Summary: प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा ने एयर इंडिया पर लगाया अनप्रोफेशनल होने का इल्जाम
प्रियंका चोपड़ा की कजिन मीरा चोपड़ा ने एयर इंडिया पर आरोप लगाया कि गेट बदलने की जानकारी न मिलने के कारण उनकी फ्लाइट छूट गई और एयरपोर्ट स्टाफ ने उनकी मदद नहीं की। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए उनके पोस्ट के बाद बहस छिड़ गई।
Meera Chopra Flight Incident: हवाई सफर को आसान और समय बचाने वाला माना जाता है। लेकिन कई बार यही सफर यात्रा करने वालों के लिए तनाव और असुविधा का कारण बन जाता है। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक मामला चर्चा में आया, जब प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा ने एयरलाइन एयर इंडिया के साथ अपने कथित खराब अनुभव के बारे में लिख दिया। हालांकि, इस पर एयर इंडिया ने भी सफाई दी।
प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा के साथ क्या हुआ?
Can domestic travel ever be comfortable. @airindia i missed my flight sitting at the airport. You changed the gate without informing, no call, no email, no call. Booked a new flight and nobody frm @airindia is bothered to help regarding a new flight. Tortured and harrased by…
— Meerra Chopraa (@MeerraChopra) February 16, 2026
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की कजिन मीरा चोपड़ा ने दावा किया कि वह समय पर एयरपोर्ट पहुंची थीं, लेकिन बोर्डिंग गेट बदल दिए जाने की जानकारी न मिलने के कारण उनकी फ्लाइट छूट गई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि उन्हें गेट बदलने की कोई सूचना नहीं मिली, न तो कॉल आया, न ही मैसेज और न ही किसी तरह की ईमेल भेजी गई।
क्या लिखा मीरा चोपड़ा ने?
मीरा ने अपने पोस्ट में लिखा, “क्या घरेलू यात्रा कभी आरामदायक हो सकती है? @airindia एयरपोर्ट पर बैठे-बैठे मेरी फ्लाइट छूट गई। आपने बिना बताए गेट बदल दिया, कोई कॉल नहीं, कोई ईमेल नहीं, कोई कॉल नहीं। मैंने नई फ्लाइट बुक की और @airindia से किसी ने नई फ्लाइट के बारे में मदद करने की जहमत नहीं उठाई। एयरपोर्ट स्टाफ ने मुझे टॉर्चर किया और परेशान किया। @airindia का यह सबसे बुरा हाल है।”
मीरा के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस
मीरा का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने एक्ट्रेस को सपोर्ट करते हुए कहा कि अक्सर गेट बदलने की सूचना अंतिम समय में दी जाती है, जिससे यात्रा करने वालों को दिक्कत होती है। वहीं कुछ लोगों ने यह भी तर्क दिया कि एयरपोर्ट पर लगातार डिस्प्ले बोर्ड और अनाउंसमेंट पर ध्यान देना भी यात्री की जिम्मेदारी है।
जवाब में क्या लिखा एयर इंडिया ने?
Dear Ms. Chopra, we understand that missing a flight can be quite stressful. The gate was changed due to operational reasons, and a notification regarding the change was sent to your registered contact details. Since you have now booked a different flight, please let us know if…
— Air India (@airindia) February 16, 2026
विवाद बढ़ता देख एयर इंडिया ने भी उसी प्लेटफॉर्म पर जवाब दिया। एयर इंडिया ने अपने पोस्ट में लिखा, “प्रिय मिस चोपड़ा, हम समझते हैं कि फ्लाइट छूटना काफी स्ट्रेसफ़ुल हो सकता है। ऑपरेशनल कारणों से गेट बदला गया था, और बदलाव के बारे में एक नोटिफिकेशन आपकी रजिस्टर्ड कॉन्टैक्ट डिटेल्स पर भेज दिया गया था। क्योंकि अब आपने एक अलग फ्लाइट बुक कर ली है, इसलिए अगर आपको और मदद चाहिए तो कृपया हमें बताएं।”
मीरा ने खारिज किया एयर इंडिया के स्पष्टीकरण को
एक्ट्रेस मीरा ने एयरलाइन के इस स्पष्टीकरण को खारिज कर दिया। उन्होंने दोबारा पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार की सूचना नहीं मिली। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गेट पर मौजूद ग्राउंड स्टाफ ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और मदद करने के बजाय केवल “हम कुछ नहीं कर सकते” कहकर पल्ला झाड़ लिया।
मीरा चोपड़ा का करियर
मीरा चोपड़ा हाल ही में फिल्म “द वर्ल्ड ऑफ सफेद” में नजर आई थीं, बरखा बिष्ट, छाया कदम और जमील खान भी इसमें नजर आए थे। इस फिल्म का लेखन, निर्देशन और निर्माण संदीप सिंह ने किया था।

