मेरे चाचा की उम्र 55 साल है। पिछले पांच माह से उनके क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ा हुआ है। यह स्तर 13 एमजी तक पहुंच गया, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्हें सूजन या पेशाब के रास्ते में जलन जैसी कोई समस्या नहीं है। अस्पताल में डायलिसिस के बाद किडनी प्रत्यारोपण का सुझाव दिया। क्या किडनी प्रत्यारोपण कराना जरूरी है।
– सविता कुमारी, पटना
 
यदि क्रिएटिनिन 3 महीने से अधिक समय तक अधिक स्तर पर है तो इसका संकेत है कि बीमारी पुरानी है, बढ़ रही है और पूर्व स्थिति में वापस नहीं जाया जा सकता है। कई बार संक्रमण, दर्द निवारक दवाइयों के इस्तेमाल और उच्च शक्ति वाले एंटीबायोटिक के सेवन से भी क्रिएटिनिन के स्तर में उछाल आ जाता है। जब ऐसे कारण का निवारण हो जाता है तो क्रिएटिनिन का स्तर वापस आ जाता है। 13 एमजी क्रिएटिनिन बहुत अधिक माना जाता है। 55 वर्ष के व्यक्ति में इतना क्रिएटिनिन है तो इसका मतलब है कि किडनी 7 प्रतिशत काम कर रही है। इतना क्रिएटिनिन होने पर डायलिसिस की मदद से किडनी के फंक्शन को सामान्य किया जाना चाहिए। क्रिएटिनिन स्तर अधिक बना रहता है तो किडनी ट्रांसप्लांट कराना चाहिए। जब तक किडनी प्रत्यारोपण नहीं हो जाता तब तक डायलिसिस जारी रखनी चाहिए।