्चों को खाना बनाने के लिए एक बढ़िया समय है। बच्चों को गैस में बनने वाले व्यंजनों से दूर रखें लेकिन उनसे किसी स्वादिष्ट व्यंजन की तैयारी में मदद लें।  जैसे बच्चों को मठरी या पूरियां बेलने को कहें।